हिंदू समाज को पश्चिम में अपने शिक्षा संस्थान खड़े करने की आवश्यकता क्यों है
- पश्चिम में हिंदू युवाओं को पढ़ाई और कैंपस गतिविधियों में ऐसे पाठ्यक्रम झेलने पड़ते हैं जो उन्हें अपनी जड़ों से दूर कर देते हैं। जाति की बहस और वोक सोच उनकी पहचान को कमज़ोर करती है।
- पश्चिमी शिक्षा जगत में हिंदूफ़ोबिया गहरी पकड़ बना चुका है। लगभग हर विषय में ज़बरन “जाति” का मुद्दा जोड़ दिया जाता है, जिससे हिंदू छात्रों में अपराधबोध और शर्म की भावना पैदा होती है। पढ़ाई में हिंदू धर्म को हमेशा दमनकारी दिखाया जाता है।
- कैंपस एक्टिविज़्म, जो अक्सर वामपंथी और इस्लामिस्ट ताक़तों के साथ जुड़ा होता है, हिंदू युवाओं को ऐसे आंदोलनों में धकेलता है जो उनकी ही विरासत को बदनाम करते हैं।
- ईसाई समाज ने पश्चिम में शिक्षा और अपने मूल्यों को जोड़कर मज़बूत विश्वविद्यालय बनाए, लेकिन हिंदुओं ने अब तक ऐसा कोई बड़ा प्रयास नहीं किया।
- अगर हिंदू समाज अपने विश्वविद्यालय बनाए, तो शोध में संतुलन आएगा, साधकों की दृष्टि शामिल होगी, और हिंदू युवाओं को अपनी पहचान पर गर्व करने वाला माहौल मिलेगा।
जून 2025 में अमेरिका की सुप्रीम कोर्ट ने माता-पिता की पसंद के पक्ष में एक अहम फ़ैसला सुनाया। कई धर्मों के अभिभावकों ने यह मांग की थी कि उनके छोटे बच्चों को ऐसी किताबें पढ़ने से छूट दी जाए, जिनमें LGBTQ+ विषय शामिल हों।[1] कोर्ट ने इस मांग को मानते हुए अभिभावकों को “ऑप्ट-आउट” का अधिकार दिया। इसका मतलब है कि अगर माता-पिता चाहें तो उनके बच्चों को स्कूल में इस तरह की किताबें पढ़ने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।
यह निर्णय उस समय आया है जब पश्चिमी देशों के स्कूल पाठ्यक्रम में “समावेशिता” और “जागरूकता” के नाम पर लगातार LGBTQ+ और लैंगिक पहचान से जुड़ी सामग्री शामिल की जा रही है। कम उम्र के बच्चों को ऐसे संवेदनशील विषयों से परिचित कराना कई समस्याएँ खड़ी करता है। अक्सर बच्चे छोटी उम्र में ही अपनी पहचान को लेकर उलझन महसूस करने लगते हैं। जिस उम्र में उनमें इतनी समझ भी नहीं होती, उस समय इस तरह के विषय थोपना उनके भविष्य के लिए हानिकारक साबित हो सकता है। यह साफ़ संकेत है कि शिक्षा तंत्र वोक विचारधारा के प्रभाव में काफ़ी आगे बढ़ चुका है।
हालाँकि इसका असर सब पर पड़ता है, लेकिन वोकिज़्म से हिंदू युवाओं को सबसे ज़्यादा मुश्किलें झेलनी पड़ती हैं। वोक सोच के तहत अक्सर ऐसे समूह साथ आते हैं जो ख़ुद को पीड़ित दिखाते हैं। वामपंथी और इस्लामिस्ट नेटवर्क इन्हीं तरीकों से हिंदुओं को दमनकारी साबित करते हैं। क्रिटिकल रेस थ्योरी और इंटरसेक्शनैलिटी जैसी पढ़ाई में महिलाओं, LGBTQ+ लोगों और मुस्लिमों को हमेशा “पीड़ित” माना जाता है। फिर जाति के मुद्दे को बढ़ाकर हिंदू धर्म को इन सबका विरोधी और दबाने वाला बताकर बदनाम किया जाता है।
वोकिज़्म ने स्कूलों और कॉलेजों में हिंदू-विरोधी सोच को और बढ़ावा दिया है। “कास्ट सेंसिटाइजेशन” वर्कशॉप, पक्षपाती रिसर्च और सामाजिक विज्ञान की पढ़ाई में हिंदू धर्म और संस्कृति को नकारात्मक रूप में दिखाया जाता है। इससे ऐसा माहौल बनता है जिसमें हिंदू पहचान को ही कलंकित किया जाता है। हिंदू छात्रों को आत्मविश्वास देने की बजाय उन पर दबाव डाला जाता है कि वे अपने धर्म और संस्कृति पर लगाए गए झूठे आरोपों को सही मानें और उन संघर्षों से जुड़ें जिनसे उनका कोई लेना-देना नहीं है।
नतीजा यह होता है कि हिंदू युवा अपनी जड़ों से कट जाते हैं। विदेशों में रहने वाले हिंदू युवा न सिर्फ़ अपनी सभ्यता से दूर होते हैं, बल्कि एक तनावपूर्ण माहौल में फँस जाते हैं। कभी एक्टिविज़्म, कभी सोशल मीडिया ट्रोलिंग और कभी सार्वजनिक शर्मिंदगी के ज़रिये उन पर हिंदू-विरोधी सोच थोपने की कोशिश की जाती है। सबसे ख़तरनाक बात यह है कि पश्चिम में हिंदू युवाओं को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि वे ख़ुद ही हिंदू-विरोधी बातें आगे बढ़ाएँ।
पक्षपाती पाठ्यक्रम, दोस्तों का दबाव और विचारधारा-आधारित ब्रेनवाशिंग मिलकर हिंदू युवाओं के लिए लम्बी समस्या बन गए हैं। अगर इसे जल्द न रोका गया, तो इसके बहुत बुरे नतीजे सामने आ सकते हैं। हो सकता है कि पूरी की पूरी पीढ़ी अपनी संस्कृति और सभ्यता से कटकर ऐसे ज़हरीले नैरेटिव का हिस्सा बन जाए, जो उनकी पहचान और विरासत को मिटाने पर आमादा है।
कैंपस कट्टरता और हिंदू युवाओं का अपनी जड़ों से अलगाव
StopHindudvesha प्लेटफ़ॉर्म ने हार्वर्ड और अमेरिका की अन्य बड़ी यूनिवर्सिटियों के संदिग्ध फंडिंग नेटवर्क की गहन कवरेज की है। हमारा विश्लेषण यह दिखाता है कि इन संस्थानों को मिलने वाली बड़ी फंडिंग और हाल के समय में कैंपस पर बढ़ती यहूदी-विरोधी प्रवृत्ति तथा “स्टूडेंट्स फॉर जस्टिस इन पलेस्टाइन” (SJP) जैसे समूहों की तरफ़ से चलाये जा रहे हमास-समर्थक आंदोलनों के बीच सीधा संबंध है। 7 अक्टूबर के हमास आतंकी हमले के बाद, अमेरिकी विश्वविद्यालयों में आयोजित कई रैलियों में आतंकियों को “शहीदों” के रूप में महिमामंडित किया गया, और आतंकवाद से जुड़ी हिंसा के “ग्लोबलाइज़ेशन” तक की माँग उठने लगी। इन रैलियों में खुलेआम यहूदी राष्ट्र इज़राइल के अस्तित्व को जड़ से मिटाने तक की माँग उठाई गयी।[2]
यह कैंपस एक्टिविज़्म, जो वोक, वाम-उदारवादी, और कट्टरपंथी इस्लामिस्ट ताक़तों की मिलीभगत है, अब किसी भी समुदाय को अछूता नहीं छोड़ रहा। हिंदू-अमेरिकी युवा भी इस खतरनाक आंदोलन में खिंचते चले जा रहे हैं, जहाँ उन्हें सुनियोजित ढंग से ब्रेनवॉश कर एक मोहरे के तौर पर उनका इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्हें कुछ इस प्रकार से बरगलाया जा रहा है जिससे वे आतंकवाद के समर्थक बन जायें और अपनी सांस्कृतिक तथा सभ्यतागत जड़ों से ख़ुद ही कटते चले जाएं।
पिछले 2-3 सालों में कई भारतीय मूल के छात्रों को अमेरिका में कैंपस पर pro-Gaza एक्टिविज़्म के कारण गिरफ़्तार किया गया है, जिनमें हिंदू-अमेरिकी युवा भी शामिल पाए गए। अप्रैल 2024 में प्रिंसटन यूनिवर्सिटी की छात्रा अचिन्त्या सिवालिगन को अपने साथियों के साथ यूनिवर्सिटी परिसर में तंबू गाड़कर विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। अचिन्त्या का जन्म कोयंबटूर (तमिलनाडु) में हुआ था और उनका पालन-पोषण कोलंबस, ओहायो में हुआ।[3] [4] इसी तरह, जून 2025 में MIT की स्टूडेंट बॉडी प्रेसीडेंट मेघा वेमुरी को pro-Palestine भाषण देने के बाद अपने ही ग्रेजुएशन समारोह में शामिल होने से रोक दिया गया।[5]
ऐसे मामलों से एक अहम सवाल खड़ा होता है—आख़िर हिंदू-अमेरिकी युवा कैंपस पर वोक एक्टिविज़्म के इतने आसान शिकार क्यों बन रहे हैं? इसके पीछे कई कारण हैं—साथियों का दबाव, अकादमिक ब्रेनवॉशिंग, सांस्कृतिक और धार्मिक मूल्यों से दूरी, और सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव। पश्चिमी माहौल में पले-बढ़े ये युवा लगातार हिंदू-विरोधी विमर्श से घिरे रहते हैं। इसके अलावा वोक तंत्र असहमति की हर आवाज़ को ट्रोलिंग और पब्लिक शेमिंग के माध्यम से दवाब डालने की पूरी कोशिश करता है। ऐसे में वैकल्पिक सहारा न मिलने पर हिंदू छात्र अक्सर इस दबाव के आगे झुक जाते हैं।
रिद्धि पटेल की दुखद कहानी इस कमज़ोरी को स्पष्ट रूप से दिखाता है। 28 वर्षीय भारतीय-अमेरिकी पटेल को अप्रैल 2024 में बेकर्सफ़ील्ड, कैलिफ़ोर्निया में गिरफ़्तार किया गया, क्योंकि उन्होंने एक pro-Palestine भाषण के दौरान स्थानीय सिटी काउंसिल के सदस्यों और मेयर को जान से मारने की धमकी दी। उनके इस तथाकथित pro-Palestine भाषण में हिंदू-विरोध भी कूट कूट कर भरा था—उन्होंने नवरात्रि को “उत्पीड़कों का त्योहार” बताया, और हत्या की धमकी देने से ठीक पहले महात्मा गांधी और यीशु मसीह का हवाला दिया।[6]
हालाँकि हिंदू-अमेरिकी समुदाय ने उनकी बयानबाज़ी से तुरंत ही दूरी बना ली और उनके हिंदू-विरोधी रवैये की कड़ी निंदा भी की, लेकिन रिद्धि का मामला पूरे हिंदू अमेरिकी समुदाय के लिये एक सख़्त चेतावनी है। भले ही रिद्धि पटेल औसत हिंदू-अमेरिकी युवाओं का प्रतिनिधित्व न करती हों, पर उनका उदाहरण बताता है कि किस आसानी से युवा हिंदू-विरोधी विमर्श और कट्टरपंथी विचारधाराओं के जाल में फंस सकते हैं, और इस कदर ब्रेनवाश हो सकते हैं कि वे अपने जीवन को और अपने परिवार की भलाई तक को दांव पर लगा दें।
पश्चिमी देशों में बसे कई हिंदू माता-पिता अपने बच्चों को संस्कृति, परंपराओं और हिंदू मूल्यों की शिक्षा देने की भरसक कोशिश करते हैं। इसके बावजूद, वोक-प्रधान शैक्षणिक माहौल में कई युवा ब्रेनवाशिंग का शिकार हो जाते हैं। कॉलेज और विश्वविद्यालय का वातावरण विशेष रूप से हिंदू मूल्यों के प्रति संवेदनशील नहीं है, जिससे पश्चिम की हिंदू युवा पीढ़ी के मन में सांस्कृतिक द्वन्द और अंततः अपनी जड़ों से अलगाव की स्थिति उत्पन्न होती है। समस्या यह भी है कि पश्चिमी संस्कृति में जो “पर्सनल स्पेस” की अवधारणा है, उसके चलते माता-पिता अपने वयस्क बच्चों का ज़्यादा नज़दीक से मार्गदर्शन नहीं कर सकते। यह दूरी युवाओं और उनकी जड़ों के बीच की खाई को और भी ज़्यादा गहरा कर देती है।
यह दुविधा Coalition of Hindus of North America (CoHNA) की महासचिव शोभा स्वामी की मार्मिक कहानी से और भी ज़्यादा उजागर होती है। Infinity Foundation को दिए एक इंटरव्यू में शोभा ने साझा किया कि कैसे वोकिज़्म हिंदू-अमेरिकी परिवारों को निशाना बना रहा है। उन्होंने और उनके पति ने अपनी बेटियों को हिंदू मूल्यों और संस्कृति में ढालने की पूरी कोशिश की। लेकिन जैसे ही बेटियाँ उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज पहुँचीं, वे वोकिज़्म और हिंदूफ़ोबिया की तरफ़ खिंचती चली गयीं। उन्होंने परिवार के साथ त्योहार मनाना और पूजा-पाठ तक में शामिल होना छोड़ दिया, और ग्रेजुएशन के बाद माँ के साथ मंदिर जाने तक से इनकार करने लगीं।शोभा स्वामी को सबसे ज़्यादा आघात तब लगा जब उन्हें पता चला कि उनकी एक बेटी को इक्वेलिटी लैब्स जैसे कट्टर हिंदू-विरोधी संगठन द्वारा प्रशिक्षित किया जा रहा है।[7] [8]
अकादमिक हिंदूफ़ोबिया और जातिगत विमर्श
हमारे प्लेटफ़ॉर्म ने पश्चिमी एकेडेमिया में व्याप्त हिंदूफोबिया की विस्तृत कवरेज की है। हमारा विश्लेषण यह दिखाता है कि पश्चिमी अकादमिक जगत में पनपा हिंदूफ़ोबिया ही वह मूल स्रोत है, जिससे निकला हुआ हिंदू-विरोधी विमर्श आगे चलकर मीडिया, क्रिएटिव इंडस्ट्रीज़, सोशल मीडिया और बुद्धिजीवी संस्थानों के तंत्र तक पहुँचता है।[9]
Breaking India: Western Interventions in Dravidian and Dalit Faultlines में राजीव मल्होत्रा और अरविंदन नीलकंठन ने उस शुरुआती दौर का विश्लेषण किया है, जब औपनिवेशिक इंडोलॉजिस्टों यानी भारतविदों ने हिंदू परंपराओं के ख़िलाफ़ शत्रुतापूर्ण विमर्श के बीज बोए। इसके बाद Snakes in the Ganga: Breaking India 2.0 में राजीव मल्होत्रा और विजया विस्वनाथन ने दिखाया कि किस तरह हार्वर्ड जैसे प्रतिष्ठित पश्चिमी विश्वविद्यालयों का फंडिंग नेटवर्क सुनियोजित रूप से हिंदू -विरोधी भावना को बढ़ावा देता है, ख़ासकर सामाजिक विज्ञान और मानविकी संबंधित विषयों के पाठ्यक्रमों के ज़रिए।
इस संदर्भ में Ten Heads of Ravana: A Critique of Hinduphobic Scholars भी एक बेहद महत्वपूर्ण पुस्तक है, जो पश्चिमी अकादमिक जगत के जाने-माने शिक्षाविदों की स्कालरशिप में व्याप्त हिंदूफोबिया का गहन विश्लेषण करती है। राजीव मल्होत्रा और दिव्या रेड्डी द्वारा संपादित यह पुस्तक ऑड्री ट्रुशके, वेंडी डोनिगर, शेल्डन पोलक और माइकल विटज़ेल सरीखे प्रसिद्ध पश्चिमी विद्वानों की हिंदू परंपराओं के प्रति गहरी पक्षपातपूर्ण और शत्रुतापूर्ण दृष्टि का पर्दाफाश करती है।
यह समस्या सिर्फ़ “Hindu Studies” तक सीमित नहीं है। पूरा सामाजिक विज्ञान और मानविकी का ढांचा हिंदू-विरोधी दृष्टिकोण से प्रभावित है। पश्चिमी अकादमिक जगत, ख़ास तौर पर, “जाति” विमर्श को जिस तरह से उछालता है, वह उसके हिंदू-विरोधी रवैये का सबसे बड़ा प्रमाण है। प्रतिष्ठित पश्चिमी विश्वविद्यालय अक्सर उन विषयों में भी जबरन जातिगत का एंगल जोड़ देते हैं, जिनका इस विषय से दूर दूर तक कोई लेना देना नहीं है। इसका नतीजा यह निकलता है कि जाति को लेकर ऐसे बेतुके सिद्धांत गढ़े जाते हैं, जो असंबंधित विषयों को भी विकृत कर देते हैं। नतीजन, पश्चिम में पढ़ रहे हिंदू युवाओं पर लगातार यह दबाव डाला जाता है कि वे अपनी पहचान को लेकर शर्मिंदगी महसूस करें। बार-बार दोहराए जाने वाले “जाति नैरेटिव” उन्हें जन्मजात उत्पीड़क के रूप में पेश करते हैं।
यह दबाव अब एक संस्थागत रूप ले चुका है—स्कूलों और विश्वविद्यालयों में caste sensitization workshops आयोजित कर[10] [11] हिंदू छात्रों को निशाना बनाया जाता है, और ऐसा दिखाया जाता है कि मानो पूरा समुदाय ही दुनिया का शोषक वर्ग हो। इससे युवाओं का आत्मविश्वास डगमगाता है, और वे अपनी सभ्यतागत पहचान से और भी ज़्यादा दूर होते जाते हैं।
जातिवाद का नैरेटिव अब पश्चिम में इतनी गहरी पैठ बना चुका है कि अंतरराष्ट्रीय मामलों तक में अब इसका दखल है। व्हाइट हाउस के ट्रेड एडवाइज़र पीटर नवारो ने भारत के रूस से तेल व्यापार को लेकर “ब्राह्मणों” पर निशाना साधा और पूरे समुदाय को मुनाफ़ाख़ोरी से जोड़ा। यह प्रवृत्ति दर्शाती है कि हिंदू-विरोध अब सिर्फ़ अकादमिक या मीडिया जगत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीति और भू-राजनीति में भी एक “फैशनेबल” मुद्दा बन गया है। वोकिज़्म से पोषित ऐसे बयान पश्चिम में हिंदुओं के प्रति व्याप्त शत्रुभाव को और भी ज़्यादा गहरा करते हैं, और वहाँ बसे पूरे हिंदू समुदाय को वैश्विक विवादों में जबरन घसीट, उन्हें बलि का बकरा बना देते हैं।
क्यों हिंदू समुदाय को अपने विश्वविद्यालय स्थापित करने चाहिए
पश्चिम में बसे हिंदू समुदाय ने बच्चों और युवाओं के लिए धर्मिक शिक्षा का बुनियादी ढांचा खड़ा करने के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है। लेकिन आधुनिक शिक्षा को हिंदू मूल्यों और दृष्टि से जोड़कर उच्च-शिक्षा संस्थान खड़े करने को लेकर अभी तक समुदाय ने कुछ ख़ास प्रयास नहीं किए।
पश्चिम में हिंदू धर्म, संस्कृति और ज्ञान परंपराओं को लेकर जागरूकता बढ़ाने के क्षेत्र में कुछ अग्रणी संस्थानों ने बेहद महत्वपूर्ण काम किया है। Hindu University of America, Hindu International University, Vivekananda Yoga University और Vedic Hindu University जैसी संस्थानों ने हिंदू स्टडीज़ को पश्चिमी परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत करने का काम किया है। हिंदू धर्म और संस्कृति से जुड़ी शिक्षा देने की प्रक्रिया में इन संस्थानों ने हिंदू धर्म के साधकों और अनुयायियों के दृष्टिकोण को भी पाठ्यक्रम में ख़ासा महत्व दिया, और सनातन धर्म व उससे जुड़े विषयों पर कई प्रामाणिक कोर्स भी उपलब्ध कराए। इसी तरह, American Institute of Vedic Studies ने भी हिंदू युवाओं को धर्मिक चिंतन से जोड़ने, और पश्चिमी समाज को हिंदू परंपराओं से जोड़ने में एक अहम भूमिका निभाई है।
लेकिन उनका दायरा बहुत सीमित है। पश्चिमी विश्वविद्यालयों के कैंपसों में वोक-वामपन्थ-इस्लामिस्ट विमर्श का दबदबा इतना गहरा है कि हिंदू युवा अक्सर धार्मिक दृष्टिकोण को संदेह की दृष्टि से देखते हैं, या उसे हल्के में लेते हैं। चूँकि वे सिर से लेकर पैर तक हिंदू विरोधी विमर्श में डूबे हुए हैं, हिंदू युवा अपनी ख़ुद की ही परंपराओं और संस्कृति को एक विकृत दृष्टि से देखने-समझने लगते हैं।
इसके अलावा, पश्चिमी विश्वविद्यालयों में हिंदू स्टडीज़ और इस्लामिक स्टडीज़ को पढ़ाने के रवैये में भी भारी असमानता देखने को मिलती है। अमेरिका की दर्जनों यूनिवर्सिटियों में इस्लामिक स्टडीज़ में एमए और पीएचडी स्तर तक के प्रोग्राम उपलब्ध हैं, लेकिन हिंदू स्टडीज़ शायद ही कहीं इस स्तर पर पढ़ाई जाती है। इसी तरह यहूदी स्टडीज़ के लिए भी अलग-अलग प्रोग्राम हैं, लेकिन हिंदू स्टडीज़ को अकादमिक रूप से उतनी तवज्जो नहीं मिलती।
यदि हम कोलंबिया, हार्वर्ड, न्यूयॉर्क, स्टैनफ़ोर्ड, जॉर्जटाउन, शिकागो, कैलिफ़ोर्निया (बर्कले), पेनसिल्वेनिया और येल जैसी प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटियों के कोर्स सूची देखें तो पायेंगे की ये सभी संस्थान इस्लामिक स्टडीज़ में अलग से कोर्स ऑफर करते दिखेंगे। लेकिन, हिंदू स्टडीज़ को अक्सर South Asian Studies जैसी व्यापक श्रेणियों के अंतर्गत डाल दिया जाता है। विडंबना यह है कि जहाँ इस्लामिक स्टडीज़ में इस्लामिस्ट दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए उसे गहराई से समझने पर ज़ोर दिया जाता है, वहीं हिंदू स्टडीज़ को अक्सर एक बेहद पक्षपाती और संकीर्ण ढाँचे में बांध कर, हिंदू-विरोधी पूर्वाग्रह और नकारात्मक अवधारणाओं को शोध का आधार बनाया जाता है।
उदाहरण के लिए, हार्वर्ड यूनिवर्सिटी का Prince Alwaleed Bin Talal Islamic Studies Program अपने मिशन स्टेटमेंट में कहता है कि वह “मुस्लिम और गैर-मुस्लिम दुनिया के बीच समझ की खाई को पाटने और यह सुनिश्चित करने का प्रयास करता है कि हॉर्वर्ड में इस्लामिक स्टडीज़ की पढ़ाई इस्लाम की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत और उसकी विविध सांस्कृतिक परंपराओं को प्रतिबिंबित करे”।[12] इसी तरह, न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में Middle Eastern and Islamic Studies के लिए एक अलग विभाग है, जिसका घोषित उद्देश्य इस्लामोफ़ोबिया का समाधान करना और इस्लाम तथा मुस्लिम दुनिया को लेकर एक संतुलित दृष्टिकोण प्रस्तुत करना है।[13]
इसके ठीक उलट, पश्चिमी विश्वविद्यालयों में हिंदू स्टडीज़ में हिन्दुओं की दृष्टि शायद ही कभी शामिल की जाती है। अध्ययन का मुख्य ढाँचा जातिगत विमर्श[14] [15] [16] और हिंदू-विरोधी भावनाओं से ग्रसित अन्य विचारधाराओं पर आधारित होता है।
इसी वजह से यह और भी ज़रूरी है कि पश्चिम में बसे हिंदू ऐसे उच्च शिक्षा संस्थान खड़े करें, जो आधुनिक अकादमिक उत्कृष्टता को भारतीय दृष्टि और मूल्यों से जोड़ें। इन विश्वविद्यालयों में STEM, मैनेजमेंट, सोशल साइंस, ह्यूमैनिटीज़ और आर्ट्स जैसे सामान्य कोर्स हों, साथ ही हिंदू सांस्कृतिक मूल्य, जीवन-दृष्टि और सभ्यतागत ज्ञान भी शामिल किया जाए। यहाँ दी जाने वाली शिक्षा का मक़सद जड़ों से दूरी नहीं, बल्कि उनसे जुड़ाव होना चाहिए। ऐसे संस्थान युवाओं को आधुनिक पेशों में सफल बनाने के साथ-साथ उनकी हिंदू पहचान को भी और मज़बूत करेंगे।
यह समझना ज़रूरी है कि पश्चिमी विश्वविद्यालयों में विभागों को फंडिंग देकर हिंदू स्टडीज़ बढ़ाने से हिंदू समाज को कोई वास्तविक लाभ नहीं होगा। उल्टा, इससे हिंदू-विरोधी सोच और भी मज़बूत होगी। इसलिए सही रणनीति यही है कि ऐसी यूनिवर्सिटियाँ बनाई जाएँ जो पूरी तरह हिंदुओं के स्वामित्व में हों, यानी जिन्हें हिंदू ही स्थापित और चलाएँ। शुरुआत इन संस्थानों में लिबरल आर्ट्स कोर्स से की जा सकती है, और धीरे-धीरे सभी विषयों तक पढ़ाई का विस्तार किया जाना चाहिए।
इस संदर्भ में हिंदुओं को किसी नये मॉडल की आवश्यकता नहीं है। पश्चिम में इस प्रकार की यूनिवर्सिटीज़ कई ईसाई मॉडल पहले से मौजूद हैं। University of San Diego गर्व से खुद को एक “आधुनिक कैथोलिक यूनिवर्सिटी” बताती है,[17] जिसकी दृष्टि कैथोलिक परंपरा से मज़बूत होती है। वहीं University of Notre Dame, जो अमेरिका के सबसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में से एक है, अपने मिशन को “आस्था का साहसिक कार्य” कहता है, जहाँ “आस्था और जिज्ञासा कभी एक-दूसरे के विरोधी नहीं होते।”[18]
यही परंपरा आइवी लीग विश्वविद्यालयों में भी साफ़ दिखती है। हार्वर्ड, येल, प्रिंसटन, यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनिया, ब्राउन, कोलंबिया, डार्टमाउथ और कॉर्नेल—इन सभी प्रतिष्ठित संस्थानों की नींव ईसाई परंपरा पर रखी गई थी। शुरुआत में इन्हें “अमेरिका के नेतृत्वकर्ताओं की ईसाई प्रशिक्षण भूमि” माना जाता था—पहले धर्मगुरुओं के लिए और फिर आगे चलकर हर क्षेत्र के नेताओं के लिए।[19]
इसी तरह ब्रिटेन की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटियाँ—जैसे ऑक्सफ़ोर्ड और कैम्ब्रिज—भी खुले तौर पर अपनी ईसाई विरासत को प्रदर्शित करती हैं, भले ही वे खुद को औपचारिक रूप से ईसाई विश्वविद्यालय न कहें।
हिंदुओं को ईसाई मॉडल से प्रेरणा लेनी चाहिए, और पश्चिम में विश्वस्तरीय उच्च-शिक्षा संस्थान खड़े करने चाहिए, जो आधुनिक वैज्ञानिक शिक्षा देने में पूरी तरह सक्षम हों, और साथ ही हिंदू मूल्यों और आदर्शों को सहेजकर आगे बढ़ाएँ।
हिंदू विश्वविद्यालयों के माध्यम से हिंदूफोबिया का प्रतिकार
पश्चिमी विश्वविद्यालयों के सामाजिक विज्ञान और मानविकी विभागों में होने वाला शोध गहरे हिंदूफ़ोबिया से भरा हुआ है। भारत पर किया गया कोई भी अध्ययन अक्सर ज़बरन “हिंदुत्व”, “हिंदू बहुसंख्यकवाद” और “जाति” जैसे विषयों से जोड़ दिया जाता है। हालात यह हैं कि “जाति” का विमर्श सोशल साइंस और ह्यूमैनिटीज़ ही नहीं, बल्कि पर्यावरण अध्ययन से लेकर विज्ञान और तकनीक तक के विषयों में भी जबरन घुसा दिया गया है।[20]
अगर हिंदू समुदाय पश्चिम में आधुनिक, प्रगतिशील और हिंदू दृष्टि से प्रेरित उच्च शिक्षा संस्थानों की स्थापना शुरू करे, तो धीरे-धीरे सामाजिक विज्ञान और मानविकी शोध की दिशा को सकारात्मक रूप से बदला जा सकता है। भले ही ऐसे संस्थानों की संख्या कम हो, लेकिन उनका अस्तित्व हिंदू-विरोधी पूर्वाग्रह से भरे पाठ्यक्रम और शोध को संतुलन दे सकता है—चाहे वह हिंदू स्टडीज़ के कोर्स हों या सामाजिक विज्ञान और मानविकी के अन्य विषय। पश्चिम में अगर हिंदू समुदाय अपने विश्वविद्यालय बनाने की पहल करे, तो अकादमिक जगत में फैले हिंदूफ़ोबिया को काफ़ी हद तक रोका जा सकता है।
ऐसी कोशिश से हिंदू धर्म और सभ्यता पर निष्पक्ष और संतुलित शोध संभव होगा—जिसमें साधकों की दृष्टि भी शामिल होगी, जिसे अब तक योजनाबद्ध तरीके से नज़रअंदाज़ किया जाता रहा है।
हिंदू परंपराओं और मुद्दों की प्रगतिशील पैकेजिंग
पश्चिम में हिंदू युवा अक्सर हिंदू-विरोधी वोक विचारधाराओं की ओर खिंच जाते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि इन विचारधाराओं को “प्रगतिशील” पहचान का रूप देकर पेश किया जाता है। दूसरी ओर जब युवाओं को हिंदू धर्म केवल धार्मिक या आध्यात्मिक रूप में पढ़ाया जाता है, तो वे इसे पुराना, संकीर्ण, कट्टर और आज के दौर में अप्रासंगिक मानकर नकार देते हैं।
इसीलिए ज़रूरी है कि हिंदू परंपराओं और मुद्दों को इस ढंग से प्रस्तुत किया जाए कि वे आधुनिक और प्रगतिशील विमर्श से मेल खाते दिखें। वास्तव में हिंदू धर्म सबसे आधुनिक और प्रगतिशील धार्मिक परंपरा है। इसमें एक संपूर्ण जीवन-दृष्टि, प्राचीन ज्ञान परंपराएँ, दार्शनिक चिंतन, कला और संस्कृति के विविध रूप, मौखिक परंपराएँ, और विज्ञान तथा गणित का समृद्ध भंडार मौजूद है। लेकिन वोकिज़्म और अब्राहमिक संकीर्णताओं के चश्मे से देखने वाली युवा पीढ़ी अक्सर हिंदू धर्म की इस गहराई और खुलेपन को समझ ही नहीं पाती।
डेविड फ्रॉली ने अपनी पुस्तक What is Hinduism में हिंदू धर्म को वैज्ञानिक धर्म बताया है। उनके अनुसार यह आत्मनिरीक्षण को प्रोत्साहित करता है और हर व्यक्ति को अपनी राह चुनने की स्वतंत्रता देता है—बिना किसी कठोर नियम या रूढ़िगत ढाँचे को थोपे।
आज पश्चिम में बसे हिंदू समुदाय के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है कि हिंदू धर्म के इन पहलुओं को आधुनिक भाषा और ढाँचे में ढाला जाए। तभी युवा अपनी परंपरा की वास्तविक प्रगतिशीलता को पहचान पाएँगे और उसे आत्मविश्वास के साथ अपनाएँगे।
समापन
पश्चिमी दुनिया में हिंदू समाज आज एक निर्णायक मोड़ पर खड़ा है। सतह पर सब कुछ ठीक ठाक दिखता है—समृद्धि, प्रभाव और राजनीतिक पहचान। लेकिन इस भव्यता की परत के नीचे एक असहज सच्चाई छिपी है।
हिंदू युवा धीरे-धीरे वोकिज़्म और हिंदूफ़ोबिया के जाल में फँसते जा रहे हैं। उन्हें एक बड़ी रणनीति का हिस्सा बनाकर नफ़रत की राजनीति में मोहरे की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। पश्चिम में हिंदू समुदाय पर लगातार ऐसा दबाव बनाया जा रहा है कि वे अपने ही धर्म और संस्कृति से दूर हो जाएँ। ब्रेनवॉश किए गए विमर्श के ज़रिये उनके मन में हिंदू धर्म और सभ्यता के प्रति संदेह और अविश्वास भरा जा रहा है।
यह केवल विचारों की बहस नहीं है, बल्कि हिंदू पहचान और अस्तित्व पर सीधा हमला है। अगर समय रहते इसे रोका नहीं गया, तो यही युवा अपनी जड़ों से कटकर उन ताक़तों के एजेंडे को आगे बढ़ा सकते हैं, जो हिंदू सभ्यता को बदनाम और नष्ट करने पर तुली हैं।
अब सवाल हमारे सामने है—क्या हम अपनी अगली पीढ़ी को हिंदूफ़ोबिया की आग में झोंक देंगे, या फिर उन्हें ऐसा ठोस आधार देंगे, जो हिंदू धर्म की जड़ों, मूल्यों और संस्कारों से जुड़ा हुआ हो?
सन्दर्भ सूची
[1] US Supreme Court allows parents to opt out of lessons with LGBT books; https://www.bbc.com/news/articles/c8xgdegv2x5o
[2] HarvardGate – The Varsity Funding Trail from Hell; https://stophindudvesha.org/harvardgate-the-varsity-funding-trail-from-hell/
[3] Indian-Origin Princeton Student Arrested For Joining Anti-Israel Protests; https://www.ndtv.com/india-news/indian-origin-student-arrested-for-taking-part-in-anti-israel-protests-in-us-5526018
[4] Who is Achinthya Sivalingam? Indian-origin student held in US, banned from Princeton University over anti-Israel protest | Hindustan Times; https://www.hindustantimes.com/world-news/us-news/who-is-achinthya-sivalingam-indian-origin-student-held-in-us-banned-from-princeton-university-over-anti-israel-protest-101714130706230.html
[5] Who is Meghna Vemuri, Indian-origin student banned from graduation ceremony by one of the biggest technology universities in America: She deliberately… – The Times of India; https://timesofindia.indiatimes.com/technology/tech-news/who-is-megha-vemuri-indian-origin-student-banned-from-graduation-ceremony-by-one-of-the-biggest-technology-universities-in-america-she-deliberately-/articleshow/121547193.cms
[6] Who is Riddhi Patel? Indian-American protestor arrested for threatening to ‘murder’ Bakersfield City council members | Hindustan Times; https://www.hindustantimes.com/world-news/us-news/who-is-riddhi-patel-indian-american-protestor-threatened-to-murder-bakersfield-city-council-101712985715861.html
[7] How wokeism is targeting families explains CoHNA’s Shobha Swamy; https://hindupost.in/society-culture/wokeism-target-families-cohna-swamy/
[8] 67) Is family the latest frontier for wokeism? Shobha Swamy Gen Sec. CoHna – YouTube; https://www.youtube.com/watch?v=f8K3EbEH-18
[9] Hindudvesha and UN’s Double Standard; https://stophindudvesha.org/hindudvesha-and-uns-double-standard/
[10] Raising Awareness to End Caste Discrimination – College of Arts & Sciences at Syracuse University; https://artsandsciences.syracuse.edu/news-all/news-2023/raising-awareness-to-end-caste-discrimination/
[11] Workshop on Caste, Religion, Education and Occupational Mobility in Contemporary South Asia – Decolonising Lancaster University; https://wp.lancs.ac.uk/decolonising/2024/03/29/workshop-on-caste-religion-education-and-occupational-mobility-in-contemporary-south-asia/
[12] What We Do | Alwaleed Islamic Studies Program; https://islamicstudies.harvard.edu/what-we-do
[13] About Us; https://as.nyu.edu/departments/meis/about.html
[14] Caste, Culture, and Aesthetics | Stanford Humanities Center; https://shc.stanford.edu/stanford-humanities-center/workshops/caste-culture-and-aesthetics
[15] Understanding the persistence of caste | Harvard Kennedy School; https://www.hks.harvard.edu/more/student-life/student-stories/understanding-persistence-caste
[16] GENED 1126 – Race and Caste | Harvard Anthropology; https://anthropology.fas.harvard.edu/class/gened-1126-race-and-caste
[17] Mission, Vision, and Values – University of San Diego; https://www.sandiego.edu/about/mission-vision-values.php
[18] About | University of Notre Dame; https://www.nd.edu/about/
[19] Fruits of the ivy vine | Christian History Magazine; https://christianhistoryinstitute.org/magazine/article/139-fruits-of-the-ivy-vine
[20] “Brown Billions, Ivy Hate: India’s Elite Fund War”; https://stophindudvesha.org/brown-money-red-agendas-how-indian-billionaires-are-funding-the-ivy-leagues-war-on-india/
Donate to HINDUDVESHA
Our Mission is to explore and expose Hindudvesha through research analysis, education and response.
SUPPORT US