भारत की क्रिकेट कामयाबी से लिबरल जमात क्यों परेशान है?
सारांश
भारत की क्रिकेट में जीत, जो कभी साझा राष्ट्रीय गर्व का प्रतीक हुआ करती थी, अब समाज में बढ़ती खाई को उजागर कर रही है। जहाँ आम लोग इन जीतों को पूरे उत्साह से मनाते हैं, वहीं भारत का एक लिबरल अभिजात वर्ग अक्सर संदेह, आलोचना और असहजता के साथ प्रतिक्रिया देता है। यह प्रतिक्रिया सिर्फ खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत के उभार से जुड़े प्रतीकों को लेकर गहरी वैचारिक असहजता को भी दर्शाती है, खासकर 2014 के बाद के दौर में। इतिहास से विकसित और भारत की आर्थिक व संस्थागत ताकत से वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली बना क्रिकेट अब एकता का माध्यम कम और विवाद का मंच अधिक बन गया है। नतीजतन, एक ऐसी विभाजित खेल संस्कृति उभर रही है, जहाँ सफलता केवल मनाई नहीं जाती, बल्कि उस पर सवाल उठाए जाते हैं, उसे सीमित किया जाता है और कई बार कमतर करके पेश किया जाता है।
1980 के लेक प्लेसिड ओलंपिक में, जब अमेरिका की पुरुष आइस हॉकी टीम शक्तिशाली सोवियत संघ के खिलाफ खेलने उतरी, तो पूरे देश ने मानो अपनी सांसें थाम लीं। “मिरेकल ऑन आइस” सिर्फ एक ऐतिहासिक जीत नहीं थी, बल्कि ऐसा पल था जिसने पूरे देश को एक साथ खड़ा कर दिया।[1] डेमोक्रेट और रिपब्लिकन, कैम्ब्रिज के लिबरल और ऑरेंज काउंटी के कंजरवेटिव—सभी एक साथ “यू-एस-ए! यू-एस-ए!” के नारे लगा रहे थे। महंगाई और ईरान में बंधक संकट से जूझ रहे राष्ट्रपति जिमी कार्टर ने खिलाड़ियों को अमेरिकी हौसले और मजबूती का प्रतीक बताया। चार साल बाद, लॉस एंजेलिस ओलंपिक में पदकों की जैसे बाढ़ आ गई, और यहाँ तक कि वे लोग भी, जिन्होंने वियतनाम युद्ध का विरोध किया था या रोनाल्ड रीगन की रक्षा नीति की आलोचना की थी, अपने गर्व को छिपा नहीं सके।
भारत की क्रिकेट जीतों पर लिबरल खीझ
इसके विपरीत, ICC फाइनल के समय भारत में क्रिकेट की स्थिति अलग ही नजर आती है। मार्च 2026 में अहमदाबाद में भारत ने जब न्यूज़ीलैंड को 96 रन से हराकर अपना तीसरा टी20 विश्व कप जीता, तो स्टेडियम आतिशबाजियों से जगमगा उठा और चंडीगढ़ से चेन्नई तक सड़कों पर जश्न के जुलूस निकल पड़े। लेकिन कुछ खास हलकों—दक्षिण दिल्ली के ड्रॉइंग रूम, मुंबई के अंग्रेज़ी मीडिया, और खुद को पुराने सेक्युलर ढांचे का रक्षक मानने वाले अकादमिक और कॉलम लिखने वाले लोगों के सोशल मीडिया—में माहौल अलग था।[2] वहाँ खुशी कम और मातम ज़्यादा था, उत्साह की जगह व्यंग्य भरे मीम थे, और ऐसे लेख थे जो इस जीत को उपलब्धि नहीं, बल्कि किसी गड़बड़ी का संकेत बता रहे थे—एक ऐसा प्रभुत्व, जिसे वे स्वीकार नहीं कर पा रहे थे। जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ट्रॉफी लेकर हनुमान मंदिर पहुँचे, तो लिबरल हलकों में तीखी प्रतिक्रिया हुई, और तृणमूल कांग्रेस के नेता कीर्ति आज़ाद ने ‘’X’ पर “Shame on Team India” (भारतीय टीम को शर्म आनी चाहिए) लिखा।[3]
पाकिस्तान के पूर्व गेंदबाज़ शोएब अख्तर, जो अपनी तेज़ गेंदबाज़ी और विवादास्पद बयानों के लिए जाने जाते हैं, जिनमें “ग़ज़वा-ए-हिंद” की बात भी शामिल है[4], ने इस भावना को अपने अंदाज़ में व्यक्त किया: “यह ऐसा है जैसे किसी मोहल्ले में एक अमीर बच्चा सब गरीब बच्चों को बुलाकर कहे, ‘आओ, क्रिकेट खेलते हैं।’ आठ टीमों में से चार को रखता है, फिर उनमें से तीन को आगे ले जाता है, और फिर कहता है, ‘देखो, मैं जीत गया।’ उन्होंने क्रिकेट को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है।” [5]
यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई और कई लोगों ने इसमें अपनी ही असहजता का प्रतिबिंब देखा। लेफ्ट-लिबरल और लुटियंस गुटों के लिए भारत की जीत अब सिर्फ खेल नहीं रह गई थी; वह “नया भारत” के आक्रामक राष्ट्रवाद से जुड़ी हुई दिखने लगी थी।
जो बात अमेरिका में देशभक्ति मानी जाती है, वही यहाँ संदेह का कारण बन गई। भारतीय बल्लेबाज़ों के लिए सपाट पिचों की बात, BCCI के वित्तीय प्रभुत्व पर चर्चा, और हर चौके-छक्के के साथ दिखने वाले उत्साह को लेकर एक असहजता दिखाई देने लगी। फ्रंटलाइन पत्रिका के एक टिप्पणीकार ने लिखा, “BCCI ने भारत के प्रिय खेल को सत्तारूढ़ दल के एजेंडे को आगे बढ़ाने का साधन बना दिया है और इस प्रक्रिया में खेल की आत्मा को नुकसान पहुँचाया है।” [6]
अपने देश की उपलब्धियों को कोसने की यह प्रवृत्ति नई नहीं है, लेकिन पिछले दशक में और तेज़ हो गई है। जब जब भी भारत बड़े टूर्नामेंटों के फाइनल में पहुँचा, आम जनता के जश्न के साथ-साथ अभिजात वर्ग की आलोचना भी चलती रही। पिचों को दोष दिया गया, घरेलू लाभ पर सवाल उठे, और BCCI की ताकत को खेल पर दबाव के रूप में देखा गया।
इसके विपरीत, जब ऑस्ट्रेलिया ने रिकी पोंटिंग के नेतृत्व में 2000 के दशक में लगातार तीन विश्व कप जीते और 34 मैचों तक अपराजित रहा, तब भारत में ऐसा कोई आत्ममंथन नहीं हुआ। उस समय पोंटिंग की तारीफ की जाती थी, बिना यह कहे कि खेल की आत्मा खत्म हो रही है। आज वही “संतुलन” और “निष्पक्षता” की भाषा चुनिंदा तौर पर इस्तेमाल होती है, खासकर जब भारत की जीत राजनीतिक प्रतीकों से जुड़ती है। इसका नतीजा एक साफ पाखंड के रूप में सामने आता है: जो क्रिकेट से ज़्यादा, 2014 के बाद के भारत में उभरे सामाजिक विभाजन को दिखाता है, जहाँ खेल भी अब एक वैचारिक बहस का मैदान बन गया है।
भारत में क्रिकेट की विकास यात्रा
भारत में क्रिकेट की यात्रा को समझने के लिए क्रिकेट के इतिहास को समझना ज़रूरी है। यह खेल ब्रिटिश राज के साथ आया था और शुरुआत में अंग्रेज़ी प्रभाव वाले वर्ग तक ही सीमित था। लेकिन जल्द ही आम जनता ने इसे अपनाकर अपना बना लिया। 1983 में कपिल देव की कप्तानी में विश्व कप जीत—जो इंग्लैंड में सभी उम्मीदों के खिलाफ हासिल हुई—एक तरह से औपनिवेशिक मानसिकता से बाहर निकलने का क्षण था। इसे पूरे देश की जीत के रूप में मनाया गया। वामपंथी बुद्धिजीवी भी, जो आमतौर पर राष्ट्रवाद से दूरी रखते थे, सड़कों पर जश्न में शामिल हुए। यह जीत भारत की थी, किसी एक विचारधारा की नहीं।
1990 के दशक और 2000 के शुरुआती वर्षों में क्रिकेट तेजी से बदलने लगा। BCCI, जो कभी एक साधारण संस्था होती थी, टेलीविज़न अधिकारों और आईपीएल की वजह से एक बड़ी कॉरपोरेट ताकत बन गया। आर्थिक व्यवस्था में बदलाव ने इसे और मजबूत किया, और भारत का बड़ा बाज़ार वैश्विक क्रिकेट की आर्थिक रीढ़ बन गया। परन्तु उस दौर में राष्ट्रवाद उतना प्रमुख नहीं था। 2011 विश्व कप की जीत, जो महेंद्र सिंह धोनी की शांत कप्तानी में मुंबई में एक छक्के के साथ तय हुई, पूरे देश में उत्साह लेकर आई। यहाँ तक कि जो लोग बाज़ार के प्रभाव को लेकर आलोचनात्मक थे, उन्होंने भी इस जीत को सराहा। धोनी, जिन्होंने बिना किसी विशेष पृष्ठभूमि के अपनी पहचान बनाई थी, एक सरल और समावेशी कहानी के प्रतीक बने। उस समय पिचों को “तैयार” करने या BCCI के प्रभुत्व से छोटे देशों के नुकसान की बातें बहुत कम होती थीं। जीत को मेहनत का परिणाम माना जाता था, न कि किसी योजना का।
2014 के बाद का निर्णायक मोड़
2014 के बाद एक बड़ा मोड़ आया, जब मोदी सरकार ने सांस्कृतिक आत्मविश्वास और “सांस्कृतिक पुनर्जागरण” पर जोर देते हुए सत्ता संभाली।[7] इस बदलाव के चलते एक तेज़ प्रतिक्रिया सामने आई। लेखक रामचंद्र गुहा, जो अपने विवादास्पद बयानों के कारण अक्सर चर्चा में रहते हैं[8], ने 2025 के एक लेख में भारत के उभार को लेकर वामपंथी बेचैनी व्यक्त की। उनके अनुसार, भारत क्रिकेट का “विश्व-बुली” बन गया है—एक ऐसा देश जिसकी आर्थिक ताकत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) पर प्रभाव बना लिया है, जैसे पहले इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया अपने समय में खेल को अपने अनुसार ढालते थे।[9]
द वायर, जिसे उसके आलोचक रिपोर्टिंग की खामियों के लिए घेरते हैं[10], ने कहा कि BCCI क्रिकेट को पाकिस्तान के खिलाफ एक परोक्ष साधन बना रहा है। “ये मैच (जो अक्सर अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाते हैं) न तो साझा विरासत के उत्सव के रूप में दिखाए गए हैं और न ही एक साधारण खेल मुकाबले के रूप में। इसके उलट, इन्हें ऐसे पेश किया गया है जैसे प्राचीन रोम के कोलोसियम में किसी मनोरंजन कार्यक्रम का प्रचार किया जाता था। स्टेडियम में पाकिस्तानी दर्शकों की अनुपस्थिति यह संकेत देती है कि पाकिस्तान की टीम सिर्फ हमारे मनोरंजन के लिए रूपक रूप में शेरों के आगे फेंकी जाने वाली है, और मुंबई व अहमदाबाद जैसे शहरों के अमीर भारतीय इस तमाशे को देखने के लिए बड़ी रकम देने को तैयार रहते हैं।” [11]
भारत-पाक क्रिकेट में बढ़ती तनातनी
भारत-पाकिस्तान के मैचों में यह तनाव सबसे साफ दिखाई देता है। विभाजन के घाव और कश्मीर के तनाव के कारण यह मैच कभी भी खेल तक सीमित नहीं रहा। इसके बावजूद, भारतीय अभिजात वर्ग के कुछ लोग “अमन की आशा” की बात करते हुए इन मैचों को लोगों के बीच रिश्ते सुधारने का मौका बताते हैं, जबकि पाकिस्तानी पक्ष में अक्सर साजिशों की बातें सामने आती हैं – जैसे मैच फिक्सिंग के आरोप या ICC पर नियंत्रण के दावे।
भारत में लिबरल वर्ग अक्सर नैतिक समानता दिखाने के लिए पाकिस्तान की शत्रुता को हल्का करके पेश करता है। जब भारतीय खिलाड़ी या दर्शक खुलकर भावनाएँ दिखाते हैं – जैसे जिहादी रुझान वाले पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार करना[12] या “भारत माता की जय” के नारे लगाना—तो इसे अति-राष्ट्रवाद कहा जाता है। लेकिन जब पाकिस्तानी प्रशंसक पुतले जलाते हैं या भारत के खिलाफ जश्न मनाते हैं, तो उसे कई बार “स्वाभाविक प्रतिक्रिया” बताकर समझाया जाता है।
यह दोहरा रवैया आम लोगों से छिपा नहीं है। एक सबस्टैक विश्लेषण के अनुसार, कुछ लिबरल अपने देश के “बहुसंख्यकवाद” की आलोचना को बनाए रखने के लिए एक “सामान्य” पाकिस्तान की तस्वीर पेश करना चाहते हैं। इस प्रक्रिया में वे उन बातों को कम करके दिखाते हैं, जहाँ पाकिस्तानी विमर्श में अब भी भारत-विरोधी भाषा मौजूद है।[13]
सामाजिक और मनोवैज्ञानिक कारण
इसके बहुत से सामाजिक और मनोवैज्ञानिक कारण भी हैं। भारत के शहरी, अंग्रेज़ी-भाषी लिबरल, जो अक्सर प्रतिष्ठित संस्थानों से आते हैं, आम जनता के क्रिकेट से जुड़े राष्ट्रवाद को ज़रूरत से ज़्यादा या उग्र मानते हैं। इसमें कहीं न कहीं वह पुरानी सोच भी झलकती है, जिसमें आम लोगों के प्रति एक दूरी या श्रेष्ठता का भाव दिखाई देता है। यह उनके उस पुराने डर की ओर इशारा करता है कि जनता की ताकत सेक्युलर व्यवस्था पर हावी न हो जाए। सोशल मीडिया पर यह साफ दिखता है—जश्न के वीडियो और क्रिकेटरों के मंदिर जाने के दृश्य, जिनमें ज़हीर खान भी दिखाई देते हैं।[14]
कुछ लोगों के लिए भारतीय टीम की जीत उनकी उस सोच को चुनौती देती है, जिसमें वे खुद को “भारत की अवधारणा” का रक्षक मानते हैं। जैसा कि एक सबस्टैक लेखक लिखते हैं: “स्वतंत्रता के बाद से भारतीय वाम-लिबरल वर्ग ने खुद को उस प्रबुद्ध समूह के रूप में पेश किया है, जो एक कथित रूप से पिछड़े समाज को ‘आधुनिक’ बनाने का प्रयत्न कर रहा है। उनकी सोच एक तरह की श्रेणी बनाती है—ऊपर वैश्विक और अंग्रेज़ी बोलने वाला सेक्युलर वर्ग, और नीचे पारंपरिक बहुसंख्यक समाज, जिसे वे सुधारने योग्य मानते हैं। इस सोच को बनाए रखने के लिए यह ज़रूरी है कि बहुसंख्यक कभी पूरी तरह आत्मविश्वासी न बन सकें।” [15]
इसके उदाहरण भी साफ दिखाई देते हैं। हाल की जीतों के बाद रेडिट और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर कुछ वाम-झुकाव वाले समूहों में भारत की हार पर हल्की-सी खुशी देखने को मिलती है, जिसे अक्सर “हिंदुत्व के प्रतीकों” के विरोध के रूप में बताया जाता है। 2023 के एक इंडियन एक्सप्रेस लेख ने इसे सीधे शब्दों में कहा: “मुझे दुख नहीं है कि भारत विश्व कप हार गया। अति-राष्ट्रवाद ने मेरे लिए क्रिकेट को खराब कर दिया है।” लेखक ने इस हार को उन लोगों के लिए सबक बताया, जिन्होंने खेल को “सर्जिकल स्ट्राइक” और पुरुष अहंकार से जोड़ दिया था।[16]
सार रूप में, वाम-लिबरल दृष्टिकोण कुछ ऐसा दिखता है: अगर भारत जीतता है, तो उसे बहुसंख्यकवाद कहा जाता है; और अगर भारत हारता है, तो उसका स्वागत किया जाता है। द डेविल्स एडवोकेट के पात्र की तरह, वे हर बार विरोध की दिशा में खड़े रहना चाहते हैं—और यही उनकी सबसे बड़ी विडंबना है।[17]
क्रिकेट की जनसामान्य को जोड़ने वाली शक्ति
परन्तु यह सोच क्रिकेट की लोकतांत्रिक ताकत के साथ मेल नहीं खाती। आईपीएल ने खेल का स्तर बढ़ाया और छोटे शहरों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का रास्ता दिया। इसका फायदा दुनिया भर के अन्य क्रिकेट देशों को भी अप्रत्यक्ष रूप से मिला है।[18] छोटे देश भले ही हाशिए पर जाने की बात करते हों, लेकिन वे यह भी मानते हैं कि भारतीय दर्शकों से मिलने वाला राजस्व उनके लिए अहम है। BCCI की ताकत अपनी जगह है, लेकिन उतनी ही अहम वह प्रतिभा भी है, जिसने जसप्रीत बुमराह, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी दिए हैं, जो किसी भी कागज़ी योजना से कहीं आगे निकल जाते हैं।
अब इसे अमेरिका से तुलना करके देखें। वहाँ वर्ग आधारित राजनीति भले ही तीव्र हो, लेकिन ओलंपिक या सुपर बाउल जीत को आमतौर पर घरेलू राजनीति का हथियार नहीं बनाया जाता। बास्केटबॉल या तैराकी में टीम USA की जीत सभी लोग मिलकर मनाते हैं। आलोचना होती भी है, तो वह फंडिंग या डोपिंग जैसे मुद्दों तक सीमित रहती है, न कि जीत को ही गलत ठहराया जाता है। इसके विपरीत, भारत में जहाँ आम लोग क्रिकेट को एक खेल के रूप में देखते और पसंद करते हैं, वहीं लिबरल वर्ग अक्सर इसे वैचारिक टकराव के रूप में देखता है।
लिबरल दुष्प्रचार के परिणाम
इस प्रवृत्ति के प्रभाव बहुत दूरगामी हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, भारत और BCCI को एक दबंग ताकत के रूप में दिखाने वाली लगातार चलती बातें—जिन्हें वामपंथी मीडिया के कुछ हिस्से बार-बार आगे बढ़ाते हैं—क्रिकेट जगत में भारत की साख और प्रभाव को धीरे-धीरे कमजोर करती हैं। वित्तीय दबदबा, कार्यक्रम तय करने में पक्षपात, और खेल को “एक टीम का शो” बना देने जैसे आरोप छोटे क्रिकेट बोर्डों और टिप्पणीकारों के बीच असर डाल रहे हैं, जबकि सच यह है कि वैश्विक क्रिकेट को चलाने में भारत से आने वाला राजस्व बेहद महत्वपूर्ण है।
देश में, यह विभाजन अल्पसंख्यकों और लिबरल वर्ग को उस चीज़ से दूर करता है, जो सभी को जोड़ सकती है। एकता के बजाय, संदेह और चुनिंदा प्रतिक्रिया खाई को और गहरा करती है। 2026 टी20 विश्व कप जैसी जीत के बाद जश्न को “बहुसंख्यक उन्माद” कहा जाता है, और खुशी व्यक्त करने को उग्र राष्ट्रवाद का नाम दे दिया जाता है।
नतीजतन एक ऐसी खेल संस्कृति उभर रही है, जहाँ जीत सिर्फ मनाई नहीं जाती, बल्कि उस पर सवाल उठाए जाते हैं और उसे कम करके दिखाया जाता है। नए भारत के प्रतीकों को लेकर अभिजात वर्ग की असहजता कई बार सामूहिक गर्व पर भारी पड़ती है, जिससे क्रिकेट की वह क्षमता कमजोर होती है जो एक विविध देश को जोड़ सकती है। अंत में, ऐसी आलोचना खेल और देश—दोनों को—मैदान पर मिली किसी भी जीत से ज़्यादा नुकसान पहुँचाती है।
निष्कर्ष: लिबरल गुट बना उपहास का पात्र
2021 के टी20 विश्व कप में भारत को पाकिस्तान के हाथों एक दुर्लभ हार का सामना करना पड़ा। कुछ तथाकथित सेक्युलर टिप्पणीकारों की प्रतिक्रियाओं में तुरंत एक तरह की छिपी हुई खुशी दिखाई देने लगी। कांग्रेस पार्टी की तत्कालीन राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक राधिका खेड़ा ने हिंदी में लिखा, जिसका आशय था: “क्या हुआ हिंदू राष्ट्रवादियों? कैसा लग रहा है? आपने खुद को अपमानित कर लिया।”
इस पाखंड की ओर इशारा करते हुए वरिष्ठ पत्रकार संदीपन देब ने इन प्रतिक्रियाओं को “अपने आप को लिबरल साबित करने के लिए की गई खोखली बौद्धिकता” बताया।[19]
उन्होंने सवाल उठाया, “इस सब में क्रिकेट कहाँ है?” उन्होंने कहा, “सोशल मीडिया के ‘लिबरल’ लगातार यह दावा करते रहे हैं कि वे ‘आईटी सेल ट्रोल्स’ से बौद्धिक रूप से श्रेष्ठ हैं। लेकिन उन्होंने अब दिखा दिया है कि वे कितने छोटे और दुर्भावनापूर्ण हो सकते हैं। जो लोग अपनी टीम की हार को सरकार की हार के रूप में देखते हैं, उनके ‘भारत के विचार’ में कुछ न कुछ असंगति ज़रूर है। उन्होंने जो किया है, वह एक बेहूदा प्रदर्शन है, जिसमें दुनिया आप पर हँसती है, आपके साथ नहीं।”
राजनीति से परे रहकर भी सच्ची देशभक्ति संभव है और जरूरी है। भारत का उभार असली मेहनत पर आधारित है—बेहतर प्रशिक्षण, प्रतिभा की खोज और एक मजबूत खिलाड़ी आधार पर—न कि किसी प्रशासनिक दखल या मैच फिक्सिंग।[20] ऐसी उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए “खेल को बर्बाद करने” जैसे आरोप लगाना जरूरी नहीं है।
सन्दर्भ सूची
[1] “U.S. Hockey Team Makes ‘Miracle on Ice.’” History.com. https://www.history.com/this-day-in-history/February-22/u-s-hockey-team-makes-miracle-on-ice
[2] “Miracle on Ice (Video).” YouTube. https://www.youtube.com/watch?v=aHsSPGUODfU
[3] “Ours Is a Democratic Country: Kirti Azad Claps Back at Gautam Gambhir over Temple Controversy.” Mint. https://www.livemint.com/sports/cricket-news/ours-is-a-democratic-country-kirti-azad-claps-back-at-gautam-gambhir-over-temple-controversy-t20-world-cup-11773214822667.html
[4] “India Have Ruined Cricket: Shoaib Akhtar Slams India after Historic T20 World Cup Win.” The Times of India. https://timesofindia.indiatimes.com/sports/cricket/icc-mens-t20-world-cup/india-have-ruined-cricket-shoaib-akhtar-slams-india-after-historic-t20-world-cup-win/articleshow/129315213.cms
[5] “Shoaib Akhtar and ‘Ghazwa-e-Hind’ Viral Video.” OpIndia. https://www.opindia.com/2020/12/shoaib-akhtar-ghazwa-e-hindi-viral-video/
[6] “BCCI, Hindutva Politics and Indian Cricket Crisis.” Frontline. https://frontline.thehindu.com/social-issues/bcci-hindutva-politics-indian-cricket-crisis/article70599637.ece
[7] “India’s Cultural Renaissance: A Journey of Heritage, Unity and Global Influence.” DD News. https://ddnews.gov.in/en/indias-cultural-renaissance-a-journey-of-heritage-unity-and-global-influence/
[8] “Eminent Historian Ramachandra Guha Removes Beef Tweet after Facing Flak, Threats.” Hindustan Times. https://www.hindustantimes.com/india-news/eminent-historian-ramchandra-guha-removes-beef-tweet-after-facing-flak-threats/story-TpCyVSOkonDqlWCHsiBUKI.html
[9] “The Vishwa Bully: India as International Cricket’s Hegemon.” The Telegraph India. https://www.telegraphindia.com/opinion/the-vishwa-bully-india-as-international-crickets-hegemon-prnt/cid/2119292
[10] “Meta to Shut Down ‘Reliable Sources’ Newsletter.” CNN. https://edition.cnn.com/2022/10/11/media/meta-news-outlet-reliable-sources
[11] “India-Pakistan Cricket Diplomacy and the Politics of Shaking Hands.” The Wire. https://thewire.in/south-asia/india-pakistan-cricket-bcci-diplomacy-shaking-hands
[12] “Cricket as Jihad: Time to Ostracise Pakistan.” Swarajya. https://swarajyamag.com/politics/cricket-as-jihad-time-to-ostracise-pakistan
[13] “Why India’s Left-Liberal Gatekeepers…” Reverse the Gaze (Substack). https://reversethegaze.substack.com/p/why-indias-left-liberal-gatekeepers
[14] “Instagram Reel.” Instagram. https://www.instagram.com/reel/DUUyJrgDFey/
[15] “Why India’s Left-Liberal Gatekeepers…” Reverse the Gaze (Substack). https://reversethegaze.substack.com/p/why-indias-left-liberal-gatekeepers
[16] “Cricket Outsider Writes: It’s Not a Game, It’s a Business That Promotes Narrow Nationalism.” The Indian Express. https://indianexpress.com/article/opinion/columns/cricket-outsider-writes-its-not-a-game-its-a-business-that-promotes-narrow-nationalism-9035864/
[17] “Cricket Video (YouTube).” YouTube. https://www.youtube.com/watch?v=jARp24AJWLk
[18] “How IPL Led India’s Billion-Dollar Sports Revolution.” IISM World. https://iismworld.com/blog/how-ipl-led-indias-billion-dollar-sports-revolution/
[19] “How India’s T20 Loss to Pakistan Lets Our Social Media Liberals Take off Their Masks.” Firstpost. https://www.firstpost.com/india/how-indias-t20-loss-to-pakistan-lets-our-social-media-liberals-take-off-their-masks-10087431.html
[20] “Betrayal at Lord’s: When World Cricket Was Rocked by Spot-Fixing Scandal in 2010.” The Times of India. https://timesofindia.indiatimes.com/sports/cricket/news/betrayal-at-lords-when-world-cricket-was-rocked-by-spot-fixing-scandal-in-2010/articleshow/113881783.cms
Donate to HINDUDVESHA
Our Mission is to explore and expose Hindudvesha through research analysis, education and response.
SUPPORT US