सेक्युलरिज़्म का मुखौटा, हिन्दू धर्म पर वार: एक कानूनी विश्लेषण (भाग 2)

अब वह समय आ गया है जब भारत को तय करना होगा कि वह किस रास्ते पर चलेगा। क्या वह तुष्टिकरण की वजह से फैली विकृति को स्वीकार करेगा या फिर न्याय और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की ओर बढ़ेगा? असली धर्मनिरपेक्षता वहीं होती है, जहाँ हिंदू अपने ही देश में दूसरे दर्जे के नागरिक न बनें।
  • 1947 के बाद भारत के संविधान को जिस तरह बनाया और लागू किया गया, उसने एक पक्षपाती धार्मिक व्यवस्था को कानून का रूप दे दिया। अनुच्छेद 25, 28, 30 और 44 को ऐसे ढंग से लागू किया गया कि हिंदू बहुसंख्यकों को लगातार नुकसान और भेदभाव का सामना करना पड़ा।
  • एक ओर वक्फ बोर्ड एक स्वतंत्र ज़मीनी व्यवस्था की तरह काम कर रहे हैं और अल्पसंख्यक संस्थान पूरी छूट के साथ आगे बढ़ रहे हैं, तो दूसरी ओर हिंदू मंदिर और स्कूल आज भी सरकार के सख्त नियंत्रण में बंधे हुए हैं।
  • राम सेतु के अस्तित्व को नकारने से लेकर “पूजा स्थलों का संरक्षण अधिनियम 1991″ जैसे कानूनों तक, राज्य ने हिंदुओं के साथ होने वाले अन्याय को स्थायी बना दिया है। यहाँ तक कि उन्हें अपनी सभ्यता की धरोहर को बचाने, पुनः प्राप्त करने और उस पर विचार रखने का अधिकार भी छीन लिया गया है।
  • 42वें संशोधन के ज़रिए “धर्मनिरपेक्ष” शब्द को बिना किसी व्यापक चर्चा के संविधान में जोड़ा गया और फिर उसे इस तरह इस्तेमाल किया गया कि हिंदू पक्ष की आवाज़ को दबाया जा सके और अल्पसंख्यक विशेषाधिकारों को जायज़ ठहराया जा सके।
  • अब वक्त आ गया है कि एक ऐसा हिंदू सिविल राइट्स आंदोलन खड़ा किया जाए जो सिद्धांतों पर आधारित हो और हिंदू धर्म की परंपराओं से भी गहराई से जुड़ा हो। यह आंदोलन किसी के ऊपर प्रभुत्व जमाने के लिए नहीं, बल्कि सबके लिए बराबरी सुनिश्चित करने के लिए होना चाहिए।

इस शृंखला के पहले भाग में, हमने विस्तार से यह समझने की कोशिश की कि आज़ादी के बाद भारत के क़ानूनी और संवैधानिक ढांचे ने किस तरह से बहुसंख्यक हिंदू समुदाय के ख़िलाफ़ होने वाले भेदभाव को व्यवस्था का हिस्सा बना दिया।

क़ायदे से तो सरकार को धर्म-निरपेक्ष और तटस्थ होना चाहिए था, लेकिन इसके बजाय भारतीय स्टेट ने एक ऐसा सिस्टम खड़ा किया जिसमें “धर्मनिरपेक्षता” को नये सिरे से परिभाषित किया गया। सेक्यूलरिज़्म की इस इस नई परिभाषा के अनुसार धर्मनिरपेक्षता का मतलब सभी धर्मों के साथ समान व्यवहार के बजाय अल्पसंख्यक तुष्टिकरण बन गया।

अगर अनुच्छेद 25, 28, 30 और 44 का ध्यानपूर्वक आकलन करें, तो इससे निम्नलिखित बातें स्पष्ट होती हैं:

  • धार्मिक प्रचार के अधिकार का इस्तेमाल बेहद आक्रामक रूप से धर्मांतरण को बढ़ावा देने के लिए हुआ,
  • हिंदू शैक्षणिक संस्थानों पर कई तरह की पाबंदियाँ हैं, जबकि अल्पसंख्यकों द्वारा संचालित संस्थाओं को ज़्यादा आज़ादी मिली है,
  • हिंदू मंदिरों को सरकार के अधीन कर दिया गया है,
  • और पर्सनल लॉस यानी व्यक्तिगत क़ानूनों में सुधार भी सिर्फ़ हिंदू समाज पर थोपा गया है, यानी बाक़ी धार्मिक समुदायों को इसके दायरे से बाहर रखा गया।
  • ये कानूनी भेदभाव कोई इक्का-दुक्का घटनाएँ नहीं हैं, बल्कि आज़ादी के बाद भारत की राजनीति में जड़ें जमाए एक ठोस नीति का हिस्सा हैं। यह नीति नेहरूवादी समाजवाद और अल्पसंख्यक तुष्टिकरण जैसी सोच से प्रेरित है और भारत की धार्मिक सभ्यता के प्रति पूरी तरह उदासीन रही है।
  • इस शृंखला का दूसरा भाग सिर्फ अदालतों या कानूनों तक सीमित नहीं है—यह दिखाता है कि आम हिंदू को किस तरह रोज़मर्रा की ज़िंदगी में हाशिये पर ढकेला गया है। ज़मीन पर नियंत्रण, पवित्र प्रतीकों की अनदेखी, सरकारी सोच और संस्थानों के ज़रिए हिंदू पहचान को दबाया गया, जबकि अल्पसंख्यक हितों को बढ़ावा दिया गया।
  • जो पहले सिर्फ़ कानूनों में भेदभाव था, वह अब एक गहरी सभ्यतागत चुनौती बन चुका है—जिसमें बहुसंख्यक संस्कृति को मिटाने, उसके प्रतीकों का अपमान करने, और उसके अनुयायियों को अपने ही देश में असहाय महसूस कराने की प्रक्रिया चल रही है।
  • इसलिए आज हिंदुओं की स्थिति सिर्फ़ धर्मनिरपेक्षता के गलत इस्तेमाल का नतीजा नहीं है, बल्कि दशकों की सांस्कृतिक अनदेखी और राजनीतिक चुप्पी का परिणाम है, जिसने भारत की सभ्यता की आत्मा को भीतर से कमजोर कर दिया है। इस दौर में सिर्फ कानून बदलना काफी नहीं, बल्कि एक गहरी सांस्कृतिक और बौद्धिक जागरूकता की जरूरत है।
वक़्फ़ बोर्ड की निरंकुश ताक़त और ज़मीनों पर कब्ज़ा

आधुनिक भारत में धार्मिक विशेषाधिकार का सबसे चौंकाने वाला उदाहरण वक़्फ़ बोर्डों को मिले असाधारण अधिकार हैं। ये अधिकार वक़्फ़ अधिनियम 1995 के तहत दिए गए थे[1], जिन्हें 2013 में और मज़बूत किया गया। मुस्लिम धर्मार्थ संपत्तियों के प्रबंधन के लिए बनाए गए ये वक़्फ़ बोर्ड ऐसी अर्ध-न्यायिक शक्तियाँ रखते हैं, जो आम संपत्ति क़ानूनों से कहीं ज़्यादा हैं। सबसे हैरानी की बात यह है कि वक़्फ़ बोर्ड किसी भी ज़मीन को एकतरफा—यहाँ तक कि पिछली तारीख से (retroactively) भी—वक़्फ़ संपत्ति घोषित कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें न तो ज़मीन के असली मालिकों को पहले से कोई सूचना देनी होती है और न ही उनकी अनुमति लेनी पड़ती है।[2]

इस क़ानूनी व्यवस्था ने एक समानांतर सत्ता जैसी संरचना खड़ी कर दी है। 2011 की सच्चर कमेटी रिपोर्ट के मुताबिक़, वक़्फ़ की ज़मीनें पूरे भारत में 6 लाख एकड़ से भी ज़्यादा के क्षेत्र में फैली हुई हैं। इस आधार पर वक़्फ़ बोर्ड अब भारतीय रेल और रक्षा मंत्रालय के बाद देश का तीसरा सबसे बड़ा ज़मीन मालिक बन गया है। इन ज़मीनों में मस्जिदें, कब्रिस्तान, व्यवसायिक इमारतें, रिहायशी कॉलोनियाँ, और खेती की ज़मीनें शामिल हैं। अनुमान है कि इन संपत्तियों की कुल कीमत करीब ₹1.2 से ₹2 लाख करोड़ के बीच है। इतनी बड़ी संपत्ति न सिर्फ़ वक़्फ़ बोर्ड के आर्थिक प्रभाव को दिखाती है, बल्कि यह भी बताती है कि इस बोर्ड के निर्णयों को लेकर किसी भी प्रकार की जवाबदेही की व्यवस्था कितनी कमज़ोर है।

सबसे ज़्यादा अजीबोग़रीब बात यह है कि हिंदुओं के लिए ऐसी कोई व्यवस्था मौजूद नहीं है। मंदिरों की ज़मीनों को (जिनमें से कई भक्तों द्वारा दान की गयी हैं) राज्य सरकारें अक्सर HRCE (हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ न्यास) अधिनियमों के ज़रिए अपने नियंत्रण में ले लेती हैं। इन ज़मीनों का या तो ठीक से प्रबंधन नहीं होता, या फिर उन पर कब्ज़ा हो जाता है, या उन्हें गैर-धार्मिक कामों के लिए नीलाम कर दिया जाता है। और हिंदू समाज के पास इन मामलों में न्याय पाने के लिए कोई ठोस कानूनी रास्ता भी नहीं होता। मंदिरों की पवित्रता और स्वतंत्रता को बचाने के लिए वक़्फ़ बोर्ड जैसी किसी केंद्रीय संस्था या कानूनी सुरक्षा का हिंदू समुदय के लिये कोई प्रावधान ही नहीं है।[3]

जब हम वक़्फ़ बोर्ड को दिए गए प्रक्रिया-संबंधी अधिकारों पर नज़र डालते हैं तो यह असमानता और भी गहरी होती दिखाई देती है। वक़्फ़ अधिनियम की धारा 40 के तहत, वक़्फ़ बोर्ड किसी भी ज़मीन को सिर्फ़ अपनी जांच के आधार पर वक़्फ़ घोषित कर सकता है। अगर कोई इस पर आपत्ति करना चाहे, तो वह मामला सामान्य सिविल अदालत में नहीं, बल्कि एक विशेष वक़्फ़ ट्रिब्यूनल में सुना जाता है। ये ट्रिब्यूनल अक्सर मामलों में वक़्फ़ के दावे को सही मान कर चलते हैं। ऐसे मामलों में सारा बोझ ज़मीन के असली मालिक पर डाल दिया जाता है—उसे ही यह साबित करना पड़ता है कि ज़मीन उसकी है। यानी बिना किसी ठोस आरोप के, उसे खुद अपनी बेगुनाही सिद्ध करनी होती है। यह प्रक्रिया भारतीय क़ानून के उस मूल सिद्धांत के बिल्कुल खिलाफ है जिसमें किसी व्यक्ति को तब तक निर्दोष माना जाता है, जब तक उसका दोष साबित न हो जाए। इस तरह वक़्फ़ क़ानून की यह व्यवस्था संविधान के अनुच्छेद 14 की भावना का सीधा उल्लंघन करती है, जो सभी नागरिकों को कानून के सामने समानता और समान संरक्षण का अधिकार देता है।

ऐसे कई मामले सामने आए हैं जहाँ निजी या सरकारी ज़मीनों को बिना किसी पूर्व सूचना के वक़्फ़ संपत्ति घोषित कर दिया गया, जिससे ज़मीन के असली मालिकों को सालों तक लंबी और थकाऊ कानूनी लड़ाइयाँ लड़नी पड़ीं। आलोचकों ने ठीक ही कहा है कि वक़्फ़ बोर्ड एक तरह से “समानांतर भूमि मंत्रालय” की तरह काम करता है—जिसके पास तो बड़े अधिकार हैं, लेकिन न जवाबदेही है और न ही पारदर्शिता। साथ ही, उन्हें क़ानून के तहत असाधारण सुरक्षा भी मिली हुई है।

यह असंतुलन सिर्फ संपत्ति के अधिकारों को ही नहीं, बल्कि नागरिक स्वतंत्रताओं और समाज की एकता को भी नुकसान पहुँचाता है। जब धार्मिक अल्पसंख्यकवाद को सरकार की कार्यप्रणाली का हिस्सा बना दिया जाता है, तो न्याय की भावना कमजोर पड़ती है और सभ्यतागत एकता पर भी गहरी चोट लगती है।

हिंदू और मुस्लिम धार्मिक संपत्तियों के बीच जिस तरह का खुला भेदभाव किया जा रहा है, उसे सिर्फ “नीतिगत चूक” कहकर टाला नहीं जा सकता। यह एक गहरा प्रणालीगत अन्याय है, जिसे जल्द से जल्द सुधारने की ज़रूरत है।

हिंदू पहचान को इस तरह हाशिये पर धकेले जाने का सवाल सिर्फ कानून या संस्थाओं तक सीमित नहीं है—यह भारत की सभ्यतागत आत्मा से जुड़ा हुआ है। इसमें उन पवित्र स्थलों, धार्मिक कथाओं और सांस्कृतिक स्मृतियों का लगातार अपमान, विकृति और मिटाने की कोशिशें शामिल हैं, जो हिंदू संस्कृति की जड़ में बसे हैं।

राम सेतु हलफनामा (2007)

2007 में यू पी ए सरकार ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में एक हलफ़नामा दायर किया, जिसमें यह दावा किया गया कि भगवान राम या राम सेतु (जिसे आदम का पुल भी कहा जाता है) के अस्तित्व का कोई “ऐतिहासिक प्रमाण” नहीं है। यह वही राम सेतु है जिसे हिंदू समाज सदियों से पवित्र मानता आया है।[4]

यह हलफनामा सेतुसमुद्रम शिपिंग कैनाल प्रोजेक्ट के संदर्भ में दायर किया गया था, जिसमें भारत और श्रीलंका को जोड़ने वाली चूना पत्थर की प्राकृतिक श्रृंखला को खोदकर एक नेविगेशन मार्ग बनाने का प्रस्ताव था।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा किया गया यह दावा कि भगवान राम एक “काल्पनिक पात्र” हैं और राम सेतु मात्र एक “प्राकृतिक संरचना” जिसका भगवान राम से वात्सविकता में कोई लेना देना नहीं है, देशभर में ज़बर्दस्त आक्रोश का कारण बना। हिंदू संगठनों, सांस्कृतिक संस्थानों और नागरिक समाज के कार्यकर्ताओं ने इस हलफनामे की कड़ी निंदा की और इसे भारत की सभ्यतागत आस्था और राष्ट्रीय पहचान पर सीधा प्रहार बताया।

आख़िरकार सरकार को यह हलफनामा वापस लेना पड़ा, लेकिन इस प्रकरण ने भारतीय स्टेट की उस प्रवृत्ति को उजागर किया, जिसमें हिंदू धर्म और उसके पवित्र इतिहास को मात्र कल्पित लोककथाएँ मानकर नजरअंदाज कर दिया जाता है, जबकि अल्पसंख्यक धर्मों की धार्मिक मान्यताओं और कथाओं को विशेष सम्मान और संरक्षण प्रदान किया जाता है।

राम सेतु की ऐतिहासिक महत्ता को लेकर वैज्ञानिक और धार्मिक साक्ष्य मौजूद हैं। 2003 में नासा द्वारा जारी की गयी एक सैटेलाइट इमेज स्टडी में रामेश्वरम् और मन्नार के बीच एक पुल जैसी संरचना साफ़ दिखाई दी। भले ही नासा ने इस खोज को किसी धार्मिक निष्कर्ष से  जोड़ने से परहेज़ किया, लेकिन हिंदू परंपरावादियों और विद्वानों ने इसे रामायण के वर्णनों का पुरातात्विक समर्थन माना। प्रसिद्ध भूवैज्ञानिक और भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) के पूर्व निदेशक डॉ. बद्रीनारायणन ने भी यह स्पष्ट किया कि यह संरचना मानव-निर्मित है और हजारों साल पुरानी है।

यह पूरा प्रकरण इस बात का उदाहरण है कि भारत में धर्मनिरपेक्ष तर्कवाद को किस प्रकार से चुनिंदा तरीके से हिंदू सभ्यता से जुड़े दावों को खारिज करने के लिए लागू किया जाता है, जबकि अब्राहमिक परंपराओं (ईसाई और इस्लामी आस्थाओं) के संदर्भ में उस प्रकार का संशय या आलोचनात्मक दृष्टिकोण नहीं अपनाया जाता।

राम सेतु को नकारना उस सभ्यतागत स्मृति को जड़ से काटने की कोशिश थी जो भारत की भौगोलिक संरचना में गहराई से रची-बसी है।

पूजा स्थल अधिनियम (1991)

पूजा स्थल अधिनियम 1991 के अनुसार, किसी भी धार्मिक स्थल का जैसा स्वरूप 15 अगस्त 1947 को था, उसे वैसे ही बनाए रखना ज़रूरी है। यह क़ानून उस समय पास किया गया था जब राम जन्मभूमि आंदोलन अपने चरम पर था, और इसका तथाकथित उद्देश्य “साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखना” था। लेकिन वास्तविकता में, यह क़ानून बेहद पक्षपातपूर्ण और अन्यायपूर्ण साबित हुआ।[5]

यह क़ानून हिंदुओं को उन मंदिरों को वापस पाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाने की इजाजत नहीं देता, जिन्हें इस्लामिक शासन के दौरान या तो तोड़ दिया गया गया था, या फिर मस्जिदों में बदल दिया गया था। हालाँकि इनमें से कई मामलों के पुख़्ता सबूत आज भी मौजूद हैं, जैसे उस समय की लिखित रिपोर्टें, पुरातात्त्विक प्रमाण, और ब्रिटिश काल के सर्वेक्षण। इस क़ानून में सिर्फ़ एक ही अपवाद रखा गया — अयोध्या का राम जन्मभूमि स्थल, क्योंकि उस मामले में कानूनी प्रक्रिया इस नये क़ानून के बनने से पहले से ही चली आ रही थी।

काशी का ज्ञानवापी मंदिर और मथुरा का कृष्ण जन्मभूमि स्थल — इन दोनों ही मंदिरों को तोड़ वहाँ इस्लामिक ढांचे खड़े किए गए थे। लेकिन इस कानून के चलते इन मामलों में भी कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जा सकती। भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण (ASI) की 1991 की रिपोर्ट, जेम्स प्रिंसेप जैसे ब्रिटिश इतिहासकारों के दस्तावेज़, और अलेक्ज़ेंडर कनिंघम की ASI रिपोर्ट्स से यह साफ़ होता है कि इन दोनों स्थलों को न सिर्फ़ अपवित्र किया गया, बल्कि जबरन कब्ज़े में भी ले लिया गया था।

आलोचकों का मानना है कि यह कानून भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 और अनुच्छेद 25 का उल्लंघन करता है। यह हिंदुओं को ऐतिहासिक रूप से प्रमाणित अन्यायों के आधार पर अपने पवित्र स्थलों को वापस पाने का कानूनी हक़ नहीं देता, जबकि औपनिवेशिक और मध्यकालीन काल के अन्यायों को हमेशा के लिए वैधता प्रदान करता है।[6]

भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश आर.सी. लाहोटी और जाने-माने क़ानूनविद् हरीश साल्वे जैसे विशेषज्ञों का मानना है कि विवादित धार्मिक स्थलों की स्थिति को एक तय तारीख के आधार पर स्थायी घोषित कर देना, इतिहास को कृत्रिम रूप से “साफ़-सुथरा” दिखाने की कोशिश है। इससे न केवल ऐतिहासिक सच्चाइयों को दबाया जाता है, बल्कि अन्याय को सरकारी नीति के रूप में स्थायी बना दिया जाता है। यही नहीं, एक ऐसे देश में जो उपनिवेशवाद के दुष्प्रभावों से उबरने की कोशिश कर रहा है, यह कानून एक औपनिवेशिक विरासत की तरह काम करता है—जो धर्मनिरपेक्षता के नाम पर हिंदू सभ्यता की स्मृति को दबाने का औज़ार बन गया है।

राम सेतु विवाद और पूजा स्थल अधिनियम—दोनों इस बात के उदाहरण हैं कि कैसे शासन और क़ानून का इस्तेमाल न्याय सुनिश्चित करने के बजाय, हिंदू धर्म और उसके पवित्र प्रतीकों को या तो अवैध साबित करने या वैधता से वंचित करने के लिए किया जाता है। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि किस प्रकार से ऐतिहासिक अन्यायों के निवारण हेतु कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाने का अधिकार भी हिंदुओं से छीन लिया जाता है।

यह भारत की सभ्यतागत चेतना पर वैचारिक नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश है—भले ही इसके लिए ऐतिहासिक सत्य का गला घोंट आध्यात्मिक परंपरा को खण्ड-खण्ड ही क्यों न करना पड़े।

अल्पसंख्यक-तुष्टिकरण की नीतियाँ [7]

बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद बने माहौल में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग अधिनियम (1992) को लागू किया गया। इसका उद्देश्य धार्मिक अल्पसंख्यकों—मुख्यतः मुसलमानों, ईसाइयों, सिखों, बौद्धों, पारसियों और (2014 से) जैनों—के अधिकारों की रक्षा और प्रोत्साहन के लिए एक केंद्रीकृत तंत्र तैयार करना था।

हालाँकि यह क़ानून वंचित समुदायों को सुरक्षा देने के इरादे से बनाया गया था, लेकिन व्यवहार में इसने एक दोहरी कल्याणकारी व्यवस्था (dual welfare state) को जन्म दिया है—जहाँ लाभ और सुविधाएँ किसी की ज़रूरत के आधार पर नहीं, बल्कि धार्मिक पहचान के आधार पर तय की जाती हैं।

2006 में गठित अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदायों को कई विशेष योजनाओं का लाभ मिलता है, जो सिर्फ़ उनके लिए आरक्षित हैं।[8] इस सूची में शामिल कुछ योजनाएँ इस प्रकार से हैं:

  • अल्पसंख्यक छात्रवृत्तियाँ– स्कूल और कॉलेज के छात्रों के लिए।
  • पेशेवर और तकनीकी कोर्सों के लिए मेरिट व आवश्यकता आधारित स्कॉलरशिप्स।
  • अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए नेतृत्व प्रशिक्षण(नई रोशनी योजना)
  • विदेश में पढ़ाई के लिए ब्याज सब्सिडी(पढ़ो परदेस योजना)
  • अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों के लिए ग्रांट्स या अनुदान(मौलाना आज़ाद एजुकेशन फाउंडेशन के तहत)

अल्पसंख्यकों के लिए तो सरकार द्वारा खास योजनाएँ और सुविधाएँ चलाई जाती हैं, लेकिन गरीब हिंदू समुदायों—खासकर दलितों और अन्य पिछड़े वर्गों (OBCs)—के लिए वैसी कोई समान और समर्पित योजना नहीं बनाई गई है। एक अहम बात यह है कि जैसे ही कोई दलित हिंदू धर्म छोड़कर किसी अन्य धर्म को अपना लेता है, उसे अनुसूचित जाति (SC) की श्रेणी से बाहर कर दिया जाता है और उससे जुड़ी आरक्षण या अन्य संवैधानिक सुविधाएँ खत्म हो जाती हैं। इतना ही नहीं, नागालैंड, मिज़ोरम जैसे राज्यों में—और केरल के कुछ हिस्सों में जहाँ हिंदू खुद अल्पसंख्यक हैं—वहाँ भी उन्हें राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग जैसी कोई संस्थागत सुरक्षा या सहायता नहीं मिलती।

धार्मिक आधार पर बनाया गया यह ढाँचा संविधान के अनुच्छेद 15(1) की भावना का उल्लंघन करता है, जो धर्म, जाति, लिंग, नस्ल या जन्म-स्थान के आधार पर किए जाने वाले किसी भी प्रकार के भेदभाव को रोकता है।

धार्मिक पहचान पर आधारित इस तरह की योजनाएँ  अल्पसंख्यक तुष्टिकरण को संस्थागत रूप दे देती हैं—जहाँ समान नागरिक अधिकारों की बजाय धार्मिक पहचान के आधार पर सुविधाएँ दी जाती हैं। इसके परिणामस्वरूप एक समानांतर नागरिकता व्यवस्था खड़ी हो जाती है जिससे अल्पसंख्यक तुष्टिकरण शासन व्यवस्था का एक अभिन्न अंग बन जाता है।

संविधान का छलपूर्ण बदलाव

भारत के संविधान में शुरू में “धर्मनिरपेक्ष” (secular) शब्द शामिल नहीं था। इसे 1976 में आपातकाल के दौरान 42वें संविधान संशोधन के ज़रिए जोड़ा गया—उस दौर में जब लोकतंत्र कमजोर पड़ गया था, नागरिक अधिकारों को कुचल दिया गया था, और संसद की स्वतंत्रता पर रोक लगा दी गई थी।

इस संशोधन को लेकर संविधान सभा के मूल सदस्यों ने कभी कोई चर्चा नहीं की थी, लेकिन इसके शामिल होने ने भारत के लोकतांत्रिक ढाँचे पर गहरा वैचारिक असर डाला। शुरू में भारत में धर्मनिरपेक्षता का मतलब था—“सर्व धर्म समभाव,” यानी सभी धर्मों का समान आदर। लेकिन समय के साथ यह विचार धीरे-धीरे एक ऐसे औज़ार में बदल गया, जिससे हिंदुओं की चिंताओं और अधिकारों को दबाया जाने लगा। “सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने” के नाम पर चुनिंदा तरीके से सिर्फ़ हिंदू समुदाय को ही उसके धार्मिक अधिकारों से वंचित किया गया।

इस वैचारिक पक्षपात के कुछ प्रमुख उदाहरण इस प्रकार हैं:

  • हिंदू त्योहारों पर पाबंदियाँ— महाराष्ट्र में दही हांडी या तमिलनाडु में जल्लीकट्टू जैसे पारंपरिक आयोजनों पर कोर्ट के आदेश या सरकारी नियंत्रण लगाए गए, जबकि अल्पसंख्यक समुदायों की धार्मिक शोभायात्राओं और आयोजनों को अक्सर पुलिस सुरक्षा और प्रशासनिक सहयोग मिलता है।[9]
  • फिल्मों और पुस्तकों में हिंदू विषयों पर सेंसरशिप— किसी फिल्म या किताब में यदि हिंदू धर्म से जुड़े मुद्दे उठाये जाते हैं, तो उस पर प्रतिबंध या अंकुश लगा दिये जाते हैं। लेकिन, अल्पसंख्यक धर्मों से जुड़े विषयों को ईशनिंदा कानून और “धार्मिक भावनाओं” के नाम पर विशेष सुरक्षा प्राप्त होती है।[10]
  • सरकारी पाठ्यपुस्तकों से हिंदू धर्म संबंधित विषयों को हटाना या उनके प्रभाव को कम करना— हिंदू संस्कृति, इतिहास और परंपराओं संबंधी सामग्री को स्कूली किताबों से या तो पूरी तरह से हटा दिया गया है या उसे इस प्रकार से तोड़ मरोड़ दिया जाता है जिससे हिंदू धर्म का एक नकारात्मक और विकृत चित्र पेश किया जा सके। इसके विपरीत जब बात ईसाई और इस्लामिक शैक्षणिक संस्थानों की आती है, तो अनुच्छेद 30 के तहत उन्हें अपने धार्मिक स्वरूप को बनाए रखने की पूरी छूट दी गयी है।[11]

न्यायमूर्ति जे.एस. वर्मा जैसे क़ानून विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय धर्मनिरपेक्षता में “विवेचनात्मक असंगति” (interpretive incoherence) है — अर्थात् ऐसा सिद्धांत जो सभी धर्मों के प्रति तटस्थ रहने की बात करता है, लेकिन व्यवहार में हिंदू धर्म के प्रति पक्षपाती और भेदभावपूर्ण रवैया अपनाता है। संविधान में “धर्मनिरपेक्ष” शब्द जोड़ने से व्यावहारिक तौर पर धार्मिक परंपराएँ कमजोर हुई हैं। इससे पहचान आधारित वोट बैंक की राजनीति को भी बढ़ावा मिला है।

राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग और धर्मनिरपेक्षता की विकृत व्याख्या ने मिलकर एक ऐसी व्यवस्था बनाई है जिसमें शासन व्यवस्था “न्याय” के नाम पर पक्षपात करती है। इसका नतीजा यह निकला है कि भारत में सच्ची धर्मनिरपेक्षता नहीं, बल्कि एक असंतुलन उत्पन्न हो गया है—जहाँ बहुसंख्यक धर्म (हिंदू धर्म) को सख्ती से नियंत्रित किया जाता है, जबकि अल्पसंख्यक समुदायों को सरकारी संरक्षण मिलता है।

सभ्यता के पुनरावलोकन की ओर

इन हिंदू-विरोधी नीतियों का मिला-जुला असर यह हुआ है कि स्वतंत्र भारत में धीरे-धीरे हिंदुओं की स्वतंत्रता और स्वायत्तता कमज़ोर होती चली गई। जो शुरुआत में सिर्फ क़ानूनी असमानता थी, वह अब पूरी तरह से सांस्कृतिक उपेक्षा में बदल चुकी है। वह सभ्यतागत ढांचा, जिसने कभी विविधता और सह-अस्तित्व को बढ़ावा दिया था, आज उन्हीं संस्थाओं और विचारधाराओं से घिर गया है जो बहुसंख्यक हिंदू समाज को या तो हाशिये पर धकेल  देते हैं, या उसे संदेह की निगाह से देखते हैं।

मंदिरों का संचालन सरकारी अफसरशाही के हाथ में है; त्योहारों पर कोर्ट की निगरानी और सरकारी नियमों की बंदिशें लगी हैं; पवित्र धरोहरों को “मिथक” कहकर खारिज कर दिया जाता है। इसके अलावा हिंदू प्रतीकों, ग्रंथों व परंपराओं का पॉपुलर संस्कृति में बढ़ चढ़कर मज़ाक़ उड़ाया जाता है। हिंदू धर्म और संस्कृति को पॉपुलर संस्कृति के हाथों तो अपमानित होना ही पड़ता है, साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में भी हिंदू सभ्यता, संस्कृति और इतिहास से जुड़ी सामग्री को अक्सर पाठ्यक्रम से बाहर कर दिया जाता है। साथ ही, सार्वजनिक विमर्श में हिंदुओं को दमनकारों की तरह चित्रित किया जाता है— उन स्थितियों में भी जहाँ वे ऐतिहासिक रूप से पीड़ित रहे हैं—जैसे मंदिरों की तोड़फोड़, विभाजन के दौरान हुई हिंसा, या उनकी सांस्कृतिक परंपराओं को हथियाना।

सभ्यतागत पहचान का यह ह्रास अपने चरम पर पहुँच चुका है। इसलिए अब इस प्रक्रिया पर लगाम लगाना समय की माँग है। जब किसी समाज का बहुसंख्यक वर्ग अपनी ही सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से कट जाता है, तो देश की एकता और शक्ति दोनों कमजोर पड़ने लगती हैं। जब स्टेट अपने मूल समाज के ऐतिहासिक दर्द और योगदान को स्वीकार नहीं करती, तो उसकी नैतिक विश्वसनीयता भी डगमगाने लगती है।

भारत इस समय एक बेहद निर्णायक मोड़ पर खड़ा है। अब हमें एक ‘हिंदू नागरिक अधिकार’ आंदोलन की ज़रूरत है — ऐसा आंदोलन जो हिंदुओं के लिए कोई विशेष सुविधा नहीं, बल्कि समान अधिकार माँगे। हिंदू समाज को एक ऐसे सभ्यतागत आंदोलन की सख़्त ज़रूरत है जो दूसरों पर हावी होने के लिए नहीं, बल्कि अपने स्वाभिमान और गरिमा की रक्षा के लिए डटा रहे, जो बदले की भावना से नहीं, बल्कि धर्म के मार्गदर्शन से प्रेरित हो।

संतुलन को फिर से कायम करना

इन विकृतियों को सुधारने के लिए भारत को एक व्यापक सुधार एजेंडा अपनाना होगा, जो संस्थागत संतुलन और सभ्यतागत प्रामाणिकता को बहाल करे:
  • कानूनी सुधार: Places of Worship Act, 1991 जैसे भेदभावपूर्ण कानूनों को निरस्त या संशोधित करना बेहद ज़रूरी है। इस प्रकार के क़ानूनों पर यदि अंकुश नहीं लगाया गया तो वह दिन दूर नहीं जब हिंदुओं के ख़िलाफ़ हुआ ऐतिहासिक अन्याय स्थायी रूप ले लेगा। इसके साथ हीWaqf Act,1995 में भी सुधार की अतिशीघ्र आवश्यकता है ताकि पारदर्शिता, ज़वाबदेही और ज़मीन के मामलों में बराबरी सुनिश्चित की जा सके।
  • संस्थागत समानता: हिंदू संस्थाओं को भी वही संवैधानिक सुरक्षा, वित्तीय सहायता, और शैक्षिक स्वायत्तता दी जानी चाहिए, जैसी अल्पसंख्यक समुदायों को दी जाती है।
  • मंदिरों की पुनः प्राप्ति और उद्धार: HRCE एक्ट्स के ज़रिये सरकार द्वारा किए जा रहे मंदिरों के नियंत्रण को खत्म कर, उनके प्रबंधन को फिर से पारंपरिक और समुदाय आधारित ढांचे के हवाले किया जाए।
  • सांस्कृतिक संप्रभुता: भारत की पवित्र धरती के भौगोलिक प्रतीकों और धार्मिक धरोहर — चाहे वो रामसेतु हो, काशी विश्वनाथ हो, या मथुरा जन्मभूमि — को पहचान देना, संरक्षित करना और बढ़ावा देना बेहद ज़रूरी है। सभ्यता की स्मृति को वोटबैंक की राजनीति के भेंट नहीं चढ़ाया जाना चाहिये। इसमें पाठ्यपुस्तकों की विकृतियों को ठीक करना, धर्म आधारित शोध संस्थाओं को समर्थन देना, और पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों की रक्षा करना भी शामिल है।

यह सिर्फ हिंदुओं को न्याय देने की बात नहीं है, बल्कि भारतीय गणराज्य में संतुलन, ईमानदारी और प्रामाणिकता को पुनः स्थापित करने की बात है। एक सच्चा धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र उस सत्यता की कसौटी पर तभी खरा उतरता है जब वह सभी के साथ बराबरी का व्यवहार करे। लेकिन जब तक भारत की सभ्यतागत बहुसंख्यक आबादी को अपने ही देश में उपनिवेशिक मानसिकता के तहत देखा जाता रहेगा, तब तक यह बराबरी संभव नहीं है। अब समय आ गया है कि हम अपने धर्म को लेकर भीरु और कायरों वाला रवैया अपनाते हुए लगातार माफ़ी माँगना बंद करें, बल्कि यह सुनिश्चित करें कि लोकतंत्र की जड़ों को धर्म ही सिंचित कर उन्हें मज़बूती प्रदान करे।

समापन टिप्पणी  

कानूनों और संस्थाओं से परे भी एक दुनिया होती है — सांस्कृतिक स्मृति की दुनिया — जहाँ सभ्यताएँ या तो बचाई जाती हैं, या फिर वे गुमनामी के अंधेरों में लुप्त हो जाती हैं। हज़ारों सालों तक भारत की स्मृतियाँ सिर्फ़ ग्रंथों और मंदिरों में ही नहीं, बल्कि लोककथाओं, त्योहारों, प्रतीकों और रोज़मर्रा की धार्मिक परंपराओं में भी जीवंत रहीं। आज वही स्मृति निशाने पर है:

  • कभी स्कूल की किताबों के ज़रिए, जहाँ आक्रमणकारियों के अपराधों को या तो पूरी तरह से छुपा दिया जाता है या उनकी लीपापोती कर दी जाती है।
  • कभी फ़िल्मों के ज़रिए, जहाँ धर्म से जुड़ी परंपराओं का मज़ाक उड़ाया जाता है।
  • और कभी सार्वजनिक विमर्श के ज़रिए, जहाँ हिंदू पहचान को ही एक समस्या के रूप में पेश किया जाता है।

एनसीईआरटी (NCERT) की किताबों में आज भी मंदिरों के विध्वंस को हल्के में लिया जाता है, इस्लामिक तंत्र के मूर्ति-विरोधी रवैये को या तो छुपा दिया जाता है, या ऐसे चित्रित किया जाता है मानो कोई मामूली सी बात हो। इसके अलावा इन किताबों में भक्तिकालीन संतों को आध्यात्मिक साधक के रूप में नहीं, बल्कि तथाकथित ब्राह्मणवाद के खिलाफ़ विद्रोह करने वाले बाग़ी के रूप में पेश किया जाता है। अब अगर बॉलीवुड की बता करें तो यह अक्सर हिंदू प्रतीकों को तोड़-मरोड़ कर दिखाता है — राक्षसों को बेचारे और पीड़ित के रूप में चित्रित करता है, जबकि संतों को चालाकी और मक्कारी में लिप्त संदिग्ध व्यक्तियों के रूप में पेश करता है। उधर विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में, जो मार्क्सवादी विचारधारा से प्रभावित हैं, वहाँ भारत की पूरी सभ्यतागत यात्रा को बस एक “बहुसंख्यकवादी मिथक” कहकर खारिज कर दिया जाता है।

सांस्कृतिक स्मृति का यह दमन कोई संयोग नहीं है। बल्कि यह एक सोची-समझी साज़िश है हिंदुओं को उनकी जड़ों से अलग-थलग करने के लिए ताकि वे पश्चिमी सार्वभौमिकता और एकपक्षीय अब्राहमिक सोच जैसी विचारधाराओं के दबाव में आसानी से आ जाएँ। जब किसी समाज को उसकी स्मृतियों से काट दिया जाता है, तो उसे गुमराह करना, बहकाना और काबू में लेना बहुत आसान हो जाता है।

इस सांस्कृतिक स्मृति को पुनः जीवित करना कोई पुरानी यादों में खो जाने वाली बात नहीं है — यह हमारे अस्तित्व से जुड़ा हुआ एक बेहद संवेदनशील मुद्दा है। इसका मतलब है:

  • स्थानीय ज्ञान परंपराओं को फिर से अपनाना।
  • पवित्र स्थलों की रक्षा करना।
  • इतिहास को ईमानदारी से पढ़ाना।
  • और धर्म-संस्कृति पर गर्व करना।

सभ्यता से जुड़ी आत्म-सम्मान की भावना को किसी और के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता — इसे ख़ुद जीना पड़ता है, इसके महत्व को जानना समझना पड़ता है, दूसरों को समझाना पड़ता है, और इसे हर स्तर पर बचाना पड़ता है।

भारत की आत्मा को जीवित रखने की यह लड़ाई सिर्फ अदालतों या संसदों में नहीं जीती जाएगी। इसकी जीत का बिगुल उन घरों में बजेगा, इस विजय की हर्षध्वनि उन मंदिरों में सुनाई पड़ेगी, यह जीत उन कक्षाओं और सांस्कृतिक स्थानों की होगी — जहाँ-जहाँ हिंदू याद रखेंगे कि वे कौन हैं, और आख़िर क्यों यह सभ्यतागत स्मृति कभी मिटनी नहीं चाहिए।

संदर्भ सूची 

[1] Waqf through the ages: How Rs 1-lakh crore property owner board acquires land and what the govt aims to change; https://economictimes.indiatimes.com/news/india/waqf-through-the-ages-how-rs-1-lakh-crore-property-owner-board-acquires-land-and-what-the-govt-aims-to-change/articleshow/112365585.cms?utm_source=chatgpt.com&from=mdr

[2] Waqf property: Its distribution across the states, UTS; https://www.newindianexpress.com/nation/2025/Apr/07/waqf-property-its-distribution-across-the-states-uts?utm_source=chatgpt.com

[3] GOVERNMENT OF INDIA, MINISTRY OF MINORITY AFFAIRS, RAJYA SABHA UNSTARRED QUESTION NO. 2610 TO BE ANSWERED ON 09 AUGUST 2016, Value of land possessed by Waqf Board; https://sansad.in/getFile/annex/240/Au2610.pdf?source=pqars&utm_source=chatgpt.com

[4] No historical proof of Ram, Centre tells SC; https://timesofindia.indiatimes.com/india/no-historical-proof-of-ram-centre-tells-sc/articleshow/2363595.cms

[5] Acts of Deceit: How ‘Places of Worship Act’ Legitimizes Historical Injustice Against Hindus;

https://stophindudvesha.org/acts-of-deceit-how-places-of-worship-act-legitimizes-historical-injustice-against-hindus/?utm_source=chatgpt.com

[6] Constitutionality of the Places of Worship Act;

https://www.scobserver.in/cases/ashwini-kumar-upadhyay-union-of-india-constitutionality-of-the-places-of-worship-act-case-background/?utm_source=chatgpt.com

[7] National Commission for Minorities Act (1992); https://www.minorityaffairs.gov.in/WriteReadData/RTF1984/1658314068.pdf

[8] Ministry of Minority Affairs (2006); https://www.minorityaffairs.gov.in/show_content.php?lang=1&level=1&ls_id=37&lid=36#:~:text=The%20Ministry%20of%20Minority%20Affairs,%2C%20Sikhs%2C%20Parsis%20and%20Jain.

[9] Dahi Handi & Jallikattu: SC’s Meddling In Hindu Rituals Is Direct Attack On Freedom Of Religion; https://swarajyamag.com/culture/dahi-handi-and-jallikattu-scs-meddling-in-hindu-rituals-is-direct-attack-on-freedom-of-religion

[10] IPC 295A; https://devgan.in/ipc/section/295A/

[11] De-Hinduizing the History Syllabus: The Secret Directive of Nurul Hasan’s Deputy, H.S. Khan; https://www.dharmadispatch.in/commentary/de-hinduizing-the-history-syllabus-the-secret-directive-of-nurul-hasans-deputy-hs-khan

Aditi Joshi
Aditi Joshi
Aditi Joshi is a Delhi-based history graduate, researcher, writer, content strategist, and cultural commentator focused on reclaiming Indic civilizational perspectives and historical accuracy. She is the Founder of Itihasdhir (इतिहासधीर), launched in 2023, a platform for thoughtful discussions on Indian history, historians’ influence, book reviews, scholar interviews, and forgotten aspects of Bharat’s past. Currently, she serves as Content Manager at Upword Foundation, contributing to content strategy and creation on cultural, historical, and societal topics aligned with Indic values. An aligned effort of the Upword Foundation and Itihasdhir is a bookclub namely, Bookmarkers. A passionate folklore enthusiast, she is also an artist and translator, blending creativity with scholarship to highlight India’s cultural depth and challenge misrepresentations. Her work addresses colonial distortions of Hindu Dharma, erasure of symbols, caste narratives, and Sanātana traditions’ survival.
See All Contributions

Donate to HINDUDVESHA

Our Mission is to explore and expose Hindudvesha through research analysis, education and response.

SUPPORT US