शोध या षड्यंत्र? पश्चिमी अकादमिक यंत्र का हिन्दू धर्म की बौद्धिक हत्या का एजेंडा
- पश्चिमी तथा कथित विद्वानों ने हिंदू परंपरा की बौद्धिक गहराई को नज़रअंदाज़ कर, उसे सामाजिक कुरीतियों और रूढ़ियों के चश्मे से देखा है, और उसी आधार पर पूरे धर्म को परिभाषित कर दिया है।
- जो घृणा पहले हथियारों से फैलाई गई थी, अब वही ज़हर ‘अकादमिक स्वतंत्रता’ के नाम पर फैलाया जा रहा है—मकसद अब भी वही है: सनातन धर्म को मिटाना।
- हिंदुओं को अपने ही धर्म पर बोलने का अधिकार नहीं है, और जिन लोगों का इससे कोई नाता नहीं है, वे स्वयं को ‘विशेषज्ञ’ बताकर हिंदू धर्म की परिभाषा तय कर रहे हैं।
- हमारे शास्त्रों को ऐसे लोगों ने तोड़ा-मरोड़ा है जिनकी सोच बस फ़्रायड, मार्क्स और बाइबिल में अटकी है; उन्हें न वेदों की भाषा समझ आई, न भाव।
- अब हिंदू समाज जग चुका है और इस बौद्धिक हमले का डटकर सामना कर रहा है।
पिछले कई दशकों से, पश्चिमी इंडोलॉजिस्टों और विचारधारात्मक आलोचकों का एक बड़ा वर्ग हिंदू धर्म को केवल मिथकों, जातिगत शोषण और कुछ “अजीब” से दिखने वाले रीति-रिवाजों का मेल बताकर छोटा करने में जुटा है। ये विकृतियाँ अक्सर उपनिवेशवादी मानसिकता और धर्मांतरणवादी सोच से पैदा हुई हैं, जो हिंदू धर्म को एक “पिछड़ी” परंपरा बताती हैं, जिसे या तो सुधारने या मिटा देने की ज़रूरत है। विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रमों से लेकर मीडिया और मिशनरी गिरोहों तक, सभी ने मिलकर हिंदू धर्म को इस तरह पेश किया है जो उसकी गहरी दार्शनिकता, नैतिक बहुलता और आध्यात्मिक परिपक्वता को पूरी तरह नज़रअंदाज़ करता है।
शिक्षा की ओट में बौद्धिक बर्बरता
हाल ही में टेक्सास विश्वविद्यालय, ऑस्टिन (Texas University, Austin) में “हिंदू धर्म का परिचय” नामक एक पाठ्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हुआ। इस कोर्स के विवरण में धृष्टता से लिखा गया था कि हिंदू विश्वास “अंधविश्वास” पर आधारित हैं, और जाति व्यवस्था को इस परंपरा के “मुख्य स्तंभों” में से एक बताया गया, बिना इस बात की कोई समझ दिखाए कि जाति एक जटिल और ऐतिहासिक रूप से विकसित हुई सामाजिक व्यवस्था है, और इसके भीतर ही कई आंतरिक सुधार आंदोलनों ने काम किया है। इस प्रकार का सरलीकरण न सिर्फ एक संपूर्ण सभ्यता की आध्यात्मिक विरासत को तोड़ मरोड़ कर प्रस्तुत करता है, बल्कि उसे अपमानजनक ढंग से रेखांकित भी करता है। जब कुछ छात्रों और हिंदू संगठनों ने विरोध तो उनकी बातों को लगभग नज़रअंदाज़ कर दिया गया। पाठ्यक्रम में वही पुराना पश्चिमी एजेंडा चलता रहा – कभी ईसाई धर्मशास्त्र की श्रेष्ठता दिखाने के लिए, तो कभी मार्क्सवादी वर्ग संघर्ष के चश्मे से देखकर। इन सबके बीच हिंदू धर्म की अपनी स्वदेशी ज्ञान-प्रणाली और दार्शनिक परंपरा को पूरी तरह भुला दिया गया।[1][2]
ऐसा और उदाहरण एक ऐसे प्रोफेसर का है, जिन्हें इंडोलॉजी के क्षेत्र में खासी प्रतिष्ठा प्राप्त है। शक्ति जैसी गहन और दार्शनिक अवधारणा को उन्होंने हल्के में लेकर “आदिम देवी पूजा” कह डाला—मानो तांत्रिक दर्शन और अद्वैत वेदांत की जटिलता कोई लोककथा हो, और आध्यात्मिक चेतना सिर्फ किसी जनजातीय अनुष्ठान की गलतफहमी। प्रोफेसर की यह टिप्पणी न केवल बौद्धिक अज्ञानता को दर्शाती है, बल्कि एक सुनियोजित विकृति का भी संकेत देती है। इस तरह की टिप्पणियाँ, चाहे वे कितनी ही ‘अकादमिक’ भाषा में क्यों न कही जाएं, दरअसल हिंदू धर्म की दार्शनिक बुनियाद को एक सांस्कृतिक विचित्रता के रूप में पेश करती हैं, और उसी उपनिवेशवादी मानसिकता को दोहराती हैं, जो गैर-पश्चिमी परंपराओं को पिछड़ेपन का हास्यास्पद उदाहरण मानती है।[3]
एक और दाहरण यूनिवर्सिटी ऑफ ह्यूस्टन (University of Houston) में सामने आया, जहाँ एक छात्र ने प्रोफेसर उल्लरे के पाठ्यक्रम “लिव्ड हिंदू रिलिजन” पर आपत्ति जताई। छात्र का आरोप था कि इस कोर्स में हिंदू धर्म को एक प्राचीन, जीवंत परंपरा के रूप में नहीं, बल्कि एक राजनीतिक औज़ार के रूप में चित्रित किया गया है, जिसे तथाकथित “हिंदू राष्ट्रवादी” अपने हित में इस्तेमाल करते हैं और जो अल्पसंख्यकों के विरुद्ध एक दमनकारी संरचना के रूप में प्रस्तुत किया गया। विश्वविद्यालय ने कोर्स का बचाव करते हुए इसे अकादमिक स्वतंत्रता और धर्म अध्ययन की आधुनिक पद्धतियों के तहत उचित ठहराया। लेकिन प्रश्न उठता है कि क्या यह वास्तव में निष्पक्ष और बौद्धिक रूप से ईमानदार विश्लेषण है, या फिर उसी पुरानी घिसी पिटी सोच का एक रूप है जो हिंदू धर्म को हमेशा संदेह, राजनीति और संकुचित विमर्श के चश्मे से देखती आई है?[4][5]
एक और भी ज़्यादा गंभीर मामला कैलिफ़ोर्निया के एक पब्लिक हाई स्कूल में सामने आया, जहाँ स्कूल की पाठ्यपुस्तकों में हिंदू धर्म को अव्यवस्थित बहुदेववादी परंपरा के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसमें जानवरों की पूजा, धार्मिक अशुद्धता, और सामाजिक भेदभाव को इसकी मुख्य पहचान बना दिया गया। इसके विपरीत, ईसाई धर्म को एक नैतिक, एकेश्वरवादी और सामाजिक रूप से प्रगतिशील परंपरा के रूप में चित्रित किया गया, जैसे वह नैतिकता और करुणा का एकमात्र स्रोत हो। हिंदू समुदाय ने इस स्पष्ट पक्षपात के खिलाफ तुरंत आवाज़ उठाई। उन्होंने पाठ्यपुस्तकों में सुधार की माँग की ताकि हिंदू धर्म को उसकी वास्तविक, संतुलित और गरिमापूर्ण छवि में प्रस्तुत किया जा सके। हालांकि यह कोई इत्तिफ़ाक नहीं है बल्कि उसी पुराने मानसिक ढाँचे की उपज है जहाँ हिंदू धर्म को या तो हास्यास्पद बना दिया जाता है या हाशिए पर डाल दिया जाता है, जबकि अब्राहमिक परंपराओं को ‘श्रेष्ठ आध्यात्मिक मानक’ मान लिया जाता है।[6]
छद्म विद्वत्ता की आड़ में सरलीकरण
इन सभी घटनाओं में एक ही बात दिखाई देती है कि यह सिर्फ अज्ञानता नहीं है, बल्कि एक उपनिवेशवादी नज़रिए को लगातार बनाए रखने की कोशिश है – ऐसा नज़रिया जो हिंदू धर्म को हमेशा अब्राहमिक धर्मों की सोच या भौतिकवादी आलोचना के चश्मे से ही देखना चाहता है।
इसमें रिवाजों को अंधविश्वास, जाति को पूरे धर्म की पहचान, और आध्यात्मिक चिंतन को दुनिया से भागने की प्रवृत्ति बता दिया जाता है।
इस तरह की सतही और ग़लत व्याख्याओं के विपरीत, सनातन धर्म एक बहुत गहरा, संतुलित और आत्मसंगत दर्शन प्रस्तुत करता है—जो धर्म (कर्तव्य), कर्म (कर्मफल), मोक्ष (मुक्ति) और आत्मविद्या (आत्मा की पहचान) जैसे सिद्धांतों पर आधारित है। ये मूल बातें अक्सर पश्चिमी पाठ्यपुस्तकों और व्याख्यानों से या तो पूरी तरह ग़ायब कर दी जाती हैं या फिर तोड़-मरोड़ कर पेश की जाती हैं, जहाँ मनौविश्लेषण, नारीवाद और मार्क्सवाद जैसे दृष्टिकोणों को ही मानक मान लिया जाता है, भले ही वे सनातन परंपरा की सोच से मेल न खाते हों।
वैचारिक पहरेदारी
पश्चिमी अकादमिक जगत ने ऐसा माहौल बना लिया है जहाँ केवल उसी की आवाज़ गूंजती है। जो हिंदू परंपराओं को जीते हैं—चाहे वे आस्तिक साधक हों या पारंपरिक विद्वान—उन्हें अक्सर “पक्षपाती” या “आलोचनात्मक दृष्टिकोण से रहित” बताकर किनारे कर दिया जाता है। वहीं, जिन पश्चिमी विद्वानों का ज़मीनी अनुभव बेहद सीमित है, उन्हें “निष्पक्ष” माना जाता है। इस उलटी व्यवस्था ने ऐसी स्थिति पैदा कर दी है जहाँ जो लोग सबसे ज़्यादा इस परंपरा से जुड़े हुए हैं, उनकी आवाज़ दबा दी जाती है; और जिनका संस्कृति से कोई दूर का भी संबंध नहीं है या जो इससे खुलेआम शत्रुता रखते हैं, वही तय करते हैं कि हिंदू धर्म पर क्या कहा जाए और कैसे कहा जाए।
वेंडी डोनिगर (Wendy Doniger) जैसे कई पश्चिमी विद्वान तो हिंदू धर्म के प्रति बेहद विरोधात्मक रवैया अपनाते रहे हैं। वे इसके पवित्र ग्रंथों को बार-बार ऐसे नज़रिए से पेश करते हैं जो या तो अत्यधिक यौनात्मक, सरलीकृत या सनसनीखेज होता है—जिससे ग्रंथों की आध्यात्मिक गहराई और दार्शनिक गरिमा पूरी तरह नष्ट हो जाती है।
डोनिगर की पद्धति रामायण और भगवद्गीता जैसे ग्रंथों को आध्यात्मिक या दार्शनिक प्रकाश नहीं, बल्कि संस्कृति आधारित वस्तुएँ मानती है जिन्हें फ्रायड या नारीवादी दृष्टिकोण से मनोविश्लेषण किया जा सकता है। यह तरीका न सिर्फ पारंपरिक व्याख्याओं और श्रद्धा को नकारता है, बल्कि सीधे-सीधे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाता है।
उनकी किताब The Hindus: An Alternative History में ऐसे कई उदाहरण हैं—जैसे भगवान गणेश के सिर को फ्रायडीय दृष्टि से लिंग-विच्छेदन (castration) का प्रतीक बताना—जो हिंदू समाज के लिए न सिर्फ अपमानजनक हैं, बल्कि जानबूझकर भड़काने वाले हैं। ऐसी व्याख्याएँ भले ही कुछ पश्चिमी श्रोताओं को “बोल्ड” लगें, लेकिन वे उस समुदाय को आहत करती हैं जिसकी आस्था पर ये बातें कही जा रही हैं।[7][8]
राजीव मल्होत्रा ने अपनी किताब The Battle for Sanskrit में इस बात पर विस्तार से चर्चा की है कि कैसे डोनिगर जैसे लोग हिंदू धर्म को एक विदेशी आकर्षक वस्तु की तरह पेश करते हैं। लेकिन जब खुद हिंदू अपने धर्म को आध्यात्म, धर्म और मोक्ष जैसे स्वदेशी सिद्धांतों से समझाते हैं, तो उनकी आवाज को दबा दिया जाता है।
2014 में भारत में इस किताब के खिलाफ एक मुक़दमे के बाद The Hindus: An Alternative History को बाज़ार से वापस ले लिया। हालांकि इस घटना ने “अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता” और “सेंसरशिप” की बहस को काफी भड़काया, परंतु साथ में इस तथ्य को भी उजागर किया कि पश्चिमी शैक्षणिक दृष्टिकोण और हिंदू जीवन की जमीनी सच्चाई के बीच गहरी खाई मौजूद है।
डोनिगर जैसे तथाकथित विद्वानों की सोच सिर्फ एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि एक बड़े और लगातार चल रहे उपनिवेशवादी नज़रिए की निशानी है, जिसे ‘शोध’ और ‘अकादमिक भाषा’ का जमा पहना कर पेश किया जाता है। वे हिंदू धर्म को अजीबो-गरीब रस्मों, विदेशी दिखने वाले देवी-देवताओं और दबे हुए यौन विचारों का भंडार बताकर पेश करती हैं। यह बौद्धिक गुलामी का नया रूप है, जहाँ ऋषियों की परंपरा अब ऐसे हाथों में कैद हो चुकी है जो उसे तर्क के तराजू पर तोलते हैं, लेकिन भाव और अनुभव से कोरे हैं। और जो इसके विरुद्ध आवाज़ उठाए, उसे ‘पक्षपाती’ कहकर चुप करा दिया जाता है।
यह कैसी विडंबना है कि जो धर्म अपने भीतर अनगिनत देवताओं, मार्गों और मतों को सहजता से समाहित करता है, उसे ही आज संकीर्ण सोच का प्रतीक बना दिया गया है, जहाँ इष्टदेवता को मूर्तिपूजा बना दिया जाता है, अद्वैत को भ्रम, और भक्ति को भावुकता। ये बीमारी सिर्फ बौद्धिक आलस्य का नतीजा नहीं है, बल्कि पीढ़ियों से चला आ रहे हिन्दू द्वेष का परिणाम है।
लेकिन सभी पश्चिमी चिंतक अंधे नहीं थे
“केवल एक योग्य व्यक्ति ही दूसरे की योग्यता को पहचान सकता है” — थॉमस कार्लाइल (1795–1881), ब्रिटिश इतिहासकार और चिंतक
जैसा कि हम बता चुके हैं, कई ऐसे यूरोपीय लेखक, जिन्होंने कभी भारत में कभी पैर भी नहीं रखा था, ने हमारी परंपरा को ‘जंगली’, हमारी आस्था को ‘अंधविश्वास’, और हमारे पूर्वजों को ‘असभ्य’ बताने का काम किया। इन गलतफहमियों ने आज भी पश्चिम की सोच को ग़लत दिशा में मोड़ रखा है।
जब पूर्वी दुनिया—चीन, फारस और अरब—भारत की विद्या के आगे नतमस्तक हो चुकी थी, तब यूरोप अभी अज्ञान के अंधेरे में था। सोलहवीं शताब्दी में जब रास्ते खुले, तो कुछ जिज्ञासु आत्माओं ने पहली बार भारत की वाणी को सुना और संस्कृत ग्रंथों को समझने की कोशिश की—एशियाटिक सोसायटी जैसी संस्थाएँ उसी जिज्ञासा का परिणाम थीं।
लेकिन 19वीं सदी के मध्य तक आते-आते यह जिज्ञासा उपनिवेशवाद की एक राजनीतिक ज़रूरत में बदल गई—भारत को नीचा दिखाकर उसकी दार्शनिक समृद्धि को खारिज करने की ज़रूरत। अब मक़सद समझना नहीं था, बल्कि यह साबित करना था कि विदेशी शासन भारत को ‘बचाने’ के लिए अति आवश्यक है। इस तरह उपनिवेशवादी परियोजना ने विद्वता का चोला पहन लिया। लेकिन उसका असली उद्देश्य हिन्दू संस्कृति को नीच दिखाना और हिन्दू समाज को नियंत्रण करना था।
लेकिन इस अपमान और पूर्वग्रह के बीच कुछ सत्यनिष्ठ विचारक ऐसे भी थे जिन्होंने भारत की आत्मा को पहचाना। उन्होंने इसे न केवल एक महान परंपरा के रूप में देखा, बल्कि ऐसी सभ्यता माना जिससे समूची मानवता को दिशा मिल सकती है। उनके लेख और कथन इस बात की पुष्टि करते हैं कि भारत की परंपरा केवल पूज्य नहीं, एक समग्र वैश्विक दृष्टिकोण के लिए आवश्यक है।[9]
- राल्फ वाल्डो एमर्सन, अमेरिकी लेखक और विचारक
“भारत के ग्रंथ केवल धार्मिक या सांस्कृतिक दस्तावेज़ नहीं, बल्कि एक चिरंतन चेतना के धरोहर हैं, जो न किसी काल की सीमाओं में बंधे हैं और न ही किसी भूगोल में। इनमें वह पुरातन बुद्धि बोलती है, जो आज के जटिलतम प्रश्नों को भी सहजता से छू जाती है। (The Journals and Miscellaneous Notebooks of Ralph Waldo Emerson, Vol. 10: 1847–1848)
- हेनरी डेविड थोरौ, अमेरिकी दार्शनिक और लेखक
हर सुबह मैं अपने मन को गीता के गहरे विचारों में डुबो देता हूँ। देवताओं के कई युग बीत चुके हैं, लेकिन आज भी वो ज्ञान हमारी आधुनिक दुनिया से कहीं ज़्यादा सच्चा और ताकतवर लगता है। (Walden; or, Life in the Woods, 1854)
- मार्क ट्वेन, अमेरिकी लेखक और व्यंग्यकार
“भारत मानव जाति की जन्मभूमि है, भाषा का उद्गम स्थल है, इतिहास की जननी है, पौराणिक कथाओं की नानी है, और परंपरा की परनानी है। मानव सभ्यता के इतिहास की सबसे कीमती और शिक्षाप्रद सामग्री केवल भारत में ही संचित है।” (Following the Equator: A Journey Around the World, 1897)
- पॉल डॉयसेन, जर्मन दार्शनिक और भारतविद
“आज की वैज्ञानिक खोजें जो भी हों, कोई इस बात से इनकार नहीं कर सकता कि उपनिषदों में जो शाश्वत सत्य प्रतिपादित किए गए हैं, वे आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। भले ही ये हमें आज थोड़े रहस्यमय लगें, लेकिन यदि कोई खुले मन से इन्हें पढ़े, तो वह वही आत्म-खजाना पा सकता है जो ऋषियों ने पाया था।” (Outlines of Indian Philosophy, 1907)
- रोमां रोलां, फ्रांसीसी लेखक और नोबेल पुरस्कार विजेता (1915)
“हिंदु धर्म ने धार्मिक आस्था को कभी वैज्ञानिक नियमों से टकराने की छूट नहीं दी गई। बल्कि वे सदा इस संभावना को स्वीकारते रहे कि तर्क के ज़रिए नास्तिक और अज्ञेयवादी भी सत्य तक पहुँच सकते हैं। यह सहिष्णुता पश्चिमी धार्मिक मान्यताओं के लिए चौंकाने वाली हो सकती है, लेकिन वेदांत की आत्मा में यह पूरी तरह समाहित है।” (The Life of Ramakrishna, 1929)
- हरमन कीज़रलिंग, जर्मन दार्शनिक
“दर्शन में भारत की पश्चिम पर जो स्पष्ट श्रेष्ठता है, वह किसी परिचय की मोहताज नहीं। महाभारत की कविता, जिसमें भगवद्गीता समाहित है—शायद विश्व साहित्य की सबसे सुंदर रचना है।”
(The Huston Smith Reader, 2012)
- विल ड्यूरांट, प्रसिद्ध अमेरिकी इतिहासकार
“संस्कृत यूरोप की भाषाओं की जननी। भारत माता हमारे दर्शन की माँ है; अरबों के माध्यम से हमारे गणित की माँ; बुद्ध के माध्यम से ईसाई धर्म में समाहित आदर्शों की माँ; और ग्राम स्वराज की परंपरा के ज़रिए लोकतंत्र और स्वशासन की भी माँ। माता भारत वास्तव में हम सभी की माँ है।” (The Case for India, 1931)
- ए. एल. बाशम, एक जाने माने इतिहासकार
“लंबे समय तक पश्चिम इस भ्रम के शिकार रहे कि दशमलव संख्या पद्धति अरबों कि देन है, लेकिन यह पूरी तरह गलत है। स्वयं अरबों ने गणित को ‘भारतीय कला’ (हिंदिसात) कहा है, और अब इस बात में कोई संदेह नहीं कि दशमलव पद्धति उन्होंने भारत के पश्चिमी तटीय व्यापारियों या 712 ईस्वी में सिंध पर हुए अरब आक्रमण के ज़रिए सीखी।” (The Wonder That Was India, 1954)
- इ सॉरमैन, फ्रांसीसी लेखक और दार्शनिक
“यूरोप में समय की जो धारणाएँ थीं, वे भारत की ‘शाश्वतता’ से टकराकर बिखर गईं। भारत के असंख्य ब्रह्मांडीय चक्रों ने बताया कि दुनिया बाइबिल में बताए समय से कहीं अधिक पुरानी है। ऐसा लगता है जैसे भारतीय मस्तिष्क डार्विन के विकासवाद और खगोल-भौतिकी की काल गणनाओं से पहले से ही अवगत था। उदाहरण के लिए, हिंदू ब्रह्मांड विज्ञान, जो प्राचीनतम काल में जन्मा, आधुनिक विज्ञान की कई बातों के साथ आश्चर्यजनक समानता रखता है। भारत ने कभी समय को कुछ हज़ार सालों तक सीमित नहीं रखा—हज़ारों वर्ष पहले ही भारत के ऋषियों ने पृथ्वी की आयु दो अरब वर्षों से अधिक बताई थी, और वर्तमान युग को सप्तम मन्वंतर कहा। यह दावा चौंकाने वाला है—क्योंकि पश्चिम में इतनी विशाल समय-सीमा की कल्पना करने से पहले असंख्य वैज्ञानिक प्रमाणों की ज़रूरत पड़ी।” (The Genius of India, 2001)
- एर्विन श्रोडिंगर, क्वांटम भौतिक विज्ञानी और नोबेल पुरस्कार विजेता (1933)
“हम जिस तरह से चेतना को बहुवचन में देखते हैं, वैसा कोई ढाँचा वास्तव में अस्तित्व में नहीं है। यह तो हमने समय और व्यक्ति की बहुलता के आधार पर खुद गढ़ लिया है, जो एक झूठा निर्माण है… इस विरोधाभास का एकमात्र समाधान, जो संभव हो सकता है, वह हमें प्राचीन उपनिषदों की विद्या में ही मिलता है।” (My Life, My Worldview, 1961)
- वर्नर हाइज़ेनबर्ग, भौतिकी में नोबेल पुरस्कार विजेता (1932)
“भारतीय दर्शन पर हुई बातचीत के बाद क्वांटम भौतिकी के जो विचार पहले अजीब लगते थे, वे अचानक ज़्यादा समझ में आने लगे।” (Uncommon Wisdom: Conversations with Remarkable People, 1988)
- रॉबर्ट ओपेनहाइमर, ‘परमाणु बम के जनक’
“भगवद्गीता सिर्फ एक ग्रंथ नहीं, यह एक ऐसा दार्शनिक गीत है जिसकी सुंदरता हर भाषा की सीमा को पार कर जाती है।” (Sacred Jewels of Yoga, 2011)
- कार्ल सेगन, खगोल विज्ञानी और भौतिकशास्त्री
“विश्व की प्रमुख आस्थाओं में केवल हिंदू धर्म ही ऐसा है, जो यह मानता है कि ब्रह्मांड अनगिनत बार जन्म लेता है और पुनः समाप्त होता है। यह एकमात्र धर्म है जिसकी समय-गणना आधुनिक वैज्ञानिक ब्रह्मांड विज्ञान (scientific cosmology) के समय पैमानों से मेल खाती है।” (Cosmos, अध्याय 10 – “The Edge of Forever”, 1980)
- पॉल स्टाइनहार्ट, प्रिंसटन विश्वविद्यालय में ‘आल्बर्ट आइंस्टीन प्रोफेसर ऑफ साइंस’, और नील तुरोक, पेरिमीटर इंस्टीट्यूट, कनाडा के निदेशक
वैज्ञानिकों ने हाल ही में एक सिद्धांत को प्रस्तुत किया है जिसके अनुसार ब्रह्मांड का कोई एक प्रारंभ या अंत नहीं है, बल्कि यह निरंतर फैलने और सिमटने के चक्र से गुज़रता है। यह विचार 21वीं सदी की आधुनिक वैज्ञानिक भाषा में भले ही व्यक्त किया गया हो, पर इसकी जड़ें प्राचीन हिंदू दर्शन में हैं। वे वैज्ञानिक स्वयं स्वीकार करते हैं कि उनका यह चक्रीय मॉडल सदियों पुराने धार्मिक और वैज्ञानिक विचारों से प्रेरित है—जैसे 1930 के दशक का ‘oscillating universe’ मॉडल, और हिंदू मान्यता कि ब्रह्मांड सृजन और संहार के चक्र में निरंतर गतिशील है। (A Cyclic Model of the Universe, Science, 2002)
इसी तरह तुलसी गैबर्ड आज उस एकतरफा पश्चिमी धारणा को तोड़ने वाली एक सशक्त मिसाल हैं, जिसमें हिंदू धर्म को अक्सर भाग्यवादी, जातिवादी या जीवन से अलग-थलग दिखाया जाता है। उन्होंने न केवल अमेरिकी राजनीति में हिंदू पहचान को गर्व से अपनाया, बल्कि भगवद्गीता के सिद्धांतों—विशेष रूप से निष्काम कर्मयोग—को अपने जीवन के हर निर्णय में आधार बनाया, चाहे वह युद्धभूमि हो या संसद। उन्होंने अपने कर्म और धर्म के बीच कोई दूरी नहीं रखी, और खुले तौर पर कहा कि संकट की घड़ी में गीता ही उनका नैतिक मार्गदर्शक रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गीता भेंट करना केवल कूटनीति नहीं था, बल्कि यह इस बात की घोषणा थी कि सनातन धर्म की शिक्षाएँ आज भी वैश्विक प्रासंगिकता रखती हैं।[10][11][12]
समापन
पश्चिमी इंडोलॉजी में हिंदू धर्म को लेकर जो आख्यान रचे गए हैं, वे अकसर विद्वतापूर्ण शोध से ज़्यादा बौद्धिक उपनिवेशवाद के औज़ार साबित हुए हैं। ये आलोचनाएँ दरअसल हिंदू धर्म की सीमाओं को नहीं, बल्कि उन आलोचकों की अपनी समझ की सीमाओं को ज़्यादा उजागर करती हैं। अब समय आ गया है अपनी सोच कि दिशा बदलने का: बाहरी मूल्यांकन की उपेक्षा करके भीतर की सुसंगति की ओर, और विचारधारात्मक विकृति को अनदेखा करके अनुभवजन्य समझ की ओर मुड़ने का।
यह सच है कि कई जाने-माने पश्चिमी दार्शनिकों और विचारकों ने हिंदू धर्म की दार्शनिक गहराई और वैश्विक योगदान को सराहा है। लेकिन सनातन धर्म को बाहरी मान्यता की आवश्यकता नहीं है। इसके शाश्वत सत्य न तो किसी विदेशी स्वीकृति पर टिके हैं, न ही किसी अकादमिक मुहर के मोहताज हैं। इसके अनुयायियों का जीवंत अनुभव, संस्कृत साहित्य का अपार बौद्धिक खज़ाना, और हज़ारों वर्षों से चलती आ रही इसकी परंपरा ही इस बात का सबसे सशक्त उत्तर है कि सनातन धर्म क्या है—और क्यों यह आज भी प्रासंगिक है।
अब सवाल यह नहीं है कि क्या हिंदू धर्म आलोचना का सामना कर सकता है, बल्कि यह है कि क्या आधुनिक अकादमिक जगत अपनी वैचारिक पक्षधरता और बौद्धिक बेईमानी को उजागर किए जाने का साहस रखता है? असल चुनौती हिंदू धर्म की प्रासंगिकता नहीं है, बल्कि उन लोगों की विश्वसनीयता है जिन्होंने इसे लगातार तोड़-मरोड़ कर पेश किया है। अब वक्त है कि हम अपना आख्यान खुद लिखें, बिना किसी संकोच के—और यह सुनिश्चित करें कि सनातन धर्म पर बोलने वाला कोई भी व्यक्ति शास्त्रीय अनुशासन, सांस्कृतिक सम्मान, और आंतरिक समझ के साथ बोले—ना कि उपनिवेशी चश्मे से या करियर बढ़ाने के लालच में।
मौन स्वीकृति का युग समाप्त हो चुका है; अब बेईमान पश्चिमी बौद्धिक वर्ग की जवाबदेही की घड़ी आ गई है।
संदर्भ सूची
[1] Hindu on the Forty Acres – navigating challenges and seeking equality; https://thedailytexan.com/2023/11/06/hindu-on-the-forty-acres-navigating-challenges-and-seeking-equality/
[2] Anti-Hindu propaganda in a US university course “Intro to South Asia”; https://hindupost.in/history/intro-to-south-asia-anti-hindu-propaganda-in-a-us-university-course/
[3] Women, Earth, and the Goddess: A Shākta-Hindu Interpretation of Embodied Religion; https://onlinelibrary.wiley.com/doi/full/10.1111/j.1527-2001.1994.tb00650.x
[4] US university responds after India Today report on row over ‘Hinduphobic’ course; https://www.indiatoday.in/world/us-news/story/university-of-houston-lived-hindu-religion-course-controversy-academic-freedom-complex-topics-response-student-hinduphobic-2700934-2025-03-29
[5] University of Houston defends ‘Lived Hindu Religion’ course amid ‘Hinduphobia’ controversy – Here’s what it said; https://www.financialexpress.com/world-news/university-of-houston-defends-lived-hindu-religion-course-amid-hinduphobia-controversy-heres-what-it-said/3793573/
[6] Hindu Students Say Misinformation In Textbooks Led To Bullying; https://www.cbsnews.com/sacramento/news/hindu-textbook-india-bullying/
[7] Outcry as Penguin India pulps ‘alternative’ history of Hindus; https://www.theguardian.com/world/2014/feb/13/indian-conservatives-penguin-hindus-book
[8] Sex, Lies and Hinduism: Why A Hindu Activist Targeted Wendy Doniger’s Book; https://time.com/6601/sex-lies-and-hinduism-why-a-hindu-activist-targeted-wendy-donigers-book/
[9] Jai G. Bansal, Kalyan Vishwanathan; “Hinduism And America: How Hindu Dharma is Transforming the West”; pp 42-53.
[10] ‘Our family was raised with the important value of karma yoga’, says Democrat Tulsi Gabbard; https://economictimes.indiatimes.com/opinion/interviews/our-family-was-raised-with-the-important-value-of-karma-yoga-says-democrat-tulsi-gabbard/articleshow/16404480.cms
[11] In this chaotic time, find strength and peace in Bhagvad Gita: Tulsi Gabbard to students; https://timesofindia.indiatimes.com/world/us/in-this-chaotic-time-find-strength-peace-in-bhagavad-gita-tulsi-gabbard-to-students/articleshow/76354477.cms
[12] PM’s US Visit: Narendra Modi gets Bhagavad Gita as gift from Tulsi Gabbard; https://economictimes.indiatimes.com/news/politics-and-nation/pms-us-visit-narendra-modi-gets-bhagavad-gita-as-gift-from-tulsi-gabbard/articleshow/43796454.cms?from=mdr
Donate to HINDUDVESHA
Our Mission is to explore and expose Hindudvesha through research analysis, education and response.
SUPPORT US