महाकुंभ 2025 – सनातन धर्म विरोधी प्रचार के विरुद्ध सामूहिक संवाद का मंच
- महाकुंभ 2025, हिंदू समाज की एकता और संगठन को सुदृढ़ करने हेतु एक केंद्रीय मंच के रूप में कार्यरत है, जो अस्तित्वगत एवं सामाजिक-सांस्कृतिक चुनौतियों के समाधान हेतु सामूहिक प्रयासों को समेकित करता है।
- इस महोत्सव की व्यापकता एवं प्रभावशीलता, सनातन धर्म तथा हिंदू सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा एवं संवर्धन में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है।
- सनातन बोर्ड की स्थापना, मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराना, जनसांख्यिकीय परिवर्तनों को संबोधित करना तथा मथुरा में एक भव्य श्रीकृष्ण मंदिर के निर्माण जैसे प्रमुख हिंदू सरोकारों को महाकुंभ 2025 के दौरान विशेष प्राथमिकता दी गई है।
- इस आयोजन ने भारत में हिंदू राष्ट्र की स्थापना से संबंधित विमर्श को नवीन आयाम प्रदान किया है, जिससे राष्ट्रीय पहचान एवं शासन व्यवस्था के विषय में गहन मंथन को प्रेरित किया गया है।
- जहां सोशल मीडिया प्रायः इस आयोजन को मात्र एक भव्य आयोजन या प्रदर्शन के रूप में प्रस्तुत करता है, वहीं महाकुंभ का वास्तविक महत्व हिंदू समाज के ज्वलंत विषयों पर गंभीर संवाद हेतु एक प्रभावी मंच प्रदान करने में निहित है।
भारत वर्तमान में एक गहन सांस्कृतिक और सभ्यतागत पुनरुत्थान के महत्वपूर्ण पड़ाव से गुज़र रहा है। इस पुनरुत्थान की विशेषता भारत की वैदिक विरासत पर नए सिरे से ज़ोर देना, परित्यक्त मंदिरों का पुनरुद्धार और जीर्णोद्धार, हिंदू तीर्थ स्थलों का नये सिरे से रख रखाव और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है। ये पहल तेज़ी से भारत की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बन रही हैं और वैश्विक मंच पर देश के सांस्कृतिक वर्चस्व का एक सशक्त माध्यम बन कर उभर रही हैं। यह पुनरुत्थान आडंबर मात्र या सांस्कृतिक कूटनीति के प्रतीकात्मक प्रदर्शन तक सीमित नहीं है। यह हिंदू समाज के भीतर उफान ले रहे एक व्यापक पुनर्जागरण का प्रतीक है, जहाँ लंबे समय से चले आ रहे सामुदायिक मुद्दों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय, दोनों स्तरों पर उजागर और संबोधित किया जा रहा है।
यह परिवर्तन भारत के वर्तमान परिप्रेक्ष्य को नया रूप देता है और अतीत में फैले हिंदू विरोधी मिथकों को तोड़ता है। पहले, “हिंदू मुद्दे” या “हिंदू अधिकार” जैसे शब्दों का उल्लेख अक्सर धर्मनिरपेक्षता को कमजोर करने या धार्मिक बहुसंख्यकवाद को बढ़ावा देने के रूप में देखा जाता था। लेकिन अब, इन विषयों को नई वैचारिक स्पष्टता और सामाजिक स्वीकृति मिल रही है। आज, हिंदू अपनी सामूहिक पहचान पर ज़ोर दे रहे हैं और अपने समुदाय को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर खुलकर चर्चा कर रहे हैं। आध्यात्मिक और धार्मिक सभाएँ अब मात्र व्यक्तिगत स्तर पर आध्यात्मिक ज्ञान एकत्रित करने तक सीमित नहीं हैं; वे हिंदुओं को प्रभावित करने वाले जटिल और संवेदनशील सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर ध्यान आकर्षित करने वाली मंचों के रूप में विकसित हो रही हैं।
महाकुंभ 2025 इस सकारात्मक बदलाव का एक ज्वलंत उदाहरण है। यह हिंदू समाज को उनके अस्तित्व और भविष्य को आकार देने वाले महत्वपूर्ण मुद्दों के इर्द-गिर्द एकजुट करने का केंद्र बिंदु बन गया है। प्रयागराज महाकुंभ में प्रतिभागियों की रिकॉर्ड संख्या रही है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार[1], बसंत पंचमी (यह त्योहार वसंत की शुरुआत का प्रतीक है) के अवसर पर संपन्न हुए अंतिम शाही स्नान में सवा करोड़ से अधिक भक्तों ने भाग लिया। यह मेला, जो 13 जनवरी को शुरू हुआ और 26 फरवरी तक जारी रहेगा, अपने शुरुआती दिनों से ही असाधारण भीड़ को लेकर लगातार सुर्ख़ियों में बना रहा है। प्रयागराज महाकुंभ के पहले 11 दिनों में ही दस करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में पवित्र डुबकी लगा चुके हैं।[2] 14 जनवरी को मकर संक्रांति के पावन अवसर पर, साढ़े तीन करोड़ श्रद्धालु नदियों के संगम में पवित्र स्नान करने हेतु एकत्रित हुए, जो वास्तव में चकित करने वाला दृश्य था।[3]
ये हैरान कर देने वाले आँकड़े इस उत्सव के विशाल पैमाने और महत्व को रेखांकित करते हैं। दुनिया भर में ऐसे आयोजन विरले ही मिलते हैं, जो महाकुंभ मेले के तार्किक और आध्यात्मिक महत्व की तुलना में खड़े हो सकें। इसकी अद्वितीय पहुँच इसे सनातन धर्म पर विमर्श को प्रोत्साहित करने तथा हिंदू समुदाय के समक्ष उपस्थित चुनौतियों के समाधान हेतु रणनीति निर्माण के लिए एक प्रभावशाली मंच बनाती है।
निसंदेह, यह अवसर चुनौतियों से वंचित नहीं रहा है। 29 दिसंबर को मौनी अमावस्या के शुभ अवसर पर एक दुखद भगदड़ हुई, जिसमें 30 लोगों की मृत्यु हो गयी और कम से कम 60 अन्य घायल हो गए। इसके जवाब में, अखाड़ों ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और पहुँच को प्राथमिकता देते हुए अपने शाही स्नान को स्थगित कर दिया। इस त्रासदी के बावजूद, अधिकारियों ने स्थिति को मुस्तैदी से संभाला, जिससे रिकॉर्ड संख्या में तीर्थयात्रियों को पवित्र अनुष्ठानों में भाग लेने का अवसर मिला। उल्लेखनीय रूप से, 3 फरवरी को संपन्न हुआ बसंत पंचमी अमृत स्नान बिना किसी और घटना के शांतिपूर्ण तरीक़े से निबटा, जिससे भक्तों और आयोजकों दोनों ने राहत की साँस ली।
हिंदू समुदाय के सामने आने वाली वैश्विक चुनौतियों के व्यापक संदर्भ में, जिसमें बांग्लादेश और पाकिस्तान में हिंदुओं का उत्पीड़न और पश्चिमी देशों में बढ़ती हिंदू विरोधी भावना शामिल हैं, महाकुंभ मेला एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह एक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मील का पत्थर है, जो एकजुटता को बढ़ावा देता है और हिंदू समुदाय को वैश्विक मंच पर अपनी आवाज़ बुलंद करने में सक्षम बनाता है।
इस लेख में हम यह चर्चा करेंगे कि महाकुंभ 2025 किस तरह सनातन धर्म पर बहुस्तरीय विमर्श को आकार दे रहा है और समकालीन चुनौतियों का सामना करने में हिंदू समुदाय के संकल्प को मज़बूत कर रहा है।
सनातन बोर्ड की मांग
सनातन बोर्ड की स्थापना की मांग हिंदू समुदाय के भीतर ज़ोर पकड़ रही है। इस मुद्दे को उठाने वाले प्रमुख लोगों में से एक हैं हिंदू आध्यात्मिक नेता देवकीनंदन ठाकुर। महाकुंभ 2025 के दौरान इस स्थल पर आयोजित धर्म संसद में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया था।
देवकीनंदन ठाकुर द्वारा आयोजित धर्म संसद में विभिन्न हिंदू धार्मिक नेताओं और आध्यात्मिक विचारकों ने भाग लिया। सभा ने प्रस्तावित सनातन बोर्ड के उद्देश्यों और दायरे पर चर्चा की, एवं हिंदू संस्कृति, पहचान और धार्मिक संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के संदर्भ में इसकी आवश्यकता पर बल दिया। धर्म संसद में वक्फ बोर्ड की आक्रामक गतिविधियों को लेकर भी चिंता जताई गई, जो कथित तौर पर हिंदू संपत्तियों पर व्यापक दावे कर रहा है। ठाकुर ने इस बात पर प्रकाश डाला कि सनातन बोर्ड को सभी हिंदू परंपराओं, अनुष्ठानों और सांस्कृतिक प्रतीकों, जिसमें गौमाता (गाय) जैसी पवित्र इकाइयाँ शामिल हैं, के संरक्षण हेतु एक एकीकृत निकाय के रूप में काम करना चाहिए और उन्हें अतिक्रमणों और खतरों से बचाना चाहिए।[4]
धर्म संसद के दौरान, सनातन बोर्ड के निर्माण के लिए एक प्रारूप प्रस्तुत किया गया और एकत्रित धार्मिक नेताओं द्वारा इसे मंज़ूरी दी गई। इस प्रारूप में बताया गया कि बोर्ड के प्राथमिक कार्यों में हिंदू मंदिरों के साथ-साथ उनकी संबंधित संपत्तियों और बंदोबस्तों की सुरक्षा, प्रबंधन और निगरानी शामिल होगी। इसके अलावा, यह प्रस्तावित किया गया कि बोर्ड की स्थापना एक स्वतंत्र निकाय द्वारा की जानी चाहिए, जिसकी सदस्यता हिंदू मान्यताओं और सनातन धर्म के सिद्धांतों में गहरी आस्था रखने वाले व्यक्तियों तक ही सीमित हो।[5]
सभा में उपस्थित आध्यात्मिक नेताओं ने हिंदू समुदाय द्वारा झेले गए ऐतिहासिक अन्याय को संबोधित करने की तत्काल आवश्यकता पर भी बल दिया, जिनमें से कई के लिए उन्होंने भारत में व्याप्त अल्पसंख्यक तुष्टीकरण की राजनीति को ज़िम्मेदार ठहराया। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि सनातन बोर्ड का निर्माण इन अन्यायों को उलटने और हिंदू परंपराओं, पूजा स्थलों और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करने हेतु एक महत्वपूर्ण कदम होगा। इसके अतिरिक्त, नेताओं ने इस बात को भी रेखांकित किया कि इस बोर्ड को सरकारी नियंत्रण के बाहर स्वतंत्र रूप से संचालित होना चाहिए, जिसमें हिंदू समुदाय के धार्मिक नेता इसके गठन और शासन में केंद्रीय भूमिका निभाएं।[6]
सनातन बोर्ड की मांग अतीत में कई मंचों पर उठाई गई है। परंतु ऐसी चर्चाएँ अक्सर विशिष्ट स्थलों पर ही होती हैं जहाँ जन साधारण की पहुँच सीमित होती है, जिसके परिणामस्वरूप हिंदुओं के मुद्दों को लेकर जागरूकता सीमित होकर रह जाती है। महाकुंभ जैसे वृहत स्तर के आयोजन में इन चर्चाओं को शामिल करने से हिंदू मुद्दों के प्रचार का दायरा बढ़ता है और इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर हिंदू समुदाय के साथ व्यापक जुड़ाव के रास्ते भी खुलते हैं।
मंदिरों, हिंदू सांस्कृतिक धरोहर और अधिकारों के संरक्षण पर पुनः बल
महाकुंभ 2025 ने हिंदू समुदाय से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाने के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में कार्य किया। इनमें से सर्वाधिक प्रमुख रूप से दो मुद्दों पर चर्चा हुई – हिंदू मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त करने की मांग और मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि पर भगवान कृष्ण को समर्पित एक भव्य मंदिर के निर्माण का आह्वान।
विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने 25 से 27 जनवरी तक महाकुंभ में अपनी केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल बैठक आयोजित की, जिसमें कई साधु-संतों ने भाग लिया। बैठक में उठाये गये प्रमुख मुद्दों में से एक सरकार द्वारा हिंदू मंदिरों पर चल रहे नियंत्रण का था। आचार्य अवधेशानंद गिरि ने इस बात पर ज़ोर दिया कि मंदिरों में 1.86 लाख करोड़ रुपये का दिया जाने वाला दान हिंदू समुदाय के कल्याण के लिए इस्तेमाल किए जाने के बजाय सरकारी ख़ज़ाने में जा रहा है। कई आध्यात्मिक नेताओं ने भी हिंदुओं की घटती जन्म दर पर चिंता व्यक्त की, और यह सुझाव दिया कि प्रत्येक हिंदू परिवार को जनसांख्यिकीय असंतुलन का मुकाबला करने के लिए कम से कम तीन बच्चों को जन्म देने का लक्ष्य रखना चाहिए।[7]
इसके अलावा, उपस्थित लोगों ने वक्फ बोर्ड को विनियमित करने और विभिन्न संपत्तियों पर इसके व्यापक दावों को कम करने के लिए सरकार के हाल के प्रयासों का स्वागत किया। बैठक में काशी, मथुरा और अयोध्या के पवित्र स्थलों को हिंदुओं के लिए पुनः प्राप्त करने हेतु की गयी वीएचपी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दोहराया गया, जिसकी नींव 1994 में डाली गयी थी। अयोध्या राम मंदिर का निर्माण लगभग पूरा होने के साथ, अब वीएचपी का ध्यान काशी विश्वनाथ और कृष्ण जन्मभूमि के धार्मिक स्थलों को सुरक्षित करने पर केंद्रित है।[8]
महाकुंभ में कृष्ण जन्मभूमि आंदोलन पर केंद्रित एक विशेष सत्र भी आयोजित किया गया। जगत गुरु मौली सरकार के शिविर में आयोजित महासंवाद में आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए 11 सदस्यीय समिति का गठन करने पर सहमति बनी। जगत गुरु मौली सरकार ने आंदोलन के महत्व के बारे में हिंदुओं में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने घोषणा की कि कृष्ण जन्मभूमि को मुक्त करने और मथुरा में एक भव्य मंदिर बनाने के महत्व के बारे में हिंदू समुदाय को शिक्षित करने के लिए पूरे भारत के ग्रामीण क्षेत्रों में इसी तरह के महासंवाद आयोजित किए जाएंगे।[9]
महाकुंभ में उठाया गया एक और महत्वपूर्ण मुद्दा बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार का था। जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि ने एक बेहद असाधारण कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने खून से एक पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने बांग्लादेश और पाकिस्तान में हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने का आग्रह किया।[10] महाकुंभ में वीएचपी की बैठक के दौरान इस मुद्दे पर भी विस्तार से चर्चा की गई।[11]
हिंदू राष्ट्र
महाकुंभ 2025 ने भारत को हिंदू राष्ट्र के रूप में देखने के दृष्टिकोण पर नए सिरे से बातचीत के लिए उत्प्रेरक का काम किया है। हिंदू राष्ट्रवाद के विमर्श में निहित, यह विचार भारत को सनातन धर्म के केंद्रीय मूल्यों और संस्कृति से बंधी एक सभ्यता के रूप में देखता है। यह उल्लेखनीय है कि इस्लामी राज्य की अवधारणा के विपरीत, हिंदू राष्ट्र की धारणा एक एकल धार्मिक व्यवस्था को लागू करने की पैरवी नहीं करती है। इसके विपरीत, यह एक ऐसे शासन मॉडल का प्रस्ताव रखता है जिसमें सनातन धर्म एक समावेशी ढांचे के रूप में कार्य करे, और सभी नागरिकों को समान रूप से समृद्ध होने में सक्षम बनाये, चाहे उनकी धार्मिक मान्यताएँ जो भी हों।
दुर्भाग्य से वामपंथी दुष्प्रचार के कारण इस अवधारणा को लेकर व्यापक गलतफहमियाँ फैल गई हैं। कई भारतीय नागरिक इसे संदेह की दृष्टि से देखते हैं, और अक्सर इसे धार्मिक बहुसंख्यकवाद के बराबर मानते हैं। देश भर से लाखों श्रद्धालुओं को एकत्रित करने के संदर्भ में महाकुंभ की अनूठी भूमिका को पहचानते हुए, हिंदू नेताओं और अधिवक्ताओं ने इस अवसर का उपयोग हिंदू राष्ट्र के उद्देश्यों और सिद्धांतों को स्पष्ट करने के उद्देश्य से चर्चाएँ आयोजित करने के लिए किया।
इस मुद्दे पर चर्चा करने हेतु आयोजित एक प्रमुख कार्यक्रम हिंदू राष्ट्र अधिवेशन था, जिसे हिंदू जनजागृति समिति ने काली सेना के सहयोग से शांभवी पीठ शिविर में आयोजित किया था। बैठक के दौरान, प्रस्तावित हिंदू राष्ट्र संविधान का एक प्रारूप प्रस्तुत किया गया। शांभवी पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी आनंदस्वरूप ने घोषणा की कि भारत को हिंदू राष्ट्र के रूप में स्थापित करना उनके जीवन का मिशन है। हिंदू जनजागृति समिति के राष्ट्रीय मार्गदर्शक सद्गुरु डॉ. चारुदत्त पिंगले ने इस बात पर ज़ोर दिया कि कई अन्य देशों में, बहुसंख्यक धार्मिक समुदाय के अधिकारों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाती है। इसके विपरीत भारत में बहुसंख्यक होने के बावजूद हिंदुओं के साथ समान रूप से व्यवहार नहीं किया जाता है, जो उनके हितों की रक्षा के लिए हिंदू राष्ट्र की आवश्यकता को रेखांकित करता है।[12]
उपस्थित धार्मिक नेताओं ने इस बात पर प्रकाश डाला कि प्रस्तावित हिंदू राष्ट्र संविधान की संरचना राम राज्य के अनुरूप की जायेगी, जो न्याय, ईमानदारी और दक्षता पर आधारित व्यवस्था होगी। डॉ. पिंगले ने भारत में हिंदुओं की दुर्दशा के लिए धर्मनिरपेक्ष शासन ढांचे को ज़िम्मेदार ठहराया, और ज़ोर देकर कहा कि इस प्रणालीगत असंतुलन का मुकाबला करने के लिए हिंदू आदर्शों और मूल्यों के बारे में जागरूकता बढ़ाई जानी चाहिए।[13]
वर्तमान में हिंदू राष्ट्र को लेकर कोई केंद्रीकृत या सार्वभौमिक रूप से स्वीकृत खाका मौजूद नहीं है। भारत की स्वतंत्रता के बाद से विभिन्न हिंदू संगठन हिंदू मूल्यों से प्रेरित शासन मॉडल विकसित कर रहे हैं। इन रूपरेखाओं में अक्सर उद्धृत किए जाने वाले मुख्य सिद्धांतों में पर्यावरण संरक्षण, सेवा भाव (सामाजिक सेवा), वसुधैव कुटुम्बकम (दुनिया एक परिवार है), और गौ माता (गाय) की सुरक्षा शामिल है। कई विशेषज्ञ तर्क देते हैं कि वेद और उपनिषद आधुनिक समय के लिए एक ऐसी शासन प्रणाली बनाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करते हैं, जिसकी जड़ें धर्म से सिंचित हों।
हिंदू राष्ट्र सिर्फ़ धर्म या राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें अनेकों तत्व शामिल हैं। यह एक समग्र सामाजिक-धार्मिक और आर्थिक व्यवस्था है जो भारत की संस्कृति, इतिहास, कला, साहित्य और परंपराओं को एकीकृत करती है। इसके समर्थकों के अनुसार, हिंदू राष्ट्र की परिकल्पना शासन के मूल सिद्धांतों के रूप में ईमानदारी, न्याय और जवाबदेही पर ज़ोर देती है।[14]
यद्यपि अनेक हिंदू संगठनों ने हिंदू राष्ट्र की संरचना की रूपरेखा को लेकर बहुत सा काम किया है, हिंदू राष्ट्र की अवधारणा को महत्वपूर्ण बाधाओं का भी सामना करना पड़ रहा है। राजनीतिक प्रतिरोध और वामपंथी आख्यानों के कारण, यह विचार अभी तक उस स्तर तक नहीं पहुंच पाया है, जहां इस पर संसद में औपचारिक रूप से बहस की जा सके। फिर भी हिंदू संगठन हिंदू मंदिरों की स्वायत्तता, गायों की सुरक्षा और काशी और मथुरा में पवित्र स्थलों को पुनः प्राप्त करने जैसे संबंधित मुद्दों को आगे बढ़ाना जारी रखते हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य हिंदू मुद्दों को मुख्यधारा के राजनीतिक विमर्श में लाना है।
महाकुंभ 2025 में हिंदू राष्ट्र संविधान का प्रारूप जारी करना इन प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह हिंदू शासन के लिए एक साझा दृष्टिकोण के इर्द-गिर्द धार्मिक और आध्यात्मिक नेताओं को एकजुट करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके अलावा, इस तरह की पहल आध्यात्मिक नेताओं के दृष्टिकोण से सीधे संपर्क प्रदान करके सनातन के संदर्भ में प्रसारित हो रही गलत सूचनाओं का मुकाबला करने में मदद करती है। कुंभ में लाखों तीर्थयात्रियों के आने से, कई लोगों को इन चर्चाओं में शामिल होने का अवसर मिलता है, जिससे आंदोलन के लक्ष्यों और मूल्यों के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी मिलती है।
अंततः, महाकुंभ जैसे आयोजनों में हिंदू राष्ट्र पर बढ़ती बातचीत हिंदुओं के बीच चल रहे व्यापक सभ्यतागत पुनर्जागरण को रेखांकित करती है। निरंतर संवाद और शिक्षा के माध्यम से समर्थक इस अवधारणा को स्पष्ट करने तथा आधुनिक विश्व में भारत की धार्मिक विरासत के संरक्षण और रक्षा के साधन के रूप में बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं।
हिंदू मुद्दों को उजागर करने के लिए साधु-संत नित नवीन तरीके अपनाते हुए
सनातन धर्म, जिसे प्रायः कठोर और रूढ़िवादी माना जाता है, वास्तव में बहुआयामी और विस्तृत परंपरा हिय, जो विभिन्न दृष्टिकोणों को अपनाता है, जिससे चिंतन, प्रयोग और यहां तक कि आस्था की विलक्षण अभिव्यक्ति के लिए भी जगह मिलती है। हिंदू धर्म का यह पहलू महाकुंभ 2025 में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है, जहाँ अनेक आध्यात्मिक गुरु हिंदू समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए रचनात्मक और असामान्य तरीकों को अपना रहे हैं। इनमें से कुछ तरीके नाटकीय लग सकते हैं, लेकिन वे हिंदुओं में अपने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मुद्दों को लेकर जागरूकता की व्यापक कमी को देखते हुए एक महत्वपूर्ण उद्देश्य की पूर्ति करते हैं।
महाकुंभ के मुख्य आकर्षणों में से एक मौनी बाबा का शिविर है, जिसमें शिव नगरी की प्रतिकृति है। उनके शिविर का मुख्य आकर्षण 75.1 मिलियन रुद्राक्ष की मालाओं से निर्मित 12 ज्योतिर्लिंगों का एक शानदार प्रदर्शन है।[15] प्रत्येक ज्योतिर्लिंग 11 फीट की प्रभावशाली ऊंचाई, 9 फीट की चौड़ाई और 7 फीट की मोटाई पर खड़ा है। ये रुद्राक्ष की मालाएँ 10,000 गाँवों से गुज़री एक उल्लेखनीय यात्रा के दौरान एकत्र की गई थीं, जो प्रदर्शन में एक प्रतीकात्मक आयाम जोड़ती हैं।[16]
मौनी बाबा के अनुसार, इस प्रदर्शनी का उद्देश्य हिंदू मुद्दों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। वह इस बात पर बल देते हैं कि आतंकवाद का उन्मूलन, बांग्लादेश में सताए गए हिंदुओं की सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा का संरक्षण उन मुद्दों में से हैं जिन्हें वह उजागर करना चाहते हैं।[17] इसके अतिरिक्त, मौनी बाबा का उद्देश्य काशी और मथुरा के धार्मिक स्थलों को पुनः प्राप्त करने और राष्ट्रीय गौरव को फिर से जगाने पर चर्चा को प्रेरित करना है।[18]
तीर्थयात्रियों का ध्यान आकर्षित करने वाले एक और व्यक्तित्व महंत सोमेश्वर गिरी हैं, जो एक बाल योगी हैं और पिछले 15 वर्षों से एक हाथ ऊपर उठाए हुए हैं।[19] गहन भक्ति की यह साधना सनातन धर्म की आध्यात्मिक गहराई की ही परिचायक है, जहाँ साधक अनुशासित आध्यात्मिक अभ्यासों के माध्यम से मानव जीवन की शारीरिक और मानसिक सीमाओं को पार करने का प्रयास करते हैं।
महाकुंभ में एक और प्रेरक उपस्थिति स्वामी अनंता गिरी की है जिन्होंने आध्यात्मिकता और सामाजिक सेवा के सम्मिश्रण का अप्रतिम उदाहरण दिया। इत्र उद्योग में एक पूर्व उद्यमी, उन्होंने हजारों युवाओं को नशे की लत से दूर कर सनातन धर्म के मार्ग पर अग्रसर करने हेतु लिए अपने भौतिक जीवन का त्याग कर दिया।[20] उनके सामाजिक कार्य दर्शाते हैं कि कैसे आध्यात्मिक नेता धर्म-आधारित मूल्यों और प्रथाओं के माध्यम से सार्थक सामाजिक परिवर्तन ला सकते हैं।
सनातन धर्म की रक्षा और संवर्धन के एक अन्य प्रयास में, गायों (गौ माता) की सुरक्षा और धार्मिक मूल्यों के संरक्षण के लिए दिव्य आशीर्वाद प्राप्त करने हेतु 1,100 ब्राह्मणों द्वारा एक विशाल यज्ञ किया गया।[21]
सनातन धर्म की विशिष्टता इसी में है कि यह किसी कठोर एकरूपता से बंधा नहीं है। महाकुंभ में उपस्थित कुछ संत सख्त नियमावली द्वारा शासित पारंपरिक अखाड़ों से संबंधित हैं, अन्य, जैसे कि गृहस्थ आश्रम में रहने वाले संत, सांसारिक जिम्मेदारियों को संतुलित करते हुए धर्म से जुड़े हुए हैं। एक तरफ, शास्त्रों के ज्ञान में डूबे हुए उच्च विद्वान धर्माचार्य हैं, और दूसरी तरफ, अपरंपरागत साधक हैं जिनकी आध्यात्मिक यात्रा परंपरा और व्यक्तिगत खोज व जिज्ञासा के अद्वितीय मिश्रण को दर्शाती है।
इस प्रकार के नवाचार का एक उल्लेखनीय उदाहरण अभय सिंह हैं, जिन्हें “आईआईटी बाबा” के नाम से जाना जाता है। हालाँकि वे खुद को साधु नहीं कहते, लेकिन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के पूर्व छात्र के रूप में अपनी पृष्ठभूमि के चलते वे जल्द ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गये। अपने साक्षात्कारों में, अभय सिंह विज्ञान और सनातन धर्म के बीच के अंतरसंबंधों पर चर्चा करते हैं, और आग्रह करते हैं कि वैदिक शास्त्रों में निहित प्राचीन ज्ञान की वैज्ञानिक दृष्टि से जांच की जानी चाहिए। सिंह के अनुसार, महाकुंभ जैसे आयोजनों को मात्र एक नाटकीय प्रदर्शन से ऊपर उठकर सनातन धर्म के मूल सिद्धांतों के साथ गंभीर बौद्धिक जुड़ाव हेतु एक सशक्त मंच बनना चाहिए।
अभय सिंह का दृष्टिकोण हिंदू विमर्श के भीतर एक ऐसे बढ़ते आंदोलन को रेखांकित करता है जो आध्यात्मिक परंपराओं का समकालीन वैज्ञानिक जांच के साथ सामंजस्य स्थापित कराने का प्रयास करता है। यह दृष्टिकोण युवा पीढ़ी और शहरी बुद्धिजीवियों को आकर्षित करता है, जो प्राचीन ज्ञान और आधुनिक विचारों के बीच एक सेतु का काम करता है।
निष्कर्ष
जहाँ सोशल मीडिया ने सनातन धर्म और इसकी परंपराओं को वैश्विक स्तर पर प्रसारित किया है, वहीं इसने इसे केवल एक भव्य आयोजन के रूप में प्रस्तुत करने की प्रवृत्ति को भी प्रोत्साहित किया है। इसी भांति जहाँ भारत का इलेक्ट्रॉनिक मीडिया महाकुंभ में उठाए गए हिंदू मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श को स्थान दिया, वहीं सोशल मीडिया ने अक्सर सनसनी फैलाने वाले विषयों को अधिक महत्व दिया। “मोनालिसा” और “आईआईटी बाबा” जैसे सनसनीखेज हैशटैग्स ने महाकुंभ के व्यापक हिंदू विमर्श की गंभीरता को धूमिल कर दिया, विशेषकर ऐसे समय में जब बांग्लादेश में हिंदुओं के उत्पीड़न जैसी गंभीर चिंताएँ चर्चा का विषय होनी चाहिए थीं।
सोशल मीडिया ऐल्गोरिदम सनसनीखेज रुझानों की खाद पर फलते फूलते हैं, और कंटेंट क्रिएटर्स को अधिक पहुंच और मुद्रीकरण के लिए नाटकीय विषयों को दोहराने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। इसी वजह से, महाकुंभ जैसे आयोजनों की वास्तविक भावना अक्सर अनदेखी रह जाती है, क्योंकि वायरल सामग्री गंभीर चर्चाओं को दबा देती है। यह प्रवृत्ति सोशल मीडिया ट्रेंड्स और धार्मिक आयोजनों के वास्तविक सार के बीच बढ़ती दूरी को दर्शाती है, जबकि इन आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य धार्मिक मूल्यों का संरक्षण और प्रसार करना होता है।
फिर भी सोशल मीडिया युवाओं में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, भले ही वह अति सरलीकृत कथाओं के माध्यम से हो। इस डिजिटल जुड़ाव को विचारशील चर्चाओं के साथ संतुलित करना आवश्यक है जो सनातन धर्म की व्यापक समझ को बढ़ावा देने में सक्षम हों। अपनी अद्वितीय पहुंच के साथ, महाकुंभ को एक गंभीर धार्मिक विमर्श को आकार देने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए जो हिंदू अधिकारों, हिंदू राष्ट्र के आदर्श और हिंदुओं के धड़ल्ले से चल रहे धर्म परिवर्तन पर अंकुश लगाने जैसे मुद्दों को संबोधित करता है।
जैसा कि धीरेन्द्र शास्त्री ने कहा है, महाकुंभ का उद्देश्य सोशल मीडिया रील्स की आभासी दुनिया से आगे बढ़ वर्तमान चुनौतियों के बीच सनातनी संस्कृति और मूल्यों के प्रचार-प्रसार के एक सशक्त केंद्र के रूप में ख़ुद को स्थापित करना होना चाहिए।[22]
संदर्भ
[1] Maha Kumbh: Over 12.5 million devotees participate in final snan on Basant Panchami | latest News India – Hindustan Times; https://www.hindustantimes.com/india-news/maha-kumbh-over-12-5-million-devotees-participate-in-final-snan-on-basant-panchami-101738577280530.html
[2] Mahakumbh 2025: 97.3 million devotees take holy dip at Sangam in first 11 days | Latest News India – Hindustan Times; https://www.hindustantimes.com/india-news/mahakumbh-2025-97-3-million-devotees-take-holy-dip-at-sangam-in-first-11-days-101737618680057.html
[3] Maha Kumbh 2025 breaks records with 10 crore visitors; https://ddnews.gov.in/en/maha-kumbh-2025-breaks-records-with-10-crore-visitors/
[4] Sanatana Dharma Sansad Calls For Formation of Sanatana Board At Mahakumbh 2025; https://english.jagran.com/india/sanatana-dharma-sansad-calls-for-formation-of-sanatana-board-at-mahakumbh-2025-10215133
[5] Ibid.
[6] Prayagraj Maha Kumbh Maha Dharm Sansad LIVE: YouTube; https://www.youtube.com/watch?v=KmiMnxdQFjI
[7] Free temples from government control, return holy sites to Hindus: Seers demand during VHP meet at Mahakumbh; https://www.newindianexpress.com/nation/2025/Jan/25/free-temples-from-government-control-return-holy-sites-to-hindus-seers-demand-during-vhp-meet-at-mahakumbh
[8] Mahakumbh: VHP, sants bat for temple autonomy, family growth, and cultural protection. (Organiser); /https://organiser.org/2025/01/30/275778/bharat/mahakumbh-vhp-sants-bat-for-temple-autonomy-family-growth-and-cultural-protection/
[9] https://navbharattimes.indiatimes.com/state/uttar-pradesh/allahabad/mahakumbh-special-discussion-on-shri-krishna-janmbhoomi-mukti-this-decision-to-speed-up-movement/articleshow/117854557.cms
[10] https://www.abplive.com/news/india/mahakumbh-yati-narsinghanand-writes-letter-with-blood-to-pm-modi-to-protect-hindus-in-bangladesh-pakistan-2874104
[11] Mahakumbh: VHP, sants bat for temple autonomy, family growth, and cultural protection; https://organiser.org/2025/01/30/275778/bharat/mahakumbh-vhp-sants-bat-for-temple-autonomy-family-growth-and-cultural-protection/
[12] Hindu Nation Conference Held at Shambhavi Peeth Camp Discussing Hindu Rights and Security Issues, Prayagraj Hindi News – Hindustan; https://www.livehindustan.com/uttar-pradesh/prayagraj/story-hindu-nation-conference-held-at-shambhavi-peeth-camp-discussing-hindu-rights-and-security-issues-201738685974675.html
[13] Unveiling of the Constitution of the Hindu Rashtra by Saints at the Mahakumbh Mela! – Hindu Janajagruti Samiti; https://www.hindujagruti.org/news/202009.html
[14] Hindu Rashtra – A nation for the welfare of the world – Hindu Janajagruti Samiti; https://www.hindujagruti.org/hindu-rashtra
[15] Maha Kumbh 2025: 12 Jyotirlingas Crafted From Over 7 Crore ‘Rudraksha’ Beads Draws Devotees To Shiv Nagari; https://news.abplive.com/cities/maha-kumbh-2025-12-jyotirlingas-crafted-from-over-7-crore-rudraksha-beads-draws-devotees-to-shiv-nagari-1745094
[16] Maha kumbh 2025: 12 Jyotirlingas crafted with 7 crore Rudraksha beads attract devotees (Financial Express); https://www.financialexpress.com/trending/maha-kumbh-2025-12-jyotirlingas-crafted-with-7-crore-rudraksha-beads-attract-devotees/3718940/
[17] Ibid.
[18] Mouni Baba Mahakumbh, 12 Jyotirlingas made 5 crore Rudraksha; https://dainiksaveratimes.com/dharam/mouni-babas-grand-camp-became-the-center-of-attraction-in-mahakumbh-12-jyotirlingas-made-with-5-51-crore-rudraksha-and-11000-trishul/
[19] Mahant someshwar giri lifting hand since 15 years as urdhva bahu practice; https://zeenews.india.com/hindi/religion/mahant-someshwar-giri-lifting-hand-since-15-years-as-urdhva-bahu-practice/2576586#
[20] Swami Ananta Giri leads youth away from drugs; Left perfume industry worth crores to free 10,000 youths from addiction; https://organiser.org/2025/02/01/276119/bharat/swami-ananta-giri-leads-youth-away-from-drugs-left-perfume-industry-worth-crores-to-free-10000-youths-from-addiction/
[21] Mahakumbh Mela 2025: Saints perform ‘yagya’ to promote cow protection, Sanatan Dharma, mahakumbh mela 2025, prayagraj, sanatan dharma, cow protection,significance of maha; https://english.mathrubhumi.com/news/india/mahakumbh-mela-2025-cow-protection-yagya-1.10255087
[22] बाबा बागेश्वर भटके लोगों की घर वापसी पर चाहते चर्चा, बोले – ‘महाकुंभ का उद्देश्य Reel नहीं, आदिवासियों को सनातन पढ़ायेंगे’ VIDEO| Republic Bharat; https://www.republicbharat.com/india/purpose-mahakumbh-not-reel-discussion-astray-can-return-home-teach-lessons-sanatan-tribals-bageshwar-dham-sarkar#google_vignette
Donate to HINDUDVESHA
Our Mission is to explore and expose Hindudvesha through research analysis, education and response.
SUPPORT US