हिंदूद्वेष और संयुक्त राष्ट्र संघ के दोहरे मानदंड
- हिंदूद्वेष (या प्रणालीगत हिंदूफोबिया) विश्व स्तर पर व्यापक है, और चिंताजनक बात यह है कि कई हिंदुओं ने इस पूर्वाग्रह को आत्मसात कर लिया है, और अपनी संस्कृति के इस दानवीकरण में वह स्वयं बढ़ चढ़कर भाग ले रहे हैं।
- शिक्षा जगत, मीडिया और संगठित सिंडिकेट्स के माध्यम से हिंदू विरोधी भावना को कायम रखा जाता है, जिससे वास्तविक जीवन में हिंदुओं के खिलाफ होने वाले घृणा अपराधों और हमलों को एक प्रकार की स्वीकृति और मान्यता मिलती है ।
- विशिष्ट पश्चिमी शैक्षणिक संस्थान हिंदू विरोधी विमर्श को व्यवस्थित रूप से विकसित करते हैं और फिर विश्व स्तर पर इसका प्रचार-प्रसार किया गया है, जो भारत के संदर्भ में अंतरराष्ट्रीय धारणाओं और स्थानीय कथाओं, दोनों को प्रभावित करता है।
- अब्राहमिक धर्मों को लेकर पनप रहे अतार्किक भय को स्वीकार करने के बावजूद, संयुक्त राष्ट्र ने अभी तक हिंदूफोबिया या हिंदू विरोधी भय और घृणा को मान्यता नहीं दी है, जो धार्मिक भेदभाव के प्रति उसके दृष्टिकोण में एक स्पष्ट दोहरे मानक को उजागर करता है।
- अमेरिका और कनाडा में हिंदू वकालत समूह जागरूकता बढ़ाने और हिंदूफोबिया की निंदा करने के लिए विधायी उपायों पर ज़ोर दे रहे हैं, जो संभावित वैश्विक मान्यता के लिए एक मिसाल कायम कर रहे हैं।
भाग I: समाज और मीडिया में गहरी जड़ें जमाए हिंदू विरोधी भावना को समझना
सितंबर 2023 में, दक्षिण भारत के एक प्रमुख राजनेता उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म की तुलना मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों से की और इसके उन्मूलन का आह्वान किया।[1] राजनीतिक विवाद के मुद्दे को अगर एक बार के लिए दरकिनार भी कर दें, तो भी यह बात बेहद चौंकाने वाली है कि एक प्रमुख राजनेता, वो भी एक मौजूदा मंत्री, खुलेआम हिंदू धर्म के विनाश का आह्वान करता है और भारत के हिंदू समुदाय में किंचित् मात्र भी आक्रोश पैदा नहीं होता।
दुर्भाग्य से, सनातन धर्म या हिंदू धर्म के उन्मूलन का आह्वान करने वाली टिप्पणियाँ भारत में असामान्य नहीं हैं। हिंदू धर्म के अनुयायियों को निशाना बनाने वाली हिंसक बयानबाज़ी अक्सर देखने को मिलती है, और इसके सूत्रधार न सिर्फ़ राजनेता बनते हैं बल्कि विद्वान, शिक्षाविद और स्वयंभू बुद्धिजीवी भी अक्सर इस प्रकार की बयानबाज़ी करते पाये जाते हैं।
2023 में, मानविकी और सामाजिक विज्ञान विभाग में दर्शनशास्त्र की एसोसिएट प्रोफेसर दिव्या द्विवेदी ने फ्रांस 24 को दिए एक साक्षात्कार के दौरान हिंदू धर्म के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की। “दो भारत हैं – एक अतीत का भारत, यानि उस नस्लीय जाति व्यवस्था का भारत जो बहुसंख्यक आबादी पर अत्याचार करती है। फिर एक भविष्य का भारत है, जाति उत्पीड़न और हिंदू धर्म के बिना एक समतावादी भारत। यह वह भारत है जिसका अभी तक प्रतिनिधित्व नहीं हुआ है, लेकिन वह दुनिया को अपना चेहरा दिखाने के लिए इंतज़ार कर रहा है, तरस रहा है”, उन्होंने कहा। उन्होंने कथित तौर पर ये टिप्पणियाँ ‘भारत का क्षण: दिल्ली जी20 शिखर सम्मेलन में क्या दांव पर है’ नामक चर्चा सत्र के दौरान कीं।[2][3]
2021 में, “वैश्विक हिंदुत्व का जड़ से उन्मूलन करना” नामक एक सम्मेलन आयोजित किया गया था।[4] कई प्रतिष्ठित अमेरिकी विश्वविद्यालयों के सहयोग से आयोजित इस सम्मेलन में अनेकों भारतीय वक्ता शामिल थे, जो हिंदू विरोधी बयानबाज़ी के लिए जाने जाते हैं। सम्मेलन का समय विशेष महत्व रखता है; ऐसे समय में जब दुनिया को कट्टरपंथी इस्लामी जिहादी समूह तालिबान द्वारा अफगानिस्तान पर कब्जा करने के बारे में चिंतित होना चाहिए था, पश्चिमी शिक्षाविद “हिंदुत्व” की निंदा करने में व्यस्त थे, जिसका हिंसा का कोई इतिहास नहीं है।
X जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म हिंदुओं और हिंदू धर्म को गाली देने वाले बॉट एकाउंट्स से भरे पड़े हैं। ये हिंदुओं को पाजी (नस्लीय गाली), गाय का मूत्र पीने वाला, आदि कहने वाले भद्दे और अपमानजनक मीम्स से भरे पड़े हैं। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर हिंदू देवी-देवताओं को कला की विभिन्न शैलियों में नियमित तौर पर आपत्तिजनक रूप से चित्रित किया जाता है, रचनात्मक अभिव्यक्ति के नाम पर हिंदू महाकाव्यों को साहित्य में तोड़-मरोड़ कर पेश किया जाता है और हिंदू त्योहारों को लगातार समस्याग्रस्त बनाया जाता है और किसी न किसी बहाने से उन पर क्रूर हमला किया जाता है।
इससे भी अधिक चिंताजनक बात यह है कि हिंदू समाज तेज़ी से इस क्रूरतम घटनाक्रम को आत्मसात कर रहा है। वास्तव में, हिंदुओं – विशेष रूप से शिक्षित लोगों को, विषैले प्रोपोगैंडा के माध्यम से न सिर्फ़ इस व्यापक हिंदूद्वेष के घटनाक्रम को अनदेखा करने के लिए बरगलाया गया है, बल्कि उनकी बुद्धि कुछ इस प्रकार से भ्रष्ट कर दी गयी है कि वे ख़ुद उत्साहित होकर सामूहिक रूप से हिंदुओं और हिंदू धर्म को बदनाम करने के इस बढ़ते उद्योग में तेज़ी से भागीदार बन रहे हैं।
इसके अलावा, हिंदुओं ने हिंदूद्वेष को इस हद तक आत्मसात कर लिया है कि संयुक्त राष्ट्र जैसे अंतर्राष्ट्रीय संगठन भी हिंदू विरोधी घटनाओं की निंदा करने की तत्काल आवश्यकता महसूस नहीं करते हैं, भले ही उन्होंने इस्लाम, ईसाई धर्म और यहूदी धर्म के खिलाफ घृणित व्यवहार की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किए हों।
इस लेख के भाग I में, हम उस वृहत संदर्भ का विश्लेषण करेंगे जिसके भीतर हिंदूद्वेष या प्रणालीगत हिंदूफोबिया संचालित होता है। हम उस बड़े आख्यान की परतें खोलेंगे जो हिंदुओं के उत्पीड़न को भौतिक रूप से (हिंदुओं के खिलाफ हमलों या घृणा अपराधों की वास्तविक जीवन की घटनाएं) और सांकेतिक रूप से (शिक्षाविदों, मीडिया, प्रेरित सिंडिकेट आदि के माध्यम से हिंदूफोबिया को कायम रखना), दोनों तरह से वैध बनाता है। भाग II संयुक्त राष्ट्र जैसे अंतर्राष्ट्रीय संगठनों द्वारा प्रणालीगत हिंदूफोबिया को मान्यता देने की तत्काल आवश्यकता पर हम विस्तार से चर्चा करेंगे।
हिंदूफोबिया, हिंदूद्वेष या हिंदुमिसिया? एक ही प्रकार की नफ़रत और नाम अनेक…
जब शिक्षा जगत, मीडिया, प्रेरित बुद्धिजीवी संस्थान और दमनकारी और तानाशाही शासनों के माध्यम से पनप रही हिंदू विरोधी कथाओं और हिंसा की घटनाओं की निंदा और प्रतिकार करने की बात आती है तो शब्दावली मायने रखती है। इस घटनाक्रम का वर्णन करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला सबसे आम शब्द हिंदूफोबिया है। कुछ स्रोतों के अनुसार, यह शब्द 1883 से ही सार्वजनिक उपयोग में था। हाल के दिनों में, प्रसिद्ध लेखक और सभ्यताओं पर शोध में अग्रणी राजीव मल्होत्रा ने इस शब्द के उपयोग को लोकप्रिय बनाया है।
हिंदूफोबिया की एक कार्यशील परिभाषा 2021 में अमेरिका में रटगर्स विश्वविद्यालय में आयोजित हिंदूफोबिया को समझने वाले सम्मेलन में विकसित की गई थी:
हिंदूफोबिया सनातन धर्म (हिंदू धर्म) और हिंदुओं के प्रति विरोधी, विनाशकारी और अपमानजनक दृष्टिकोण और व्यवहार का एक समूह है जो पूर्वाग्रह, भय या घृणा के रूप में प्रकट हो सकता है। हिंदू विरोधी बयानबाज़ी सनातन धर्म की संपूर्णता को एक कठोर, दमनकारी और प्रतिगामी परंपरा में बदल देती है। हिंदू परंपराओं के सामाजिक और आत्मकेंद्रित पहलुओं को अनदेखा कर दिया जाता है या इन्हें जबरन बाहरी या गैर-हिंदू प्रभावों से जोड़ दिया जाता है। यह विमर्श सक्रिय रूप से हिंदुओं के उत्पीड़न को मिटाता है और नकारता है, जबकि पूरे हिंदू समुदाय को हिंसक के रूप में चित्रित करता है। इन रूढ़ियों का उपयोग सनातन धर्म के रूप में जानी जाने वाली स्वदेशी भारतीय ज्ञान परंपराओं की सीमा के विघटन, उनपर लगातार किए जाने वाले बाहरी हस्तक्षेप और विकृतिकरण को सही ठहराने के लिए किया जाता है।[5]
एक और शब्द, जो शायद भौतिक और सांकेतिक दोनों ही स्तरों पर व्याप्त घोर हिंदू विरोधी घृणा की भावना को व्यक्त करने के लिए बेहतर ढंग से सुसज्जित है, वह है हिंदूद्वेष। द्वेष एक संस्कृत शब्द है जिसका अर्थ है “घृणा,” प्रतिकर्षण,” और “घृणा।” इस प्रकार, हिंदूद्वेष शब्दावली के समर्थकों का तर्क है कि “द्वेष” शब्द हिंदुओं के ख़िलाफ़ फैलाई जाने वाली प्रणालीगत घृणा और पूर्वाग्रह को चिह्नित करने में अधिक प्रभावी है। “फ़ोबिया” शब्द किसी चीज़ के डर को दर्शाता है, लेकिन हिंदुओं में ऐसा कुछ भी नहीं है जिससे डरना चाहिए। इस्लामोफ़ोबिया के विपरीत, जो कट्टरपंथी इस्लाम, शरिया कानून और जिहादी आतंकवाद के लोगों के वैध डर के संदर्भ में निहित है, हिंदू धर्म का ऐसा कोई हिंसक इतिहास नहीं है या पृष्ठभूमि नहीं है जिससे डरना चाहिए। हिंदू धर्म के मामले में, डर से ज़्यादा, यह एक गहरी नफ़रत की भावना है “जो यह मानती है और निष्कर्ष निकालती है कि हिंदुओं और हिंदू धर्म के बारे में कुछ ऐसा है जो पूरी तरह से बुरा और गलत, दुष्ट और राक्षसी है।”[6]
हिंदूद्वेष के प्रवर्तक हिंदुओं पर वस्तुनिष्ठ विद्वत्ता का दावा करते हैं जबकि हिंदू धर्म और उसके अनुयायियों का बेहद नकारात्मक, राक्षसी और रूढ़िबद्ध चित्रण करते हैं। वे तर्क को ताक पर रख इसे एक स्वयंसिद्ध सिद्धांत के रूप में लेते हैं कि हिंदू स्वाभाविक रूप से बुरे और खतरनाक हैं, और इस प्रकार, खुद को निर्दोष साबित करने की ज़िम्मेदारी हिंदुओं पर ही आ जाती है। यही कारण है कि मीडिया, शिक्षाविदों, बौद्धिक संस्थानों,आदि के माध्यम से लगातार फैलाया जाने वाला व्यवस्थित हिंदूफोबिया, हिंदू धर्म से जुड़ी हर चीज़ को समस्याग्रस्त दिखाने के अतिरंजित प्रयासों के पैटर्न का अनुसरण करता है।
इस प्रकार, हिंदूद्वेष शब्द व्यवस्थागत हिंदूफोबिया की भावना को व्यक्त करता है और अपने समर्थकों के तर्क को हिंदूफोबिया शब्द से अधिक सटीक रूप से व्यक्त करता है। हिंदूफोबिया शब्द इस्लामोफोबिया के अनुरूप, हिंदू धर्म और हिंदुओं के प्रति तीव्र भय को दर्शाता है। इसके विपरीत, हिंदुओं के मामले में, मीडिया, शिक्षाविदों, प्रेरित बौद्धिक संस्थानों आदि के माध्यम से हिंदूद्वेष का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार कर उस भय का सावधानीपूर्वक निर्माण किया जाता है।
हिंदू विरोधी घृणा का वर्णन करने के लिए कुछ लोगों द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला एक और शब्द हिंदुमिसिया है। हिंदुमिसिया में हिंदू शब्द को प्राचीन ग्रीक शब्द “मिसोस” के साथ जोड़ा गया है, जिसका अर्थ है घृणा। इस प्रकार, हिंदुमिसिया का शाब्दिक अनुवाद हिंदुओं के प्रति घृणा है। हिंदुमिसिया के समर्थक यह भी तर्क देते हैं कि चूंकि हिंदूफोबिया शब्द का तकनीकी अर्थ “हिंदुओं से डरना” है, इसलिए हिंदुमिसिया शब्द का उपयोग करना अधिक उचित है, “जो हिंदू धर्म और हिंदू संस्कृति के प्रति व्याप्त घृणा को दर्शाता है।”[7]
शायद इन शब्दों का मिला जुला उपयोग करके प्रणालीगत हिंदूफोबिया, हिंदूद्वेष या हिंदुमिसिया के बारे में सटीक दृष्टिकोण और परिप्रेक्ष्य प्रस्तुत करना सबसे अच्छा है।
महत्वपूर्ण बात यह है कि इन शब्दों को मीडिया, बुद्धिजीवी संस्थान, शिक्षाविदों आदि के माध्यम से वैश्विक चर्चा में व्यापक रूप से प्रसारित किया जाना चाहिए, जिससे अंततः संयुक्त राष्ट्र जैसे अंतर्राष्ट्रीय संगठनों द्वारा प्रणालीगत हिंदूफोबिया द्वारा उत्पन्न खतरों की पहचान हो सके।
शिक्षा जगत – हिंदूफोबिया का स्रोत
हिंदूद्वेष के मूल में शिक्षा जगत है। पश्चिम के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में परिष्कृत तंत्रों का उपयोग करके हिंदू विरोधी प्रवचन को व्यवस्थित रूप से तैयार और पोषित किया जाता है। यह प्रवचन फिर भारत के कुलीन विश्वविद्यालयों तक पहुँचता है, जो सामाजिक विज्ञान और मानविकी अध्ययन और अनुसंधान के संबंध में पश्चिमी तंत्र के क्लोन के रूप में कार्य करते हैं।
प्रतिष्ठित पश्चिमी विश्वविद्यालयों के सामाजिक विज्ञान, मानविकी और इंडोलॉजी विभागों द्वारा निर्मित विषाक्त हिंदू विरोधी प्रवचन को कई चैनलों, जैसे कि मास मीडिया, बौद्धिक संस्थान तंत्र, प्रेरित सिंडिकेट, सोशल मीडिया, आदि के माध्यम से आगे बढ़ाया जाता है।
अपनी मौलिक पुस्तक, Breaking India: Western Interventions in Dravidian and Dalit Faultlines में, राजीव मल्होत्रा और अरविंदन नीलकंदन ने हिंदू विरोधी विद्वता के शुरुआती इतिहास को औपनिवेशिक इंडोलॉजिस्ट के दौर से खोजा है, जिन्होंने ज़हरीले हिंदू विरोधी और भारत विरोधी विमर्श के बीज बोए और हिंदुओं को नस्लीय और जातीय आधार पर विभाजित करने के लिए सभी प्रकार के षड्यंत्र के सिद्धांतों को बढ़ावा दिया। पुस्तक में विस्तृत विवरण दिया गया है कि कैसे औपनिवेशिक इंडोलाजिस्ट्स ने हिंदू समाज के भीतर दरार पैदा करने के लिए आर्यन और द्रविड़ नस्लीय पहचान का निर्माण किया। लेखकों का तर्क है कि इस तरह की विद्वता का अंतिम उद्देश्य हिंदू पहचान के विपरीत दलित पहचान को बढ़ावा देकर भारत में बड़े पैमाने पर धर्मांतरण को बढ़ावा देने के लिए उपजाऊ ज़मीन तैयार करना था।[8]
पुस्तक आगे स्वतंत्रता के बाद की अवधि के दौरान भारत में विकसित दलित सक्रियता प्रवचन और मिशनरी तंत्र के साथ इसके गठजोड़ और औपनिवेशिक इंडोलाजिस्ट्स द्वारा आकार दिए गए हिंदू विरोधी इंडोलॉजी छात्रवृत्ति पर निर्भरता और अकादमिक-कार्यकर्ता प्यादों की फ़ौज द्वारा द्वारा उस विमर्श को आगे बढ़ाए जाने का विस्तृत अवलोकन करती है।[9]
Breaking India सीरीज़ का दूसरा भाग, Snakes in the Ganga: Breaking India 2.0, आधुनिक भारत को तोड़ने वाली ताकतों के परिष्कृत तंत्र का अवलोकन करता है जिसके माध्यम से व्यवस्थित हिंदूफोबिया को कायम रखा जाता है। यह पुस्तक इस बात का विस्तृत विवरण देती है कि हार्वर्ड जैसे प्रतिष्ठित पश्चिमी विश्वविद्यालय जाति विमर्श को कैसे आकार देते हैं और कैसे, विद्वत्ता के नाम पर, आलोचनात्मक नस्लीय सिद्धांत को हिंदू संदर्भ में “जाति” पर जबरन थोप दिया जाता है, ताकि यह साबित किया जा सके कि जाति समाज में व्याप्त सभी प्रकार की संरचनात्मक असमानताओं की उत्पत्ति है, जिसमें नस्लवाद भी शामिल है।[10]
‘Snakes in the Ganga ’ पुस्तक कई उदाहरणों और केस स्टडीज़ के माध्यम से अकादमिक हिंदूफोबिया की जड़ को उजागर करती है और उसका विश्लेषण करती है। यह हिंदूफोबिक विमर्श की परंपरा में प्रतिष्ठित भारतीय विश्वविद्यालयों में सामाजिक विज्ञान और मानविकी विद्वानों को तैयार करने के लिए प्रेरित फंडिंग ट्रेल को उजागर है। यह कई भारतीय अरबपतियों द्वारा कुलीन पश्चिमी विश्वविद्यालयों के विभिन्न केंद्रों में हिंदूफोबिक शोध और अध्ययन को प्रायोजित करने की परेशान करने वाली प्रवृत्ति पर भी प्रकाश डालती है, भले ही वे इन अकादमिक केंद्रों द्वारा पोषित खतरनाक हिंदू विरोधी विमर्श से अनजान हों।[11]
एक और मौलिक पुस्तक जो अकादमिक हिंदूफोबिया के प्रक्षेपवक्र का एक उत्कृष्ट अवलोकन देती है, वह है Ten Heads of Ravana: A Critique of Hinduphobic Scholars, जिसे राजीव मल्होत्रा और दिव्या रेड्डी द्वारा संपादित किया गया है। इस पुस्तक में रोमिला थापर, शेल्डन पोलक, माइकल विट्ज़ेल, देवदत्त पटनायक, इरफ़ान हबीब, शशि थरूर, ऑड्रे ट्रुश्के, रामचंद्र गुहा, कांचा इलैया और वेंडी डोनिगर जैसे प्रतिष्ठित विद्वानों की विद्वता की आलोचना करने वाले अकादमिक निबंधों का संग्रह है। इन विद्वानों के लेखन और मुख्य वैचारिक सिद्धांतों के गहन विश्लेषण के माध्यम से ये निबंध उनके लेखन में निहित हिंदूद्वेष को प्रदर्शित करते हैं। संस्कृत अध्ययन से लेकर रामायण और महाभारत जैसे हिंदू महाकाव्यों के अध्ययन और भारत के प्राचीन और मध्यकालीन इतिहास के अध्ययन तक, हिंदूद्वेष व्यवस्थित रूप से अकादमिक विमर्श में व्याप्त है, पुस्तक यह तर्क देती है:
इस संकलन का शीर्षक – रावण के दस सिर – सावधानी से चुना गया है। ‘रावण‘ शब्द का प्रयोग पैरोडी के रूप में किया गया है, न कि शाब्दिक रूप से। रूपकात्मक समानताएँ स्पष्ट हैं: ऐतिहासिक रावण ने समाज की हिंदू संरचनाओं को बाधित किया, और इस पुस्तक के लिए चुने गए ‘प्रमुखों’ को आज हिंदू कुछ ऐसा ही करने वाले व्यक्ति मानते हैं, लेकिन बौद्धिक रूप से, शारीरिक हिंसा से नहीं। ऐतिहासिक रावण प्रतिभाशाली, महान विद्वान, मेहनती और अपने पास अपार शक्ति रखने वाला था। इस पुस्तक में शामिल दस विद्वान वर्तमान अकादमिक विमर्श में शक्तिशाली हैं, उन्होंने अपने बौद्धिक “हथियारों” को विकसित करने के लिए अपने जीवन के अधिकांश समय लगन से काम किया है, और उनके प्रभाव को कम नहीं आंका जाना चाहिए। [12]
हिंदूफोबिया मुख्यधारा में कैसे आता है
जबकि हिंदूफोबिया के सैद्धांतिक आधार अकादमिक जगत में तैयार किए जाते हैं, लेकिन इसका प्रचार-प्रसार समाचार और सोशल मीडिया, मनोरंजन उद्योग, संगठित सिंडिकेट और इसी तरह के अन्य लोगों द्वारा उत्सुकता और कुशलता से किया जाता है।
नफ़रत फैलाने वाले ये सभी एजेंट एक साथ मिलकर अति सक्रिय मोड में काम करते हैं और लगातार हिंदू विरोधी रूढ़िवादिता को बढ़ावा देते हैं। इस प्रकार, हिंदुओं के दर्दनाक अनुभवों और उनके उत्पीड़न की दिल दहला देने वाली कहानियों को हिंदू धर्म के क्रूर दानवीकरण द्वारा नकार दिया जाता है और चुप करा दिया जाता है। इन कई स्रोतों के माध्यम से फैलाए गए विवादास्पद हिंदूद्वेष का मुख्य कार्य ‘भौतिक हिंदुत्व’ को उचित ठहराने के लिए वैध आधार बनाना है, यानि सड़क पर हिंसा, पूजा स्थलों का अपमान, हिंदुओं का उत्पीड़न, आदि।
विडंबना यह है कि हिंदुओं की आवाज़ का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाले कई संगठन हिंदू धर्म को बदनाम करने और हिंदू आवाज़ों को चुप कराने के लिए गुप्त रूप से कार्य करते हैं। हिंदू फॉर ह्यूमन राइट्स (HfHR) एक ऐसा ही संगठन है, जो खुद को हिंदुत्व, जाति और उत्पीड़न के अन्य रूपों के खिलाफ प्रतिरोध की हिंदू आवाज के रूप में पेश करता है।
जाति एक मानक रूपक है जिसका इस्तेमाल कई लोग हिंदू आवाज़ों को बदनाम करने और हिंदू तंत्र के खिलाफ़ भारी प्रचार करने के लिए करते हैं। इक्वालिटी लैब्स नामक संगठन हिंदुओं के खिलाफ़ जाति-आधारित कटुता के लिए कुख्यात है।
सोशल मीडिया हिंदू विरोधी ताकतों के लिए अपने ज़हरीले कथानक को फैलाने का पारंपरिक साधन है। नेटवर्क कॉन्टैगियन रिसर्च इंस्टीट्यूट (NCRI) 2022 की रिपोर्ट इस बात का एक चौंकाने वाला विवरण देती है कि कैसे हिंदू विरोधी गलत सूचनाएँ फैलाने के लिए सोशल मीडिया तंत्र का इस्तेमाल किया जाता है। रिपोर्ट एक्स, टेलीग्राम आदि जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर हिंदुओं के चित्रण का अध्ययन करने के लिए मात्रात्मक विश्लेषण का उपयोग करती है। इसके प्राथमिक निष्कर्ष हैं:
- हाशिये के वेब समुदायों और स्टेट ऐक्टर्स द्वारा सोशल मीडिया स्पेस में हिंदुओं को मूल रूप से दुष्ट, गंदे, अत्याचारी, नरसंहारक आदि के रूप में चित्रित करना।
- हिंदू विरोधी दुष्प्रचार को गालियों, कोडित भाषा और जातीय अपमानजनक शब्दों के इस्तेमाल से छुपाया जाता है।
- इस्लामी चरमपंथी और श्वेत वर्चस्ववादी समुदाय नियमित रूप से हिंदुओं के खिलाफ हिंसक और नरसंहारक प्रचार और मीम्स का प्रसार करते हैं।
- हाशिये के वेब समुदायों पर हिंदू विरोधी गालियों में वृद्धि।
- मुख्यधारा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर हिंदुओं के संदर्भ में नस्लीय गाली “पाजी” का इस्तेमाल काफी बढ़ रहा है।
- स्टेट ऐक्टर्स बड़े पैमाने पर सूचना संचालन के हिस्से के रूप में हिंदूफोबिक ट्रोप्स का उपयोग करते हैं। केस स्टडी – ईरानी राज्य प्रायोजित ट्रोल हिंदू विरोधी रूढ़ियों का प्रसार करते हैं।[13]
महत्वपूर्ण रूप से, एनसीआरआई ने अपने विभिन्न अध्ययनों के माध्यम से प्रदर्शित किया है कि सोशल मीडिया पर कमज़ोर समुदायों को लक्षित करने वाली चरमपंथी सामग्री उन समुदायों के खिलाफ वास्तविक दुनिया की हिंसा का एक प्रमुख संकेतक है। ऐसे ही एक अध्ययन ने सटीक रूप से भविष्यवाणी की थी कि सोशल मीडिया स्पेस में यहूदियों को दी जाने वाली धमकियाँ यहूदियों के खिलाफ़ हिंसा की वास्तविक घटनाओं से ठीक पहले देखी गयी थीं। 2023 में जारी किए गए “खालिस्तानी चरमपंथी खातों से अप्रमाणिक साइबर गतिविधि हिंदू मंदिरों और सरकारी इमारतों पर हमलों से पहले और उन्हें बढ़ाती है” शीर्षक से एक समान अध्ययन ने हिंदुओं के संदर्भ में ऑनलाइन धमकियों और ऑफ़लाइन हिंसा के बीच एक मज़बूत संबंध स्थापित किया।
स्पष्ट रूप से, सोशल मीडिया के माध्यम से फैलाए गए विवादास्पद हिंदूफोबिया का एक विशिष्ट उद्देश्य है: हिंदुओं और उनके पूजा स्थलों के खिलाफ़ हिंसा की वास्तविक घटनाओं का समर्थन करना और उन्हें उचित ठहराना।
भाग II: सभी के लिए मानवाधिकार…हिंदुओं को छोड़कर
पूर्वी पाकिस्तान में जातीय बंगाली और हिंदू धार्मिक समुदायों के खिलाफ पाकिस्तानी सेना द्वारा किए गए 1971 के बंगाली हिंदू नरसंहार के कारण मार्च 1971 के अंत तक 1.5 मिलियन बंगाली विस्थापित हो गए थे। दस मिलियन बंगाली, जिनमें से अधिकांश हिंदू थे, नवंबर 1971 तक भारत भाग गए थे। हालांकि सटीक आंकड़े प्राप्त करना मुश्किल है, लेकिन अनुमान है कि 1971 के बंगाली हिंदू नरसंहार के दौरान 3 मिलियन लोग मारे गए और 2 मिलियन महिलाओं के साथ बलात्कार किया गया।[14]
फिर 1990 के दशक में कश्मीरी पंडितों का सामूहिक पलायन और नरसंहार हुआ, जिस पर संयुक्त राष्ट्र जैसे अंतर्राष्ट्रीय निकायों से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके विपरीत, हिंदू विरोधी तंत्र यह धारणा बनाने की कोशिश करता है कि कश्मीरी पंडितों के नरसंहार से जुड़े सभी तथ्य इस्लाम के खिलाफ एक साज़िश हैं और वास्तविकता में कश्मीरी पंडितों के संदर्भ में सब कुछ अच्छा और शांतिपूर्ण था। जब बॉलीवुड फिल्म निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की दमदार फिल्म “द कश्मीर फाइल्स” रिलीज़ हुई, तो हिंदू विरोधी तंत्र ने तुरंत इसका विरोध किया और इस पर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया।
आखिरकार 2022 में एक महत्वपूर्ण सफलता तब मिली जब अमेरिका स्थित गैर-लाभकारी अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार और धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (ICHRRF) ने भारत सरकार से कश्मीरी हिंदुओं पर 1989-1991 के अत्याचारों को नरसंहार के रूप में मान्यता देने का आह्वान किया। आयोग ने अन्य अंतरराष्ट्रीय निकायों, सरकारों और मानवाधिकार संगठनों से 1990 के दशक में कश्मीरी पंडितों के सामूहिक पलायन और उनके खिलाफ किए गए अत्याचारों को नरसंहार के रूप में आधिकारिक रूप से स्वीकार करने का भी आग्रह किया।[15]
जनवरी 2024 में, जिम शैनन, बॉब ब्लैकमैन और वीरेंद्र शर्मा सहित तीन ब्रिटिश सांसदों ने 1990 के दशक में जम्मू और कश्मीर से कश्मीरी पंडितों पर हुए हमलों और विस्थापन की याद में ब्रिटिश संसद में एक प्रस्ताव पेश किया। प्रस्ताव में उनके पवित्र स्थलों के अपमान की निंदा की गई और इस तथ्य पर चिंता व्यक्त की गई कि उत्पीड़न से भागे कश्मीरी अभी भी न्याय और उनके खिलाफ किए गए अत्याचारों की मान्यता का इंतजार कर रहे हैं।[16][17]
दिलचस्प बात यह है कि संयुक्त राष्ट्र ने जम्मू और कश्मीर में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के प्रस्तावों पर विचार किया है और चीन और पाकिस्तान ने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के लिए विभिन्न संयुक्त राष्ट्र मंचों पर भारत की निंदा करने के लिए बार-बार प्रयास किए हैं। हालाँकि, इस प्रतिष्ठित निकाय ने घाटी से कश्मीरी हिंदुओं के पलायन और उन पर किए गए अत्याचारों के मुद्दे को उठाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है। जबकि इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संस्था ने इस्लामोफोबिया यानि इस्लाम विरोधी नफ़रत और यहूदी-विरोधी भावना की निंदा करना उचित समझा है और यहूदी नरसंहार के पीड़ितों की याद में अंतर्राष्ट्रीय स्मरण दिवस मनाया है, इसने 1991 के कश्मीरी हिंदू नरसंहार को स्वीकार करने में कोई तत्परता नहीं दिखाई है।
पाकिस्तान, अफ़गानिस्तान और बांग्लादेश में हिंदुओं को ख़तरनाक दर पर सताया जा रहा है। 1970 के दशक में अफ़गानिस्तान में कथित तौर पर 700,000 से ज़्यादा हिंदू और सिख रहते थे; अब यह संख्या घटकर कुछ सौ रह गई है। अफ़गानिस्तान में शरिया कानून लागू करने वाले तालिबान शासन के तहत, देश में गैर-मुस्लिम अल्पसंख्यक 1 प्रतिशत से भी कम हैं।[18]
पाकिस्तान में हिंदू लड़कियों का जबरन धर्मांतरण, अपहरण, बलात्कार और जबरन विवाह बेरोकटोक जारी है। बांग्लादेश में हिंदुओं को नियमित रूप से प्रताड़ित और सताया जाता है, हिंदू मंदिरों में नियमित रूप से तोड़फोड़ की जाती है और मूर्तियों को तोड़ा जाता है। फिर भी, अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इन मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं होती है। न केवल अंतरराष्ट्रीय समुदाय द्वारा व्यापक हिंदूद्वेष की अनदेखी की जाती है, बल्कि इसे पूर्व-निवारक झूठे आख्यानों के प्रसार के माध्यम से भी कायम रखा जाता है, जो यह सुझाव देते हैं कि हिंदू अपनी चिंताओं को उठाते हुए केवल दुष्प्रचार में लगे हुए हैं। इस प्रकार, हिंदुओं की आवाज़ को दोगुना दबा दिया जाता है, क्योंकि भौतिक हिंदूद्वेष की वास्तविकता को छिपाने के लिए सांकेतिक हिंदूद्वेष का उपयोग किया जाता है।
इसके अलावा, 8वीं शताब्दी की शुरुआत में शुरू होने वाले 1,200 वर्षों में इस्लामी आक्रमणकारियों द्वारा बड़े पैमाने पर हिंदू नरसंहार की कहानी को प्रेरित इतिहासकारों द्वारा चुप करा दिया गया है:
जब कोई सामूहिक हत्या के बारे में सोचता है, तो हिटलर दिमाग में आता है। अगर हिटलर नहीं, तो तोजो, स्टालिन या माओ। 20वीं सदी के अधिनायकवादियों को अत्याचार की सबसे खराब प्रजाति के रूप में श्रेय दिया जाता है। हालाँकि, चौंकाने वाली सच्चाई यह है कि इस्लाम ने इनमें से किसी से भी ज़्यादा लोगों को मारा है और संख्या और क्रूरता में इन सभी को पार कर सकता है। ‘शांति के धर्म’ की नरसंहार की विशाल क्षमता जन मानस की समझ से इतनी परे है कि ईमानदार इतिहासकार भी इसके पैमाने को नजरअंदाज कर देते हैं। [19]
अविश्वसनीय रूप से घटती हिंदू जनसांख्यिकी
भारतीय प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम) द्वारा हाल ही में किए गए एक अध्ययन से दुनिया भर में हिंदू आबादी में चिंताजनक गिरावट का पता चला है। अध्ययन में 1950 से 2015 तक दुनिया भर के देशों में धार्मिक जनसांख्यिकी में आए बदलावों का विश्लेषण किया गया है। इस विश्लेषण के अनुसार, 1950 से 2015 के बीच भारत की हिंदू आबादी में 7.8 प्रतिशत की तीव्र गिरावट देखी गई, और इसी अवधि के दौरान अल्पसंख्यक धार्मिक समूहों, ईसाई धर्म और इस्लाम की आबादी में क्रमशः 5.3 प्रतिशत और 43.15 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई।[20]
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि बांग्लादेश में हिंदू आबादी में 1950 से 2015 तक 66 प्रतिशत की गिरावट आई है; यानी, 1950 में देश की कुल आबादी में 23 प्रतिशत हिंदू थे, जो 2015 में घटकर 8 प्रतिशत रह गए। पाकिस्तान में, 1950 से 2015 तक हिंदू आबादी में 80 प्रतिशत की गिरावट आई है, देश में हिंदू आबादी का हिस्सा 13 प्रतिशत से घटकर बमुश्किल 2 प्रतिशत रह गया है। अध्ययन के अनुसार, श्रीलंका, भूटान और नेपाल में भी हिंदू आबादी में इसी तरह की गिरावट देखी गई।[21]
पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों में हिंदू आबादी में गिरावट का चौंकाने वाला उच्च प्रतिशत इन देशों में हिंदुओं के उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण की खतरनाक दरों को उजागर करता है। इस घटना पर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय का बिल्कुल भी ध्यान नहीं गया है।
संयुक्त राष्ट्र का चयनात्मक आक्रोश: हिंदू उत्पीड़न महत्वपूर्ण नहीं है
हिंदूफोबिया के बारे में बहुत सारे सबूतों के बावजूद, संयुक्त राष्ट्र ने इसके अस्तित्व पर आंखें मूंद ली हैं। यह इस्लाम और यहूदी धर्म को लेकर फैलाये जा रहे घृणित विमर्श पर इसके रुख के बिल्कुल विपरीत है। जबकि यह वैश्विक निकाय इस्लामोफोबिया और यहूदी-विरोधीवाद की दृढ़ता से और सक्रिय रूप से निंदा करता है, लेकिन आश्चर्य होता है कि यह हिंदूफोबिया के प्रति इतना उदासीन क्यों है।
जनवरी 2022 में, भारत के तत्कालीन संयुक्त राष्ट्र दूत, टी.एस.तिरुमूर्ति ने हिंदुओं, बौद्धों और सिखों के खिलाफ घृणित प्रवचन पर इस भेदभावपूर्ण रुख को उजागर किया:
“एक और प्रवृत्ति जो हाल ही में प्रमुख हो गई है, वह कुछ चुनिंदा धार्मिक भय को उजागर करना है। संयुक्त राष्ट्र ने पिछले कुछ वर्षों में उनमें से कुछ को उजागर किया है, अर्थात् इस्लामोफोबिया, क्रिश्चियनोफोबिया और यहूदी-विरोधीवाद, तीन अब्राहमिक धर्मों पर आधारित। इन तीनों का उल्लेख वैश्विक आतंकवाद विरोधी रणनीति में किया गया है। लेकिन दुनिया के अन्य प्रमुख धर्मों के ख़िलाफ़ पनप रहे नए प्रकार के भय, घृणा या पूर्वाग्रहों को भी पूरी तरह से पहचाने जाने की आवश्यकता है। धर्म-भय के समकालीन रूपों का उभरना, विशेष रूप से हिंदू-विरोधी, बौद्ध-विरोधी और सिख-विरोधी भय, गंभीर चिंता का विषय है और इस खतरे को दूर करने के लिए संयुक्त राष्ट्र और उसके सभी सदस्य देशों को इस पर ध्यान देने की आवश्यकता है”, उन्होंने कहा। [22]
तिरुमूर्ति ने यह भी देखा कि कैसे कई संयुक्त राष्ट्र सदस्य देशों ने धार्मिक और राजनीतिक प्रेरणाओं के आधार पर आतंकवाद के कृत्यों को वर्गीकृत करने का प्रयास किया था। उन्होंने कुछ सदस्य देशों द्वारा आतंकवाद को “दक्षिणपंथी उग्रवाद”, “हिंसक राष्ट्रवाद”, “नस्लीय और जातीय रूप से प्रेरित हिंसक उग्रवाद” आदि जैसे मूल्य-भारित श्रेणियों के माध्यम से परिभाषित करने के प्रयास की कड़ी आलोचना की।[23] जैसा कि स्पष्ट है, इस तरह का लेबल लगाना आतंकवाद के कुछ कट्टरपंथी रूपों को कम आंकने और यहां तक कि उन्हें उचित ठहराने के लिए एक आधार तैयार करने का एक स्पष्ट प्रयास है, जबकि “हिंदुत्व राष्ट्रवाद”, “भगवा आतंक” आदि जैसे वाक्यांशों का उपयोग करके हिंदू विरोधी षड्यंत्र के सिद्धांतों को बढ़ावा देकर हिंदू धर्म जैसे धर्मों के खिलाफ भय को और अधिक बढ़ावा दिया जा रहा है।
मार्च 2024 में, भारत ने “इस्लामोफोबिया से निपटने के उपाय” शीर्षक वाले संयुक्त राष्ट्र के मसौदा प्रस्ताव पर मतदान से दूर रहकर अपनी स्थिति फिर से स्पष्ट कर दी। संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान द्वारा पेश किए गए और चीन द्वारा सह-प्रायोजित प्रस्ताव में मुसलमानों के खिलाफ भेदभाव, शत्रुता या हिंसा को बढ़ावा देने की निंदा की गई, इसने संयुक्त राष्ट्र महासचिव से इस्लामोफोबिया से निपटने के लिए एक संयुक्त राष्ट्र विशेष दूत नियुक्त करने का भी अनुरोध किया।
संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने इस बात पर ज़ोर दिया कि जबकि भारत स्वीकारता है कि इस्लामोफोबिया का मुद्दा महत्वपूर्ण है, ऐसे प्रस्ताव को अपनाना जिसमें केवल एक धर्म के खिलाफ फोबिया की निंदा की गई हो और अन्य धर्मों को बाहर रखा गया हो, इसके परिणामस्वरूप संयुक्त राष्ट्र को धार्मिक खेमों में विभाजित करने वाले कई प्रस्ताव हो सकते हैं। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से यह महसूस करने के लिए कहा कि इस तरह के फोबिया अब्राहमिक धर्मों के क्षेत्र के बाहर भी पनप रहे हैं। “स्पष्ट प्रमाण बताते हैं कि दशकों से, गैर-अब्राहमिक धर्मों के अनुयायी भी धार्मिक फोबिया से प्रभावित हुए हैं। इसके कारण धार्मिक भय के समकालीन रूपों का उदय हुआ है, विशेष रूप से हिंदू विरोधी, बौद्ध विरोधी और सिख विरोधी भावनाएँ”, उन्होंने कहा।
कम्बोज ने हिंदू, सिख और बौद्ध समुदायों के लोगों द्वारा सामना किए जाने वाले भय के बारे में दस्तावेज़ी साक्ष्य प्रदान किए। उन्होंने कहा, “बामियान बुद्ध की मूर्तियों का विनाश, गुरुद्वारा परिसरों का उल्लंघन, गुरुद्वारों में सिख तीर्थयात्रियों का नरसंहार, मंदिरों पर हमले, मंदिरों में मूर्तियों को तोड़ने का महिमामंडन, ये सभी गैर-अब्राहमिक धर्मों के खिलाफ धार्मिक भय के समकालीन रूपों को बढ़ाने में योगदान करते हैं।”[24]
फिर भी, इस प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 115 देशों के पक्ष में, किसी के खिलाफ़ नहीं और 44 देशों के मतदान से परहेज़ के साथ अपनाया गया। यह एक अत्यधिक समस्याग्रस्त विकास है क्योंकि प्रस्ताव के शब्द इतने अस्पष्ट और खुले हैं कि यह किसी भी चीज़ को इस्लामोफोबिया के रूप में वर्गीकृत कर सकता है:
“[…]मुसलमानों के खिलाफ भेदभाव, शत्रुता या हिंसा को बढ़ावा देने की निंदा करता है, जैसा कि उनकी पवित्र पुस्तक के अपमान, मस्जिदों, स्थलों और तीर्थस्थलों पर हमलों और मुसलमानों के खिलाफ धार्मिक असहिष्णुता, नकारात्मक रूढ़िवादिता, घृणा और हिंसा के अन्य कृत्यों की बढ़ती संख्या में प्रकट होता है।”[25]
इस्लामवादी नियमित रूप से इस्लाम की आलोचना को मुसलमानों के प्रति अनादर के साथ जोड़ते हैं, और यहीं समस्या है। वे इस प्रस्ताव का दुरुपयोग कट्टरपंथी इस्लामी आतंकवाद से लेकर शरिया कानून के कार्यान्वयन की मांग करने तक की कई कार्रवाइयों को उचित ठहराने के लिए कर सकते हैं, जो “इस्लाम का सम्मान” करने की आड़ में महिलाओं के अधिकारों को और कमज़ोर कर सकता है। इसके अतिरिक्त, इसका उपयोग किसी देश के अपने लोगों के लिए समान कानून लागू करने या सार्वजनिक संस्थानों में मानक ड्रेस कोड लागू करने के निर्णय की आलोचना करने के लिए किया जा सकता है। वास्तव में, कट्टरपंथी इस्लाम से जुड़े मुद्दों के खिलाफ़ आवाज़ उठाने के हिंदुओं के किसी भी प्रयास को आसानी से “इस्लामोफोबिया” के रूप में वर्गीकृत किया जा सकता है, जिससे हिंदुओं की आवाज़ और भी दब जाती है।
आगे की राह
हालाँकि संयुक्त राष्ट्र ने अभी तक हिंदूफोबिया पर ध्यान नहीं दिया है, लेकिन दुनिया भर में हिंदू अधिकारों पर काम करने वाले समूहों ने इससे उत्पन्न खतरों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। अमेरिका और कनाडा में कुछ समूह प्रणालीगत हिंदूफोबिया को संबोधित करने के बारे में विशेष रूप से मुखर रहे हैं। ये पहल रंग लाती दिख रही हैं।
अप्रैल 2023 में, जॉर्जिया हिंदूफोबिया और हिंदू विरोधी कट्टरता की निंदा करने वाला प्रस्ताव पारित करने वाला पहला अमेरिकी राज्य बन गया। प्रस्ताव में इस बात पर ज़ोर दिया गया कि पिछले कुछ दशकों में हिंदू अमेरिकी घृणा अपराधों के शिकार हुए हैं और हिंदूफोबिया को शिक्षाविदों के एक वर्ग द्वारा संस्थागत और बढ़ा दिया गया है जो हिंदू धर्म के विघटन का समर्थन करता है और हिंदू धर्म की सांस्कृतिक प्रथाओं और पवित्र ग्रंथों पर उत्पीड़न और हिंसा को बनाए रखने का आरोप लगाता है।[26]
अप्रैल 2024 में, अमेरिकी कांग्रेसी श्री थानेदार ने प्रतिनिधि सभा में हिंदूफोबिया और हिंदू विरोधी घृणा अपराधों की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पेश किया। प्रस्ताव में हिंदू अमेरिकियों की उपलब्धियों की सराहना की गयी और हिंदू पूजा स्थलों पर हमलों, हिंदूफोबिया और हिंदू विरोधी कट्टरता और घृणा के अन्य रूपों की निंदा की गई। प्रस्ताव ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि हिंदू अमेरिकियों को अमेरिका में उनके अपार सकारात्मक योगदान के बावजूद उनकी विरासत और प्रतीकों को निशाना बनाकर रूढ़िबद्धता और गलत सूचनाओं की बौछार का सामना करना पड़ता है। यह स्कूलों और विश्वविद्यालय परिसरों में हिंदू अमेरिकियों को उनकी सांस्कृतिक और धार्मिक प्रथाओं के कारण धमकाये जाने के मुद्दे को भी उठाता है।
यह अपनी तरह का पहला प्रस्ताव है जो अमेरिका में हिंदू अमेरिकियों के खिलाफ बढ़ते घृणा अपराधों के मुद्दे पर ध्यान आकर्षित करता है, एक ऐसा मुद्दा जिसके बारे में अधिकांश मुख्यधारा का मीडिया चुप रहता है। प्रस्ताव में यूएस फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन की घृणा अपराध सांख्यिकी रिपोर्ट का हवाला दिया गया है, जो दर्शाता है कि हिंदुओं और उनके पूजा स्थलों को निशाना बनाकर हिंदू विरोधी घृणा अपराध अमेरिका में हर साल बढ़ रहे हैं। प्रस्ताव में हिंदूफोबिया की निंदा के संबंध में निम्नलिखित मांगें उठाई गई हैं:
- अमेरिका में हिंदुओं और हिंदू धर्म के योगदान को उचित मान्यता दी जाये।
- अमेरिका को एक ऐसा स्थान घोषित किया जाये जो हिंदू अमेरिकियों द्वारा लाई गई विविधता का स्वागत करता है।
- हिंदूफोबिया और हिंदू विरोधी घृणा, कट्टरता, असहिष्णुता आदि के सभी रूपों की निंदा की जाये।[27]
कनाडा में, हिंदूफोबिया को भेदभाव के रूप में मान्यता देने की याचिका नवंबर 2023 में देश के हाउस ऑफ कॉमन्स में पेश की गई थी। संसद सदस्य मेलिसा लैंट्समैन द्वारा पेश की गई याचिका ई-4507 पर 2 नवंबर को 25,000 से अधिक हस्ताक्षर हुए। कनाडा में विभिन्न हिंदू संगठनों द्वारा शुरू की गई और कनाडाई संगठन हिंदू हेरिटेज एजुकेशन (CoHHE) द्वारा समर्थित, याचिका में कनाडाई हिंदुओं के खिलाफ सूक्ष्म आक्रामकता और लक्षित अभद्र भाषा के उदाहरणों पर प्रकाश डाला गया है। इसने बढ़ते मंदिर हमलों के मुद्दे को भी उजागर किया।[28]
हिंदूफोबिया याचिका ई-4507 को पहली बार जुलाई में CoHHE के निदेशक विजय कुमार जैन द्वारा लॉन्च किया गया था। याचिका के अधिवक्ताओं का तर्क है कि खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद भारत और कनाडा के बीच बढ़ते राजनयिक संकट के मद्देनजर कनाडा में हिंदुओं के ख़िलाफ़ अभद्र भाषा के प्रयोग में और विभिन्न अन्य घृणा अपराधों की दरों में बढ़ोत्तरी देखने को मिली है।[29]
निज्जर की मौत के बाद कनाडा में हिंदुओं को तेज़ी से निशाना बनाया जा रहा है। हिंदुओं को धमकाने और गाली देने तथा उन्हें कनाडा छोड़ने के लिए कहने वाले वीडियो जारी करना आम बात हो गई है। ऐसे ही एक वीडियो में सिख फॉर जस्टिस के जनरल काउंसल गुरपतवंत सिंह पन्नून को हिंदुओं से कनाडा छोड़ने के लिए कहते हुए देखा जा सकता है।
अमेरिका और कनाडा में व्यापक स्तर पर व्याप्त हिंदूद्वेष द्वारा उत्पन्न खतरे की विधायी तंत्रों के माध्यम से पहचान अन्य पश्चिमी देशों को इसी तरह के प्रस्ताव पेश करने के लिए प्रेरित करेगी। इस तरह के उपाय अंततः संयुक्त राष्ट्र को हिंदूफोबिया के ख़तरे को स्वीकार करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं, जिस प्रकार से वह इस्लामोफोबिया, क्रिश्चियनोफोबिया और यहूदी विरोधी भावना को मान्यता देता है। यह सभी प्रकार के धार्मिक भेदभावों को निष्पक्ष और समान रूप से मान्यता प्रदान करने की दिशा में एक लंबे समय से प्रतीक्षित कदम होगा।
संदर्भ
[1] Udhayanidhi Stalin, MK Stalin: MK Stalin’s Son’s “Eradicate Sanatana Dharma” Remark Sparks Huge Row (ndtv.com); https://www.ndtv.com/india-news/udhayanidhi-stalin-mk-stalin-sanatan-dharma-like-dengue-malaria-mk-stalins-son-triggers-row-4354704
[2] IIT-Delhi professor’s remarks on Hinduism spark row | Delhi News – Times of India (indiatimes.com); https://timesofindia.indiatimes.com/city/delhi/iit-d-professors-remarks-on-hinduism-spark-row/articleshow/103563025.cms
[3] IIT Delhi professor Divya Dwivedi calls for wiping out Hinduism from India at G20 (opindia.com); https://www.opindia.com/2023/09/iit-delhi-professor-divya-dwivedi-speaks-of-eradicating-hinduism-from-india-at-g20/
[4] Hatred of Hindutva may lead to Hindumisia (newindianexpress.com); https://www.newindianexpress.com/opinions/columns/2021/Aug/25/hatred-of-hindutva-may-lead-to-hindumisia-2349292.html
[5] Hinduphobia – Hindu American Foundation ; https://www.hinduamerican.org/hinduphobia
[6] About Hindudvesha initiative – Hindu Dvesha; https://stophindudvesha.org/about-hindudvesha/
[7] Hindumisia in Indian Academia – Indiafacts; https://www.indiafacts.org.in/hindumisia-in-indian-academia/
[8] Breaking India: Western Interventions in Dravidian and Dalit Faultlines by Rajiv Malhotra & Aravindan Neelakandan,
[9] Ibid.
[10] Snakes in the Ganga: Breaking India 2.0 by Rajiv Malhotra and Vijaya Viswanathan
[11] Ibid.
[12] Ten Heads of Ravana: A Critique of Hinduphobic Scholars Edited by Rajiv Malhotra & Divya Reddy, p. viii
[13] NCRI-Anti-Hindu-Disinformation-v2.pdf (networkcontagion.us); https://networkcontagion.us/wp-content/uploads/NCRI-Anti-Hindu-Disinformation-v2.pdf
[14] 1971 Bengali Hindu Genocide – Hindu American Foundation; https://www.hinduamerican.org/1971-bangladesh-genocide
[15] ICHRRF officially recognises the Kashmiri Hindu Genocide, 1989-1991 | Current Affairs News National – Business Standard (business-standard.com); https://www.business-standard.com/article/current-affairs/ichrrf-officially-recognises-the-kashmiri-hindu-genocide-1989-1991-122032800405_1.html
[16] Three British MPs table motion for Kashmiri Pandits’ cause (ptinews.com); https://www.ptinews.com/story/international/three-british-mps-table-motion-for-kashmiri-pandits-cause/1223592
[17] Three British MPs table motion for Kashmiri Pandits’ cause – The Week; https://www.theweek.in/wire-updates/international/2024/01/18/fes30-uk-bill-kashmir-genocide.html
[18] Persecution of Hindus in Pakistan, Bangladesh and Afghanistan – INSIGHT UK; https://insightuk.org/persecution-of-hindus-in-pakistan-bangladesh-and-afghanistan#:~:text=The%20persecution%20continued%20through%20the,just%20about%208%25%20in%202022.
[19] Mike Conrad, The Greatest Murder Machine in History; https://www.americanthinker.com/articles/2014/05/the_greatest_murder_machine_in_history.html#ixzz5MlGTaPYS
[20] Share-of-Religious-Minorities-EAC-PM-Working-Paper.pdf (eacpm.gov.in); https://eacpm.gov.in/wp-content/uploads/2024/05/Share-of-Religious-Minorities-EAC-PM-Working-Paper.pdf
[21] Ibid.
[22] Acknowledge ‘Hinduphobia’, India urges UN | India News – Times of India (indiatimes.com); https://timesofindia.indiatimes.com/india/acknowledge-hinduphobia-india-urges-un/articleshow/89028174.cms
[23] UN: India calls for recognition of hatred against Hindus, Buddhists and Sikhs (opindia.com); https://www.opindia.com/2022/01/india-calls-for-recognition-of-hatred-and-bias-against-hindus-buddhists-and-sikhs-united-nations-ts-tirumurti/
[24] ‘Others also affected by religiophobia’: India abstains on vote in UNGA on Islamophobia | India News – Times of India (indiatimes.com); https://timesofindia.indiatimes.com/india/others-also-affected-by-religiophobia-india-abstains-vote-in-unga-on-islamophobia/articleshow/108540113.cms
[25] https://documents.un.org/doc/undoc/ltd/n24/065/18/pdf/n2406518.pdf?token=7TBm4K45i3yXOL6b72&fe=true
[26] Georgia first state to pass Hinduphobia resolution (newindianexpress.com); https://www.newindianexpress.com/thesundaystandard/2023/Apr/02/georgia-first-state-to-pass-hinduphobia-resolution-2561735.html
[27] Text of H.Res. 1131: Celebrating Hindu Americans, and condemning attacks on Hindu places of worship, Hinduphobia, and anti-Hindu … (Introduced version) – GovTrack.us; https://www.govtrack.us/congress/bills/118/hres1131/text#google_vignette
[28] Hinduphobia petition tabled and awaiting government response – New Canadian Media; https://www.newcanadianmedia.ca/hinduphobia-petition-tabled-and-awaiting-government-response/
[29] Canadian Hindu groups reinforce call for Hinduphobia bill amid escalating India-Canada standoff – New Canadian Media; https://www.newcanadianmedia.ca/canadian-hindu-groups-reinforce-call-for-hinduphobia-bill-amid-escalating-india-canada-standoff/
Donate to HINDUDVESHA
Our Mission is to explore and expose Hindudvesha through research analysis, education and response.
SUPPORT US