रिलीजियस विस्तारवाद का बौद्धिक ‘टाईम बम’ – निशाने पर भारत राष्ट्र व हिन्दू धर्म
- द्रविड़वाद एक औपनिवेशिक और चर्च-प्रेरित वैचारिक परियोजना है, जिसे भारत की सांस्कृतिक एकता तोड़ने और हिन्दू समाज को विभाजित करने के उद्देश्य से निर्मित किया गया।
- ब्रिटिश अधिकारियों और मिशनरियों ने भाषाविज्ञान और नस्लविज्ञान के माध्यम से ‘आर्य-द्रविड़’ विभाजन गढ़ा, और दक्षिण भारतीय भाषाओं को संस्कृत से कृत्रिम रूप से अलग करके एक अलग पहचान दी।
- चर्च-मिशनरियों ने द्रविड़ता को ईसाई धर्म से जोड़कर तमिल समाज को सनातन परंपरा से तोड़ने का अभियान चलाया, जिसमें रॉबर्ट कॉल्डवेल की भूमिका केंद्रीय रही।
- तमिलनाडु की राजनीति (DMK, AIADMK) इसी वैचारिक पृष्ठभूमि से संचालित होती रही है, जहां ब्राह्मण, संस्कृत और सनातन विरोध चर्च-संलग्न एजेंडे से गहराई से जुड़ा रहा है।
- यह बौद्धिक युद्ध आज भी जारी है, जो भारत की राष्ट्रीय चेतना, धार्मिक अस्मिता और सामाजिक समरसता के लिए एक गंभीर चुनौती है — जिससे निपटना अब राष्ट्रीय प्राथमिकता होनी चाहिए।
भारत राष्ट्र और भारतीय राष्ट्रीयता के विरुद्ध यूरोपीय-अमेरिकी धार्मिक विस्तारवादी शक्तियाँ पिछले पाँच सौ वर्षों से अनेक प्रकार के षड्यंत्र रचती रही हैं। इनका उद्देश्य भारत के समरस और बहुसांस्कृतिक धार्मिक समाज को विभाजित करना रहा है। ‘आर्य बनाम द्रविड’ जैसा कृत्रिम वैचारिक विभाजन स्थापित करना, ‘आर्य-आक्रमण’ का मनगढ़ंत सिद्धांत गढ़ना, तथा ‘द्रविड़ता’ को ईसाईयत के आवरण में ढालना — ऐसे कई षड्यंत्रों को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया है।
इन षड्यंत्रों को लागू करने हेतु समय-समय पर विविध बौद्धिक प्रपंच खड़े किए गए। पश्चिमी भाषाविज्ञान और नृविज्ञान (एंथ्रोपोलॉजी) ऐसे ही उपकरण बने, जिनका उपयोग न केवल विभिन्न सभ्यताओं की अस्मिता को तोड़ने के लिए किया गया, बल्कि उन्हें अंततः ईसाई धर्म के साँचे में ढालने की परियोजना में भी किया गया।
इन्हीं बौद्धिक यंत्रों से एक विभाजनकारी विचारधारा — द्रविड़वाद — को विकसित किया गया। यह विचारधारा पश्चिमी विद्वानों के ही शब्दों में एक “टाइम बम” की तरह है, जो समय-समय पर भारत की सामाजिक और राजनीतिक एकता में विस्फोट करता रहता है। इसने भारतीय राष्ट्रवाद की जड़ों को गहराई तक प्रभावित किया है। यह विचारधारा हिंसक हथियारों से भी ज़्यादा नुकसान पहुँचा रही है, क्योंकि यह सीधे समाज की सोच और राष्ट्रीय एकता को निशाना बनाती है।
औपनिवेशिक भारत में ‘द्रविड़’ परियोजना की नींव
यह विचारधारा अचानक उत्पन्न नहीं हुई, बल्कि औपनिवेशिक शासन के तहत सुनियोजित प्रयासों का परिणाम है। जब ईस्ट इंडिया कंपनी भारत में आई, तो उसके पीछे सिर्फ आर्थिक नहीं, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक विस्तार का भी एक स्पष्ट एजेंडा था।
इसका उदाहरण है फ्रांसिस वाइट एलिस[1] — मद्रास जिले का एक ब्रिटिश कलेक्टर — जिसने दक्षिण भारतीय भाषाओं को एक स्वतंत्र भाषा-परिवार घोषित करने का प्रस्ताव रखा। इसी आधार पर अलेक्जेंडर डी. कैंपबेल[2], जो मद्रास के फोर्ट सेंट जॉर्ज कॉलेज के सुपरिंटेंडेंट थे, ने तेलुगु भाषा का व्याकरण तैयार किया। इस व्याकरण में यह स्थापित करने का प्रयास किया गया कि यद्यपि तमाम भारतीय भाषायें संस्कृत से उपजी हैं, तथापि दक्षिण भारतीय भाषाओं- तमिल तेलगू कन्नड मलयालम का संस्कृत से कोई सम्बन्ध नहीं है । एलिस ने ही 1816 में अलेक्जेंडर डंकन कैंपबेल की व्याकरण पुस्तक के लिए ‘नोट टू इंट्रोडक्शन’ लिखा, जिसमें दक्षिण भारतीय भाषाओं के लिए एक पृथक भाषा-परिवार बनाने की वकालत की थी।
इसके बाद एंग्लिकन चर्च के मिशनरी पादरी रॉबर्ट कॉल्डवेल ने अपने धार्मिक एजेंडे को वैध ठहराने हेतु ‘द्रविडियन’[3] शब्द गढ़ा। यह शब्द उन्होंने कुमारिल भट्ट द्वारा रचित संस्कृत ग्रंथ तंत्रवर्तिका में प्रयुक्त ‘द्रविड’ शब्द से लिया, और उसे दक्षिण भारतीय भाषाओं पर लागू कर उन्हें संस्कृत से पूर्णतः पृथक और बाइबिल की हिब्रू भाषा के निकटस्थ बताने का प्रयास किया।
कॉल्डवेल की A Comparative Grammar of the Dravidian or South Indian Family of Languages (1856)[4] ने ‘द्रविड़’ को एक प्रमुख ‘भाषा समूह’ होने का दावा पेश किया। इसके माध्यम से उन्होंने ‘द्रविड़ पृथकतावाद’ को एक कथित धर्मशास्त्रीय आधार दे दिया, जिससे चर्च-मिशनरियों को तमिल समाज को सनातन अध्यात्म से अलग कर ईसाई धर्म में रूपांतरित करने का नैतिक तर्क मिल गया।
द्रविड़ आंदोलन: एक बौद्धिक ‘टाइम बम’
यह विचारणीय है कि ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी के अधिकारियों और चर्च के पादरियों को दक्षिण भारत की भाषाओं का व्याकरण लिखने और इन भाषाओं का संस्कृत से संबंध तोड़ने की ज़रूरत आखिर क्यों महसूस हुई? स्पष्ट है—उनका उद्देश्य था दक्षिण भारतीयों को आर्य-वैदिक-हिन्दू परंपरा से अलग कर एक पृथक सभ्यता के रूप में गढ़ना, और फिर उन्हें ‘क्रिश्चियनिटी’ के ढाँचे में समाहित करना।
एलिस और कैंपबेल द्वारा रचित पुस्तकों ने इस दिशा में पहला बौद्धिक दरवाज़ा खोला। इसने तर्क दिया कि तमिल और तेलगू का पूर्वज एक ही था, जो ‘गैर-संस्कृत’ था।[5] इसी दरवाज़े से मैक्समूलर जैसे भाड़े के अनुवादक ने प्रवेश किया, जिसने वेदों के मनमाने अनुवादों के माध्यम से हिन्दू धर्म की जड़ों को ही विकृत करने का प्रयास किया।
इसके साथ ही पश्चिमी नस्ल-विज्ञान की प्रविष्टि हुई, जिसने दक्षिण भारत में आर्य बनाम द्रविड़, उत्तर बनाम दक्षिण, गोरे बनाम काले, और ब्राह्मण बनाम गैर-ब्राह्मण के नाम पर सामाजिक-राजनीतिक विभाजन की ज़हरीली आधारशिला रख दी। इसी के परिणामस्वरूप ‘द्रविड़ आंदोलन’ खड़ा किया गया। 1950 के दशक में मदुरै के एक आर्कबिशप ने इसे ‘टाइम बम’ की संज्ञा दी—एक ऐसा उपकरण जिसे चर्च ने हिन्दू धर्म को नष्ट करने के उद्देश्य से तमिलनाडु में सक्रिय रखा है।[6]
और यह कथन आज भी प्रासंगिक प्रतीत होता है। अभी हाल ही में, तमिलनाडु सरकार के मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सार्वजनिक रूप से कहा कि “सनातन धर्म एक बीमारी है जिसे नष्ट करना होगा,” और यह भी कि “द्रविड़ आंदोलन की शुरुआत ही सनातन धर्म को खत्म करने के लिए हुई थी।” वास्तव में, तमिलनाडु में ब्राह्मण विरोध, सनातन विरोध और हिन्दी-विरोध की राजनीति लगभग एक सदी पुरानी है, जिसकी वैचारिक जड़ें चर्च समर्थित ‘आर्य-द्रविड़’ विभाजन पर आधारित हैं। इसकी शुरुआत ई. वी. रामासामी पेरियार ने की थी और अन्नादुरई ने इसे ‘द्रविड़ आंदोलन’ के रूप में राजनीतिक स्वरूप दिया।
उदयनिधि का चेन्नई में दिया गया बयान इस पूरी सोच का प्रतिबिंब है—”मच्छर, डेंगू, कोरोना, मलेरिया जैसी चीज़ों को केवल विरोध नहीं, खत्म करना चाहिए। उसी प्रकार, सनातन धर्म का विरोध नहीं, उन्मूलन ही हमारा कार्य है।”[7] उसने यह भी स्पष्ट कहा: “हम अपने रुख पर कायम हैं, किसी भी कानूनी चुनौती का सामना करेंगे और द्रविड़ भूमि से सनातन धर्म को हटाने के संकल्प से एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे।” [8]
द्रविड़ राजनीति: विभाजन का वैचारिक विस्फोटआज तमिलनाडु की प्रमुख राजनीतिक पार्टियाँ—डीएमके (द्रविड़ मुनेत्र कषगम) और एआईएडीएमके (अखिल भारतीय द्रविड़ मुनेत्र कषगम)—‘गैर-ब्राह्मणवाद’ की वैचारिक भूमि पर खड़ी हैं। यह अवधारणा चर्च की उस दीर्घकालिक योजना का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य भारत, सनातन धर्म और हिन्दू समाज—तीनों को एक साथ विघटित करना है।
आर्य-द्रविड़ विभाजन के इस विचार का राजनीतिक इस्तेमाल आज़ादी की लड़ाई के वक्त ही शुरू हो गया था, जब तमिलनाडु को भारत से अलग करके ‘द्रविड़स्तान’ नाम का एक अलग देश बनाने की कोशिश की गई थी। यह आंदोलन अब भी छद्म रूपों में जारी है। डीएमके और एआईएडीएमके दोनों ही चर्च-प्रभावित विचारधारा की उपज हैं। ये निरंतर ब्राह्मण विरोध, संस्कृत विरोध और हिन्दी-विरोध का अभियान चलाती हैं। उनका उद्देश्य भारत की एकता को खंडित करना और सनातन धर्म को सामाजिक और राजनीतिक जीवन से मिटाना है।
उदयनिधि की हालिया घोषणाओं से स्पष्ट है कि चर्च-प्रेरित धार्मिक विस्तारवाद आज भी सक्रिय है। जब कोई राज्य मंत्री खुलेआम सनातन धर्म के उन्मूलन की बात करता है, तो इससे यह संकेत मिलता है कि सरकारी तंत्र का उपयोग हिन्दू धर्म के विरुद्ध कितने संगठित ढंग से किया जा रहा है—और आगे भी किया जाता रहेगा।
वेटिकन-संचालित चर्च मिशनरियों को जब राज्यसत्ता का खुला सहयोग-संरक्षण प्राप्त होता है, तो उनके तमिलनाडु स्थित पदाधिकारी और पादरी अधिक सक्रिय, मुखर और साहसी हो जाते हैं। उनका यह कथन—“द्रविड़ आंदोलन एक टाइम बम है—हिन्दुत्व के विरुद्ध”—अब बिल्कुल यथार्थ प्रतीत होता है।
इस ‘टाइम बम’ का निर्माण मैकॉले, मैक्समूलर, कॉल्डवेल और विलियम जोन्स जैसी औपनिवेशिक चौकड़ी द्वारा किया गया, जिन्होंने भाषाविज्ञान और नस्लविज्ञान के माध्यम से आर्य-द्रविड़ विभाजन की अवधारणा को गढ़ा और फैलाया।
इस बम का रिमोट कंट्रोल आज भी वेटिकन के बौद्धिक रणनीतिकारों के हाथ में है। यही शक्तियाँ ‘द्रविड़ आंदोलन’ के माध्यम से दक्षिण भारत में वैदिक हिन्दू परंपरा को मिटाने और क्रिश्चियन विस्तारवाद को स्थापित करने के अभियान में लगी हैं।
पेरियार और अन्नादुरई हों, करुणानिधि और जयललिता हों, या आज के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और उनके पुत्र मंत्री उदयनिधि—ये सभी चर्च समर्थित उस व्यवस्था के हस्तक रहे हैं, जिसने तमिलनाडु में सनातन विरोध को एक स्थायी राजनीतिक संस्कृति बना दिया है।
द्रविड़वाद की आड़ में चल रहा ईसाईकरण
तमिलनाडु में हजारों चर्चों की स्थापना करने वाला बिशप एजरा सरगुनम, जो हाल ही में दिवंगत हुआ है, खुले तौर पर सनातन धर्म के देवताओं को ‘शैतान’ कहता था और जबरन ईसाईकरण की वकालत करता रहा है। उसने ‘स्वराज्य’ पत्रिका को दिए एक साक्षात्कार में गर्वपूर्वक यह स्वीकार किया कि उसने पूरे तमिल प्रदेश में पाँच लाख चर्च बनवाए और करोड़ों हिन्दुओं को ईसाई बनाया।
सरगुनम वही व्यक्ति है जिसने प्रयागराज कुम्भ जैसे पवित्र सनातन पर्व में जाकर खुलेआम क्रिश्चियन धर्म प्रचार की पुस्तिकाएं बाँटने का दुस्साहस किया था। स्वराज्य के अनुसार, उसकी प्रशिक्षण पृष्ठभूमि अमेरिका के पादरी बिली ग्राहम के अधीन थी—जो न Darwin के जैविक विकास-सिद्धांत को मानता था, न यहूदियों के प्रति सहिष्णु था।
सरगुनम कोई सामान्य मिशनरी नहीं, बल्कि तमिलनाडु की राजनीति का सक्रिय खिलाड़ी था। वह सरकारें बनाने-बिगाड़ने में चर्च के हितों के अनुरूप चालें चला करता था। आज भी चर्च मिशनों के पास कई पादरी और बिशपों की टीमें हैं, जो धर्म के नाम पर राजनीति को प्रभावित करती हैं। इनमें पादरी जगत गॉस्पल का नाम विशेष उल्लेखनीय है।
इन पादरियों का सीधा संबंध द्रविड मुनेत्र कषगम (DMK) से है। जब-जब यह पार्टी सत्ता में आती है, तब-तब सनातन धर्म पर शासनिक प्रहार के नए-नए उपाय खोजे जाते हैं—जैसे मंदिरों से कर वसूली, चर्चों को सरकारी अनुदान, और स्कूली पाठ्यक्रमों में एडम (बाइबिल के कथित पहले मानव) को तमिलभाषी बताने जैसे संशोधित इतिहास का प्रचार।
चर्च-संचालित संस्थानों को सरकार से अनुदान मिलते हैं, और उन्हीं संस्थानों से हिन्दुओं के धर्मांतरण के प्रयास भी किए जाते हैं। इन मिशनों के प्रकाशन संस्थान भाषा के बहाने तमिलों को ईसाई धर्म की ओर खींचते हैं और सनातन धर्म के खिलाफ झूठा और नफरत फैलाने वाला साहित्य फैलाते हैं। इन योजनाओं में शामिल जगत गॉस्पल जैसे पादरी इतने प्रभावशाली हैं कि न डीएमके, न एआईएडीएमके का कोई नेता उनकी अवज्ञा करने का साहस कर पाता है।
ऐसा ही एक अन्य पादरी है मोहन सी. बजारस, जो उदयनिधि स्टालिन का करीबी मित्र है। वह जन्म से हिन्दू था, लेकिन चर्च प्रभाव में आकर पादरी बन गया। अब वह तथाकथित चमत्कार दिखाकर भोले-भाले तमिलों का ईसाई धर्म में रूपांतरण कर रहा है। उसने जानबूझकर तिरुचेण्डुर—एक प्राचीन हिन्दू तीर्थ के पास—अपना कार्यालय खोला है, जहाँ स्टालिन जैसे नेताओं की बैठकें होती हैं।
मंदिरों की व्यापकता से परेशान चर्च के ये ‘हरावल’ तमिलनाडु को अक्सर ‘शैतान का गढ़’ कहते हैं और ‘सनातन को मिटा डालने’ का घोष करते रहते हैं, और स्टालिन जैसे नेता इनके सुर में सुर मिलाते हैं।
दक्षिण भारत: सनातन संस्कृति का आधार
सच तो यह है कि तमिल, तेलुगु और कन्नड़ प्रदेश सनातन धर्म की धरित्री भूमि हैं। भारत में जहाँ आज हिन्दू संस्कृति फली-फूली है, उसकी जड़ें दक्षिण भारत की धरती में ही हैं। यदि जड़ें सूख जाएँ या उखाड़ दी जाएँ, तो फूलों का झड़ना और वृक्षों का गिरना निश्चित है। यही कारण है कि क्रिश्चियन विस्तारवादी शक्तियाँ ‘दक्षिण’ को लक्ष्य बनाकर कार्यरत हैं, क्योंकि वे जानती हैं कि यदि मूल नष्ट हो जाए, तो संपूर्ण भारत की सनातन संरचना हिल जाएगी।
दक्षिण को इन शक्तियों से बचाना केवल एक सांस्कृतिक आवश्यकता नहीं, बल्कि धार्मिक और राष्ट्रीय कर्तव्य भी है—सनातन की अखंडता और भारत की एकता के लिए।
तमिलनाडु आज भी भारत की उन विरल सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं का संरक्षक है जो उत्तर भारत में इस्लामी आक्रमणों के दौरान नष्ट हो चुकी थीं। मठ-मंदिरों और सनातन ग्रंथों की जो परंपराएं उत्तर में मिटा दी गईं, वे आज भी तमिलनाडु में सुरक्षित हैं। वराह और नृसिंह जैसे भगवान विष्णु के अवतारों की पूजा-परंपरा शेष भारत से लगभग विलुप्त हो चुकी है, लेकिन दक्षिण भारत में आज भी जीवंत है। काशी के विश्वनाथ मंदिर में हालिया कुंभाभिषेकम आयोजन के समय वहाँ के आचार्यों को इसकी विधि का ज्ञान नहीं था, तब तमिलनाडु से एक आचार्य बुलाकर इस प्राचीन विधि को पुनर्जीवित कराया गया। इसी तरह, चिदंबरम नटराज मंदिर समेत पंचमहाभूत स्थलों में से चार अभी भी तमिलनाडु में स्थित हैं, जिनका सनातन परंपरा में अत्यंत उच्च स्थान है। तमिलनाडु की इस आध्यात्मिक प्राचीनता का प्रभाव उसके पड़ोसी प्रदेशों—कर्नाटक, आंध्र-तेलंगाना और केरल—पर भी गहराई से पड़ा है।
द्रविड़वाद का अंत, अब राष्ट्र की प्राथमिकता
प्रत्यक्ष हिंसा को सेना के बल पर रोका जा सकता है—जैसा कि कश्मीर में हुआ भी है। लेकिन उससे कहीं ज्यादा गंभीर खतरा उस वैचारिक हमले का है, जो शरीर को नहीं, बल्कि व्यक्ति के मन, सोच, आस्था और विश्वास को निशाना बनाता है। यह वैचारिक हमला समाज में धीरे-धीरे विभाजन पैदा करता है—धर्म के नाम पर लोगों के बीच दूरी बढ़ाता है और एकजुट धार्मिक संस्कृति को कमजोर करता है। इसे पुलिस या सेना की मदद से नहीं रोका जा सकता, क्योंकि यह संघर्ष मानसिकता और सोच के स्तर पर लड़ा जाता है। यह प्रक्रिया भारत की राष्ट्रीयता की जड़ों को कमजोर करती है और उसे भीतर से खोखला करने का काम करती है। इससे निपटना सिर्फ सुरक्षा का सवाल नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र की चेतना और आत्मा की रक्षा करने की ज़िम्मेदारी है।
इसका सामना करने के लिए भारत सरकार को वैसी ही संगठित रणनीति बनानी होगी जैसी रणनीति कभी ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी और फिर अंग्रेजी शासन ने भारत की एकता को तोड़ने के लिए बनाई थी। जिस तरह उन्होंने भाषाविज्ञान, नस्लविज्ञान, साहित्य और इतिहास के माध्यम से आर्य-द्रविड़ का कृत्रिम भेद खड़ा किया—उसी तरह अब उस सम्पूर्ण वैचारिक जाल को खंडित और खारिज करना होगा। यह कार्य भले ही सरकार का प्रत्यक्ष कर्तव्य न लगे, लेकिन ऐतिहासिक न्याय और राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा के लिए यह अब उसकी अनिवार्य जिम्मेदारी है। क्योंकि वही विदेशी शासन—ब्रिटिश कंपनी और उसके पादरी-विद्वान—इस बौद्धिक बम के जनक थे, जिन्होंने सुनियोजित रूप से ‘द्रविड़वाद’ को गढ़ा, पोषित किया और भारत की एकता को छिन्न-भिन्न करने की भूमिका में लगाया।
संदर्भ सूची
[1] Francis Whyte Ellis; https://en.wikipedia.org/wiki/Francis_Whyte_Ellis
[2] A.D.Campbell, Grammar of the Teloogoo Language, 1849; https://dn790006.ca.archive.org/0/items/grammarofteloogo00camprich/grammarofteloogo00camprich.pdf
[3] Dravidian languages; https://en.wikipedia.org/wiki/Dravidian_languages
[4] Robert Caldwell; https://en.wikipedia.org/wiki/Robert_Caldwell
[5] Rajiv Malhotra, Breaking India – Western Interventions in Dravidian and Dalit Faultlines, https://archive.org/details/RajivMalhotraAndAravindanNeelakandanBreaking
[6] Is Tamil Nadu Becoming A Hotbed For Evangelists? (Swarajya, 2019); https://swarajyamag.com/videos/is-tamil-nadu-becoming-a-hotbed-for-evangelists
[7] सनातन धर्म पर उदयनिधि की टिप्पणी; https://www.thehindu.com/news/national/tamil-nadu/udhayanidhis-remarks-on-sanatana-dharma-triggers-political-row/article67267184.ece
[8] स्टालिन के सनातन वाले बयान के बारे में धर्म और इतिहास के जानकारों की क्या राय है? (BBC News Hindi, 2023); https://www.bbc.com/hindi/articles/c0j350wyvjno
Donate to HINDUDVESHA
Our Mission is to explore and expose Hindudvesha through research analysis, education and response.
SUPPORT US