मूक स्वीकृति और हताशा: हिंदू समाज की मानसिक बेड़ियाँ
लेखक की टिप्पणी: इस सम्पादकीय में व्यक्त विचार StopHindudvesha.org की सामूहिक सम्पादकीय सोच को दर्शाते हैं। हमारा उद्देश्य है — पूर्वाग्रह को उजागर करना, तथ्यों के ज़रिए शिक्षित करना, और हिंदुओं को यह शक्ति देना कि वे अपने कथा-वृत्त को स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ स्वयं फिर से स्थापित कर सकें।
- एक पाठक ने Stop Hindudvesha को “विभाजनकारी” और ‘अधार्मिक’ कहा, जबकि दूसरे ने आरोप लगाया कि यह पर्याप्त काम नहीं कर रहा — दोनों आज के हिंदू समाज की उलझन और द्वंद्व को दर्शाते हैं।
- बहुत से हिंदू आज भी निष्क्रिय बने हुए हैं — न खुद को शिक्षित करना चाहते हैं, न योगदान देना, न जिम्मेदारी लेना; कर्म की जगह बहानों और सुविधा को चुनते हैं।
- पहले पाठक का विरोध उस मानसिक जड़ता का प्रतीक है जिसमें सत्य असहज लगता है और मौन को धर्म बना लिया गया है।
- दूसरे पाठक का मंदिर नियंत्रण और कमजोर नेतृत्व को लेकर ग़ुस्सा जायज़ है, पर उसका निशाना गलत है — VHPA की भूमिका अमेरिका में जागरूकता फैलाने की है, भारत की राजनीति करने की नहीं।
- Stop Hindudvesha स्पष्ट कहता है: जागरूकता ही कार्य है। चुप्पी की कीमत हिंदू समाज बहुत चुका चुका है — अब सत्य को बिना माफ़ी माँगे बोलना होगा।
इस सप्ताह हमें Stop Hindudvesha के दो पाठकों से ईमेल मिले — और दोनों का सन्देश एक-दूसरे से बिलकुल अलग थे।
पहले पाठक का कहना था कि Stop Hindudvesha “समाज में फूट डाल रहा है” और इसका काम “अधर्मिक” है। उनके शब्द विनम्र थे, पर लहजे में वही पुराना डर झलक रहा था जो कई हिंदुओं के भीतर अब भी बैठा है कि अपने धर्म की बात करना या अपने लिए आवाज़ उठाना गलत है।
दूसरे पाठक का सन्देश बिल्कुल अलग था। उनके शब्द पढ़ने लायक हैं: “आप बताइए कि आप भारत या दुनिया में हिंदू धर्म के लिए क्या कर रहे हैं। भारत में हमारे मंदिरों को लूटने की खुली छूट हिंदू रिलीजन एंड चैरिटेबल एंडॉवमेंट एक्ट के तहत दी गई है, जो नेहरू ने बनाया था। मोदी ने दस साल के शासन में भी इस हिंदू-विरोधी कानून को नहीं हटाया। कोई संगठन उनसे इसकी मांग नहीं कर रहा। इसी बीच मोदी सरकार वक्फ़ बोर्ड को हज़ारों करोड़ रुपये दे रही है ताकि मुस्लिम परिवार ज़्यादा बच्चे पैदा करें। मोदी सरकार नफ़रत फैलाने वाले मदरसों को फंड कर रही है, जबकि हिंदू स्कूल फंड की कमी से बंद हो रहे हैं। बताइए, VHPA इस पर क्या कर रही है?”
पहले पाठक को लगता है कि हम ही समस्या की जड़ हैं। दूसरे को लगता है कि हम पर्याप्त काम नहीं कर रहे हैं। दोनों, अपने-अपने ढंग से, आज के हिंदू मन की उलझन को दिखाते हैं — आधे डरे हुए, आधे नाराज़; इनकार और निराशा के बीच झूलते हुए।
ज़्यादातर हिंदू यह समझने की कोशिश ही नहीं करते कि उनके आस-पास क्या हो रहा है। वे अपनी बेचैनी को “मैं व्यस्त हूँ” जैसे बहानों में दबा देते हैं। संगठनों पर आरोप लगाते हैं कि वे कुछ नहीं कर रहे, लेकिन खुद एक घंटा समय या अपनी कमाई का छोटा-सा हिस्सा भी देने को तैयार नहीं होते। वे नेतृत्व चाहते हैं, लेकिन अनुसरण नहीं करते; बदलाव की बात करते हैं, पर जिम्मेदारी से कतराते हैं। शिकायत करना आसान है, योगदान देना मुश्किल। और जब उनसे पूछा जाये “क्या आप हमारे साथ खड़े होंगे,” तो वे ये कह कर कि यह उनका काम नहीं, चुपचाप पीछे हट जाते हैं। इस सोच में छिपी वही उदासीनता है जिससे सभ्यताएँ धीरे-धीरे मिटती हैं।
पहले पाठक के नाम: आँखें बंद करने से सच नहीं मिटता
सच कहें तो जब कोई कहता है, “आप समाज में फूट डाल रहे हैं,” तो असल में वह यह कहना चाहता है, “कृपया मुझे चैन से जीने दीजिये, मेरा भ्रम तोड़ने का प्रयत्न मत कीजिये।”
तो प्रिय पाठक, क्या आपको हमारे तथ्य गलत लगते हैं, या फिर हमारी बातों में तर्क की कमी दिखती है? अगर तथ्य समस्या नहीं हैं, तो आपकी समस्या शायद मानसिक डर है।
सदियों से हिंदू समाज को टकराव से बचने की आदत पड़ गई है — कुछ गलत होने पर भी चुप रहने की, आत्म-सम्मान से ज़्यादा “शांति” को चुनने की। ठीक जैसे ही जैसे कबूतर बिल्ली को देखकर अपनी आँखें बंद कर लेता है, यह सोचकर कि जो दिखेगा नहीं वो उसका कुछ बिगड़ नहीं सकेगा। इस आदत के कारण ने हमने बहुत कुछ खो दिया — हमारे मंदिर, हमारी ज़मीनें, हमारी गरिमा, यहाँ तक कि हमारा इतिहास भी।
सच बोलने को “विभाजनकारी” कहना असल में नैतिक पलायन है। असली एकता अज्ञान या डर पर नहीं टिक सकती। अन्याय को उजागर करना उत्पाद करना नहीं, बल्कि उस धुंध को हटाना है जिसमें अन्याय पनपता है।
अगर हिंदूफ़ोबिया या ऐतिहासिक अन्यायों की बात सुनकर आपको असुविधा होती है, तो समस्या शायद हमारे शब्दों में नहीं, बल्कि उस आईने में है जो हम आपके सामने रखते हैं। और याद रखिए — आँखें बंद कर लेने से बिल्ली गायब नहीं हो जाती।
दूसरे पाठक के नाम: आलोचक नहीं, सहभागी बनिए
अब आते हैं हमारे दूसरे पाठक पर — जिनका ग़ुस्सा उनके हर शब्द से झलक रहा था। उनके ईमेल की हर पंक्ति एक ऐसे हिंदू की पीड़ा बताती है जो खुद को नेतृत्वहीन और उपेक्षित महसूस करता है। उनके शब्द ध्यान से पढ़ने लायक हैं:
“मैं आपको इसलिए लिख रहा हूँ क्योंकि आप विश्व हिंदू परिषद का प्रतिनिधित्व करते हैं। आप विश्वभर के हिंदुओं की आवाज़ हैं। आप नेता हैं। आप कहते हैं कि ‘अगर हिंदू समाज एकजुट होकर संगठित हो जाए…’ तो बताइए, यह संगठन कौन करेगा? क्या यह आपका काम नहीं है? जब VHP बनी थी, हमें बहुत उम्मीद थी कि अब हिंदुओं को नेतृत्व मिलेगा और VHP हिंदू मुद्दों को उठाएगी। लेकिन हमारी उम्मीदें टूट गईं। VHP भी एक निष्क्रिय संगठन बन गई, जिसके नेता ऊपर बैठे सिर्फ दूसरों को दोष देते हैं। साहब, मेहनत तो आपको करनी चाहिए। हिंदू सुरक्षा के सवाल उठाना आपका काम है। अगर आप नहीं कर सकते, तो किसी और को करने दीजिए। मोदी के राज में आज भी राज्य सरकारें मंदिरों से लूट कर रही हैं, जबकि मोदी वक्फ़ बोर्ड को हज़ारों करोड़ दे रहे हैं। क्या वीएचपी नेता के रूप में आपको यह अन्याय दिखता नहीं?”
आपका ग़ुस्सा सच्चा है — और कई मायनों में जायज़ भी। हिंदू मंदिरों पर HRCE कानून के ज़रिए सरकारी नियंत्रण वाकई एक अन्याय है। असमान कानून, धार्मिक संस्थाओं को सरकारी फंडिंग, और इन सबके खिलाफ धीमी कार्रवाई — इन सबने हिंदुओं में गहरा असंतोष पैदा किया है। आपका दर्द हम भी महसूस करते हैं।
लेकिन आपके पत्र में एक बुनियादी भ्रम है, जिसे साफ़ करना ज़रूरी है। विश्व हिंदू परिषद् अमेरिका (VHPA) और भारत की विश्व हिंदू परिषद् (VHP Bharat) दो अलग संस्थाएँ हैं। हमारे आदर्श लगभग एक जैसे हैं, पर हमारी कर्म भूमियां अलग है। VHPA का कार्यक्षेत्र अमेरिका है, भारत नहीं। हमारा काम यहाँ के हिंदुओं की सेवा, शिक्षा और संगठन है — यह बताना कि हमारे साथ क्या हो रहा है, क्यों हो रहा है, और कौन कर रहा है। हम भारत में न तो कानून बना सकते हैं, न बदल सकते हैं। वह ज़िम्मेदारी भारत के नागरिकों और विधायकों की है।
हम जो कर सकते हैं, और कर रहे हैं, वह यह है कि हिंदुओं को इन समस्याओं की गहराई समझाएँ, ताकि वे अपने नेताओं से जवाबदेही माँग सकें।
आपने पूछा कि हम कोई बड़ा आंदोलन क्यों नहीं चला रहे। जवाब सीधा है — क्योंकि हमारा धर्म यहाँ शिक्षा है, न कि सड़क पर राजनीति करना। हम जागरूकता फैला रहे हैं, सोच और दृष्टि गढ़ रहे हैं, और मन तैयार कर रहे हैं — ताकि जब समाज आगे बढ़े, तो ज्ञान और निश्चय के साथ बढ़े। बिना समझ के आंदोलन केवल शोर बन जाते हैं। कानून तब बदलते हैं जब सोच बदलती है, और सोच तब बदलती है जब लोग जागरूक होते हैं।
परन्तु, सवाल यह है — आप स्वयं क्या कर रहे हैं? क्या आप लिख रहे हैं, स्वयंसेवा कर रहे हैं, दान दे रहे हैं, या ऐसे संस्थान बनाने में मदद कर रहे हैं जो इन अन्यायों के खिलाफ खड़े हो सकें? या फिर बहुतों की तरह निराश होकर बैठ गए हैं, यह सोचते हुए कि बाकी लोग वह सब करेंगे जिसे आप छूना भी नहीं चाहते?
शायद आपका ग़ुस्सा VHPA से ज़्यादा उस समाज पर है जो अब तक जागने से इनकार करता आया है — जो न तो सच्चाई जानना चाहता है, न किसी प्रदर्शन में भाग लेना, न सरकारों से जवाब माँगना। आपका ग़ुस्सा जायज़ है, लेकिन आपका इसे उन पर निकालना जो कुछ करने की कोशिश कर रहे हैं, किसी समस्या का समाधान नहीं है।
हमारा आपसे विनम्र आग्रह है कि केवल आलोचना मत कीजिए, योगदान दीजिये। यह मत पूछिए कि नेतृत्व कौन करेगा — खुद आगे बढ़िए और साथ मिलकर कीजिए। VHPA एक मंच है और Stop Hindudvesha उसके मिशन का हिस्सा है — यहाँ केवल सच बोला जाता है, बहाने नहीं बनाए जाते।
जिस जागरण की हम सब प्रतीक्षा कर रहे हैं, वह किसी एक संगठन या एक नेता से नहीं आएगा। वह तब आएगा जब हर हिंदू यह तय करेगा कि अब चुप रहना और नकारात्मक रहना कोई विकल्प नहीं है।
इनकार बनाम अधीरता: हिंदू चेतना की दो तस्वीरें
ये दोनों पाठक भले ही एक-दूसरे से बिल्कुल अलग लगें, लेकिन दोनों की सोच उसी थकी हुई सभ्यता से निकली हुई लगती है, जिसमें आत्मविश्वास, दिशा और नैतिक शक्ति का अपार अभाव है। एक हकीकत से भागता है, दूसरा उस पर चिल्लाता है। एक बीमारी को मानने से इंकार करता है, दूसरा उसके लिए चमत्कारी इलाज चाहता है। दोनों भूल रहे हैं कि हज़ार साल से टूटी हुई सभ्यता को एक दशक में नहीं सँवारा जा सकता। सदियों तक चले आक्रमण, जबरन धर्मांतरण, औपनिवेशिक विकृति और अकादमिक झूठों ने हिंदू आत्मविश्वास को गहराई से कमजोर किया है। इसे वापस पाना धैर्य, अनुशासन और समझदारी का काम है।
यही काम Stop Hindudvesha कर रहा है — नारेबाज़ी का नहीं, बल्कि हिन्दू कथानक को फिर से लिखने का। हम उस मोर्चे पर लड़ रहे हैं जहाँ हर बड़ी लड़ाई सही मायनों में जीती या हारी जाती है — यानि की मानसिक लड़ाई। किसी मंदिर को दोबारा बनाने से पहले, यह विश्वास दोबारा जगाना ज़रूरी है कि वह मंदिर कभी आपका था। किसी अन्याय को अदालत में चुनौती देने से पहले, उसे जनता के सामने उजागर करना ज़रूरी है, खासकर तब जब समाज भूल चुका हो कि ऐसा कोई अन्याय हुआ है।
जो लोग हमारे काम को “विभाजनकारी” कहते हैं, वे सच से डरते हैं। जो इसे “अपर्याप्त” कहते हैं, वे इसकी ताकत नहीं समझते। लेकिन दोनों की प्रतिक्रिया एक ही चीज़ पर है — हिंदू चेतना के जागरण पर। यह जागरण धीरे-धीरे हो रहा है, और हाँ, इससे बहुतों को असहजता महसूस होती है। पर यही तो संकेत है कि कुछ बदल रहा है — विकास हमेशा थोड़ा असुविधाजनक होता है।
हमारा लक्ष्य: केवल सच को उजागर करना
हमारा उद्देश्य सीधा है — अकादमिक जगत, मीडिया और सार्वजनिक जीवन में मौजूद हिंदू-विरोधी झुकाव और पूर्वाग्रह को उजागर करना। हम दुश्मन गढ़ते नहीं, उनका पर्दाफाश करते हैं।
हम नफ़रत नहीं फैलाते, उसे तोड़ते हैं।
हमारे हर लेख, रिपोर्ट और विश्लेषण से उस झूठ की दीवार में एक दरार पड़ती है जो सदियों से हिंदू सभ्यता के चारों ओर खड़ी की गई है। दशकों तक दूसरों ने हमें परिभाषित किया — “जातिवादी”, “दमनकारी”, “बहुसंख्यकवादी” कहकर। अब हम वह अधिकार उनसे वापस ले रहे हैं। कथानक की स्वतंत्रता — यानी अपनी कहानी खुद कहने का अधिकार — हर सशक्त सभ्यता की बुनियाद है।
कुछ लोग पूछते हैं, “शिक्षा से क्या बदलेगा?” हमारा जवाब है: शिक्षा ही असली क्रांति है।
हिंदू इतिहास में हर जागरण — चाहे वह आदि शंकराचार्य का हो या स्वामी विवेकानंद का — कलम से शुरू हुआ, तलवार से नहीं। जागरूकता से स्पष्टता आती है, और स्पष्टता से साहस। यही साहस सब कुछ बदल देता है।
Donate to HINDUDVESHA
Our Mission is to explore and expose Hindudvesha through research analysis, education and response.
SUPPORT US